Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गुवाहाटी से कोलकाता जाने वाले एअर इंडिया एक्सप्रेस के विमान में आई खराबी, 18 घंटे तक परेशान होते रहे यात्री

    By Agency Edited By: Prince Gourh
    Updated: Mon, 16 Jun 2025 03:00 AM (IST)

    गुवाहाटी से कोलकाता जाने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान में तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को दो बार विमान से उतारा गया जिससे उन्हें भारी परेशानी हुई। फ्लाइट IX-1226 को शनिवार रात 920 बजे रवाना होना था लेकिन 18 घंटे से अधिक की देरी के बाद रविवार दोपहर को रवाना हुई। यात्रियों को पहले आधी रात के बाद और फिर रविवार सुबह विमान से उतारा गया।

    Hero Image
    18 घंटे तक परेशान होते रहे यात्री (फाइल फोटो)

    पीटीआई, गुवाहाटी। गुवाहाटी से कोलकाता जाने वाले एअर इंडिया एक्सप्रेस के विमान में सवार यात्रियों को उस समय काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, जब तकनीकी खराबी आने के कारण उन्हें दो बार विमान से उतार दिया गया।

    18 घंटे की देरी से उड़ा विमान

    रविवार दोपहर को विमान के निर्धारित प्रस्थान के 18 घंटे से अधिक समय बाद उसे गंतव्य के लिए रवाना किया गया। फ्लाइट IX-1226 में 170 यात्री सवार थे। इसे शनिवार को रात 9.20 बजे लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय (LGBI) हवाई अड्डे से रवाना होना था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक पीडि़त यात्री ने कहा कि 'तकनीकी गड़बड़ी' के कारण आधी रात के बाद उड़ान में देरी हुई और यात्री पूरे समय अंदर बैठे रहे। उन्होंने आरोप लगाया, "करीब 1:30 बजे हमें विमान से उतरने के लिए कहा गया और लाउंज में ले जाया गया। वहां से हमें रात भर ठहरने के लिए एक बहुत सस्ते होटल में ले जाया गया। होटल में हमें नाश्ता नहीं दिया गया।"

    दोपहर के समय रवाना हुए यात्री

    रविवार की सुबह यात्रियों को वापस हवाई अड्डे पर लाया गया और सुबह करीब 9:30 बजे उसी विमान में सवार किया गया। हालांकि, उन्हें फिर से चालक दल द्वारा सूचित किया गया कि तकनीकी समस्या के कारण उड़ान में और देरी हो रही है।

    कुछ समय बाद उन्हें फिर से विमान से उतार दिया गया और एअर इंडिया एक्सप्रेस के स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि उन्हें दूसरे विमान से कोलकाता ले जाया जाएगा।

    आखिरकार वे एअर इंडिया के एक अन्य विमान से दोपहर 3:34 बजे गुवाहाटी से रवाना हुए। हालांकि, 170 यात्रियों में से कुछ ने एअर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा प्रस्तावित अन्य एयरलाइनों का भी विकल्प चुना।