शादी के वेन्यू को लेकर जगन मोहन रेड्डी और शर्मिला के बीच ठनी रार, चंद्रबाबू नायडू ने YSRCP प्रमुख को बताया 'कंस मामा'
बेंगलुरु में बेटी की शादी के वेन्यू को लेकर YSRCP प्रमुख जगन मोहन रेड्डी और उनकी बहन YS शर्मिला के बीच पारिवारिक विवाद गहरा गया है।

शादी के वेन्यू पर जगन मोहन रेड्डी और बहन शर्मिला में विवाद

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। बेंगलुरु का एक आलीशान घर और उस पर छिड़ा पारिवारिक विवाद अब आंध्र प्रदेश की मुख्य राजनीति का केंद्र बन गया है। यह पूरा मामला YSR कांग्रेस (YSRCP) के अध्यक्ष YS जगन मोहन रेड्डी और उनकी बहन व आंध्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष YS शर्मिला के बीच का है।
बेटी की शादी के लिए वेन्यू को लेकर शुरू हुआ यह पारिवारिक विवाद अब सार्वजनिक बयानों और तीखी राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का रूप ले चुका है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी इस मुद्दे पर जगन मोहन रेड्डी पर बड़ा हमला बोला है।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को YSRCP प्रमुख पर निशाना साधते हुए उन्हें कंस मामा जैसा बताया और कहा कि वे एक बड़े भाई के रूप में पूरी तरह विफल रहे हैं।
क्या है पूरा विवाद?
YS शर्मिला अपनी बेटी अंजलि की शादी बेंगलुरु में स्थित परिवार के एक खास घर, जिसे येलाहंका पैलेस कहा जाता है, में करना चाहती थीं। इस शादी के लिए कार्ड भी छप चुके और 25 नवंबर की तारीख भी तय हो चुकी थी। तैयारियां लगभग पूरी थीं, लेकिन YS जगन मोहन रेड्डी ने सुरक्षा और निजता का हवाला देते हुए अपने इस घर में शादी करने की अनुमति देने से साफ इनकार कर दिया।
उन्होंने शर्मिला को इसके लिए कोई दूसरी जगह ढूंढने की सलाह दी है।
चंद्रबाबू नायडू ने बोला हमला
इस पारिवारिक मामले में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी YSRCP प्रमुख पर जमकर निशाना साधा। नायडू ने जगन की तुलना पौराणिक पात्र कंस मामा से की और कहा कि वे एक बड़े भाई के रूप में पूरी तरह विफल रहे हैं।
नायडू ने दावा किया कि दिवंगत मुख्यमंत्री YS राजशेखर रेड्डी (जगन और शर्मिला के पिता) ने येलाहंका वाली संपत्ति को दो हिस्सों में बांट दिया था, एक हिस्सा बेटी के लिए और दूसरा बेटे के लिए। नायडू ने सवाल उठाया कि जब शादी के कार्ड तक छप चुके थे, तब अचानक जगन ने अनुमति क्यों वापस ली?
नायडू ने तर्क दिया कि YS राजशेखर रेड्डी को अपने समय में इससे कहीं ज्यादा सुरक्षा खतरों का सामना करना पड़ता था, फिर भी उन्होंने इसी घर में कई शादियां आयोजित की थीं, जिसमें उनकी खुद की और सुनीता की शादी भी शामिल थी। नायडू ने कहा, यह घटना दिखाती है कि किसी व्यक्ति की ऐसी संकीर्ण सोच राज्य के लिए कितनी खतरनाक और जोखिम भरी हो सकती है।
उन्होंने यह भी कहा कि संपत्ति के विवाद के लिए पारिवारिक रिश्तों की बलि नहीं चढ़ाई जानी चाहिए।
जगन मोहन रेड्डी के पत्र में क्या लिखा है?
विवाद बढ़ने के बाद YSRCP ने 9 अक्टूबर का वह पत्र सार्वजनिक किया है, जो जगन ने अपनी बहन शर्मिला को लिखा था। डियर शर्मी से संबोधित इस पत्र में जगन ने अंजलि की शादी की खबर पर खुशी तो जताई, लेकिन साथ ही घर पर आयोजन न करने की अपनी मजबूरी साफ कर दी।
जगन ने लिखा कि शादी के दौरान घर में कैटरर्स, डेकोरेटर्स, फूल वाले, इवेंट मैनेजर, फोटोग्राफर और तमाम अजनबी मेहमान आएंगे। उन्होंने लिखा कि घर और आसपास के इलाकों की तस्वीरें या वीडियो बाहर जा सकते हैं, जो सुरक्षा के लिहाज से एक गंभीर चिंता का विषय है।
जगन ने स्पष्ट किया कि अगर यह बात उनकी अपनी बेटियों हर्षा या वर्षा की भी होती, तो भी वे यही फैसला लेते। उन्होंने लिखा, आखिरकार, यह मेरा घर है और मैं यह सुनिश्चित करना चाहता हूं कि यहां मैं और मेरा परिवार सुरक्षित रहें।
इसके साथ ही जगन ने शर्मिला को याद दिलाया कि उन्होंने अपने बेटे राजा की शादी के लिए भी किसी कन्वेंशन सेंटर या डेस्टिनेशन वेन्यू का इस्तेमाल किया था। उन्होंने हैदराबाद में अपनी लोटस पॉन्ड वाली प्रॉपर्टी इस्तेमाल करने का सुझाव भी दिया और कहा कि वह प्रस्ताव अभी भी कायम है।
शादी में शामिल होंगी बड़ी हस्तियां
अंजलि रेड्डी की शादी डॉ. सोमला रघुराम रेड्डी के साथ तय हुई है। शादी 25 नवंबर को होगी और 5 दिसंबर को हैदराबाद में रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा। इस शादी के लिए शर्मिला ने कई दिग्गज हस्तियों को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया है।
मेहमानों की सूची में कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना के मुख्यमंत्री, कांग्रेस पार्टी का गांधी परिवार, कई प्रमुख राजनेता, बड़े व्यवसायी और मशहूर हस्तियां शामिल हैं।
