Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पहाड़ों से मैदान तक आतिशबाजी से जहरीली हुई हवा, देश के ज्यादातर शहरों में प्रदूषण खतरनाक श्रेणी में

    Updated: Sat, 02 Nov 2024 07:45 AM (IST)

    दीपावली पर हुई आतिशबाजी के कारण पहाड़ से लेकर मैदानी इलाकों तक हवा जहरीली हो गई। दिल्ली में गुरुवार को पटाखे जलने से पहले शाम छह-सात बजे तक प्रदूषण अ ...और पढ़ें

    Hero Image
    ज्यादातर शहरों में दीपावली की रात वायु गुणवत्ता 'बहुत खराब श्रेणी में पहुंची

    जागरण टीम, नई दिल्ली। दीपावली पर हुई आतिशबाजी के कारण पहाड़ से लेकर मैदानी इलाकों तक हवा जहरीली हो गई। लोगों ने पाबंदियों को धता बता जमकर पटाखे छोड़े, जिससे प्रदूषण काफी बढ़ गया। एक दिन पहले और दीपावली के दिन के एक्यूआइ में काफी अंतर रहा। ज्यादातर शहरों में यह खतरनाक श्रेणी में पहुंच गया। हालांकि तेज हवा चलने के कारण इस बार एक्यूआइ थोड़ा कम रहा, अन्यथा स्वास्थ्य के लिए गंभीर स्थिति हो सकती थी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मौसम विभाग के मुताबिक, हवा की दिशा उत्तर-पश्चिमी थी, जिसकी गति पूर्वाहन 11:30 बजे से शाम छह बजे तक 12 से 16 किमी प्रति घंटा रही। इसके बाद शुक्रवार सुबह तक तीन से सात किमी प्रति घंटा दर्ज की गई।

    दिल्ली में आधी रात के बाद तक खूब पटाखे जले

    राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आधी रात के बाद तक खूब पटाखे जले, लेकिन कहीं का भी एक्यूआइ गंभीर श्रेणी में नहीं पहुंचा। दिल्ली में गुरुवार को पटाखे जलने से पहले शाम छह-सात बजे तक प्रदूषण अपेक्षाकृत कम था, लेकिन शाम आठ बजे के बाद जब पटाखे जलने शुरू हुए, तो इसमें इजाफा होने लगा। यह हर घंटे बढ़ता गया। शाम सात बजे दिल्ली का एक्यूआइ 327 यानी बहुत खराब श्रेणी में था। रात 11 बजे के लगभग यह 330 दर्ज हुआ।

    शुक्रवार सुबह सात बजे 362 तक हो गया। चंडीगढ़ में प्रशासन ने रात आठ से दस बजे तक आतिशबाजी की अनुमति दी थी, लेकिन काफी पहले ही यह शुरू हो गई और देर रात तक जारी रही। इससे एक्यूआइ 395 पहुंच गया। एक दिन पहले यह 250 था। सामान्य दिनों में 140 रहता है।

    पहाड़ों पर भी जमकर आतिशबाजी हुई

    उत्तर प्रदेश के कई शहरों में दीपावली के बाद वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है। बिहार के शहरों में भी यही स्थिति रही। पटना में सामान्य दिनों की तुलना में दीपावली की रात वायु प्रदूषण में वृद्धि दर्ज की गई। कोलकाता में जमकर आतिशबाजी हुई। पहाड़ों पर भी जमकर आतिशबाजी हुई।

    देहरादून का एक्यूआइ 270 दर्ज किया गया

    दीपावली की रात देहरादून का एक्यूआइ 270 दर्ज किया गया। एक दिन पहले यह 159 था। उत्तराखंड पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अमित पोखरियाल के अनुसार हवा में प्रदूषण कम करने के लिए देहरादून में तीन और ऋषिकेश में एक ड्रोन के माध्यम से पानी का छिड़काव किया गया। इससे वायु प्रदूषण में कमी आई। हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी का प्रदूषण स्तर देश के शीर्ष 15 शहरों में रहा। बद्दी का एक्यूआइ दीपावली को 351 रहा।

    एक दिन पहले और दीपावली के दिन वायु प्रदूषण की स्थिति (एक्यूआइ में)

    चंडीगढ़ 250 395

    दिल्ली 307 330

    देहरादून 159 270

    बद्दी 223 351

    पटना 54 188