'इच्छा पूरी नहीं कर सकीं', YS जगन रेड्डी के मना करने पर बहन शर्मिला ने बदला बेटी की शादी का वेन्यू
वाईएस शर्मिला ने अपनी बेटी की शादी का स्थान बदल दिया है, क्योंकि उनके भाई वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने ...और पढ़ें

HighLights
वाईएस शर्मिला ने बेटी की शादी का वेन्यू बदला।
भाई जगन मोहन रेड्डी ने संपत्ति देने से इनकार किया।
शर्मिला ने कहा, बेटी की इच्छा पूरी नहीं कर सकीं।
डिजिटल डेस्क, अमरावती। आंध्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वाईएस शर्मिला ने अपनी बेटी की शादी का वेन्यू बदल दिया है। यह फैसला उन्होंने तब लिया जब उनके भाई और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने अपनी बेंगलुरु वाली संपत्ति येलहंका पैलेस को शादी के लिए देने से साफ इनकार कर दिया था।
बता दें कि वाईएस शर्मिला अपनी बेटी अंजलि रेड्डी की शादी उसी घर में करना चाहती थीं, जहां वह पली-बढ़ीं और जहां उनके पिता दिवंगत वाईएस राजशेखर रेड्डी रहे थे।
शर्मिलना का दावा- घर मेरे और मेरे बच्चों के हिस्से में
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए वाईएस शर्मिला ने बेंगलुरु की येलहंका संपत्ति पर अपना पूरा हक जताया है। शर्मिला ने कहा कि भाई वाईएस जगन मोहन रेड्डी के मुख्यमंत्री बनने के बाद पारिवारिक संपत्ति का बंटवारा हुआ था, जिसमें यह संयुक्त संपत्ति पूरी तरह (100 प्रतिशत) उनके और उनके बच्चों के हिस्से में आई थी।
आंध्र कांग्रेस अध्यक्ष शर्मिला ने साफ शब्दों में कहा कि जो मेरा है, वह मेरा है, लेकिन दूसरे की संपत्ति हड़पने का लालच मेरे स्वभाव में नहीं है। यह सच है और भगवान इसके गवाह हैं।
जगन मोहन रेड्डी का इनकार
दूसरी ओर, जगन मोहन रेड्डी ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपनी इस संपत्ति को शादी के लिए देने से मना कर दिया था। उनका कहना था कि शादी में बड़ी संख्या में मेहमान, कैटरर्स, डेकोरेटर्स और अन्य लोग आएंगे, जिससे उनके घर की सुरक्षा और निजता प्रभावित हो सकती है। जगन ने पत्र में लिखा था कि अंत में यह उनका घर है और वे अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करना चाहते हैं।
शर्मिला ने क्या कहा?
भाई के इनकार के बाद वाईएस शर्मिला ने बेहद भावुक बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह बहुत दुख की बात है कि हम अपनी बेटी की उस घर में शादी करने की इच्छा पूरी नहीं कर सके, जहां वह बड़ी हुई।
अपने बयान में शर्मिला ने आगे कहा कि एक बेटी की शादी अपने ही घर में होना माता-पिता के लिए सौभाग्य माना जाता है। हालांकि, विवादों से बचने और शादी शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो, इस जिम्मेदारी को समझते हुए उन्होंने वेन्यू बदलने का फैसला किया है।
अब कहां होगी शादी?
गौरतलब है कि अपने बयान में शर्मिला ने स्पष्ट किया कि उनकी बेटी वाईएस अंजलि रेड्डी और सोमला रघुराम की शादी अब किसी अन्य तयशुदा वेन्यू पर, रिश्तेदारों, दोस्तों और शुभचिंतकों की मौजूदगी में बिना किसी विवाद के पूरी की जाएगी। उन्होंने तेलुगु लोगों से इस नए जोड़े को अपना आशीर्वाद देने की अपील की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।