बेंगलुरु: पुलिस ने कांग्रेस नेता YS शर्मिला और उनकी मां को 'पारिवारिक बंगले' जाने से रोका, यहीं रहते हैं जगन मोहन रेड्डी
बेंगलुरु में पुलिस ने वाईएस शर्मिला और उनकी मां वाईएस विजयलक्ष्मी को पारिवारिक बंगले की ओर जाने से रोका। पुलिस ने कानून-व्यवस्था और अदालत के आदेश का हवाला दिया।

पुलिस ने कांग्रेस नेता YS शर्मिला और उनकी मां को 'पारिवारिक बंगले' जाने से रोका(फोटो: सोशल मीडिया)
HighLights
पुलिस ने वाईएस शर्मिला और मां को बेंगलुरु में रोका।
पारिवारिक बंगले की ओर जाने पर पुलिस ने बाधा डाली।
कानून-व्यवस्था और अदालत के आदेश का हवाला दिया गया।
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। रविवार शाम बेंगलुरु के बगलुरु मेन रोड पर उस समय भारी गहमागहमी और ड्रामा देखने को मिला, जब आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष वाईएस शर्मिला अपनी मां वाईएस विजयलक्ष्मी के साथ बेंगलुरु स्थित अपने पारिवारिक बंगले की ओर जा रही थीं।
पुलिस ने कानून-व्यवस्था और अदालत के आदेश का हवाला देते हुए उनके वाहन को बीच रास्ते में ही रोक लिया।
जगन मोहन रेड्डी के आवास की ओर बढ़ रहा था काफिला
वाईएस शर्मिला वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष वाईएस जगन मोहन रेड्डी की बहन हैं। वर्तमान में जगन मोहन रेड्डी इसी पारिवारिक बंगले में रहते हैं।
रविवार शाम को शर्मिला और उनकी मां केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से निकलकर इस बंगले की तरफ जा रही थीं, तभी बेंगलुरु मेन रोड पर तैनात पुलिस टीम ने उनकी गाड़ी को रोक लिया।
इस कार्रवाई को लेकर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमें पुख्ता सूचना मिली थी कि शर्मिला बंगले की ओर जा रही हैं।
अदालत के एक आदेश के तहत उनके इस बंगले में प्रवेश करने पर रोक है। उनकी सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर अधिकारियों की एक टीम ने शाम करीब 6:30 बजे उन्हें रोक लिया।
होटल जाने का दावा
पुलिस द्वारा अनुमति न दिए जाने और गाड़ी रोके जाने के दौरान मौके पर काफी देर तक ड्रामा चलता रहा। शर्मिला ने दावा किया कि उनका इरादा बंगले के अंदर जाने का नहीं है, बल्कि वह केवल उसके पास से गुजरते हुए थानिसांद्रा मेन रोड स्थित एक फाइव-स्टार होटल जा रही हैं।
हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाया कि वह जिस रास्ते का इस्तेमाल कर रही हैं, वह होटल जाने का मुख्य मार्ग नहीं है। काफी समझाइश के बाद पुलिस ने बंगले वाले रास्ते से बचाते हुए उन्हें दूसरे मार्ग से आगे भेजा।