Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आफत की बारिश: यूपी में 3 दिन में 58 की मौत, 6 राज्यों में अब तक 537 की मौत

    By Sanjeev TiwariEdited By:
    Updated: Sun, 29 Jul 2018 07:54 AM (IST)

    सीएम योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपए की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। ...और पढ़ें

    Hero Image
    आफत की बारिश: यूपी में 3 दिन में 58 की मौत, 6 राज्यों में अब तक 537 की मौत

    नई दिल्‍ली/ लखनऊ। उत्तरप्रदेश में बारिश कहर ढा रही है। पिछले तीन दिनों के भीतर सूबे के 31 जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने से 58 लोगों की मौत हो गई है। सबसे ज्यादा 11 लोग सहारनपुर में मरे हैं। वहीं बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में 53 लोग घायल हुए हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तर प्रदेश में बारिश के कहर से इस सीजन में अब तक 70 लोगों की मौत हो चुकी है। शनिवार को ही विभिन्न घटनाओं में 27 की जान चली गई। सहारनपुर मंडल में ही 12 लोगों की मौत हो गई, जिसमें एक ही परिवार के छह लोग शामिल हैं।

    केंद्रीय गृहमंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार छह राज्यों में अब तक 537 लोगों की मृत्यु हुई है। इसमें सर्वाधिक 139 लोगों की जान महाराष्ट्र में गई है। उधर, हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने से दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है।

    ऐसे में बाढ़ का खतरा मड़राने लगा है। हालात से निपटने को दिल्ली सरकार जहां अलर्ट है, वहीं हरियाणा सरकार ने सेना और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) से मदद मांगी है।

    अलबत्ता, दिल्ली-एनसीआर के साथ ही हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश व राजस्थान से मूसलधार बारिश की खबर नहीं है।

    उधर, कोलकाता महानगर व आसपास के इलाकों में शनिवार शाम को बूंदाबांदी हुई। जम्मू-कश्मीर में कई स्थानों पर रुक-रुक कर हुई बारिश के चलते तापमान सामान्य से नीचे रहा। कुछ दिनों से बाढ़ से जूझ रहे मध्य प्रदेश में अभी बरसात का सिलसिला लगभग थम गया है।

    मेरठ ने बारिश में छोड़ा सबको पीछे
    उत्तर प्रदेश के मेरठ में शनिवार को रिकार्ड बारिश हुई। देश में सबसे ज्यादा वर्षा वाले केंद्रों में से एक चेरापूंजी को भी मेरठ ने पीछे छोड़ दिया। शुक्रवार सुबह 8.30 से शनिवार सुबह 8.30 बजे तक मेरठ में 226 एमएम (मिली मीटर) बारिश रिकार्ड की गई। यह जानकारी देते हुए स्काइमेट के मौसम वैज्ञानिक महेश पलवत ने बताया कि चेरापूंजी में 153 एमएम बारिश हुई।

    प्रभावितों को राहत राशि भी बांटी जा रही
    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न जिलों में भारी वर्षा से प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर राहत कार्य संचालित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं प्रभावितों को राहत राशि भी बांटी जा रही है। मरने वालों के परिजनों को चार लाख रुपए की सहायता राशि दी जा रही है।

     गुरुवार और शुक्रवार को हुई भारी बारिश के कारण आगरा में 4 लोग मौत का शिकार हुए हैं। मेरठ में 5 और कानपुर देहात में एक शख्स को जान गंवानी पड़ी है। हापुड़, गाजियाबाद और बरेली में भारी बारिश की वजह से तीन लोगों की मौत हुई है। वहीं मैनपुरी, कासंगज में 3 और बुलंदशहर, आगरा में दो-दो लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। इसके अलावा भी सूबे के कई जिलों में बिजली गिरने से भी लोगों की मौत हुई है।

    वहीं कासगंज में मकान की छत ढह जाने से तीन बच्चों की मौत हो गई। प्रशासन की ओर से इन्हें चार-चार लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की गई है। बारिश में हुए हादसों के चलते मैनपुरी में दूसरे दिन महिला समेत तीन की जान चली गई। फीरोजाबाद के पचोखरा के गांव छिकाऊ में दीवार गिरने से एक बच्ची की मौत हो गई। हजारों बीघा फसल पानी में डूब कर नष्ट हो गई है। मथुरा में यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। एटा के जसरथपुर क्षेत्र के गांव वीरबनी में मकान की दीवार ढहने से एक घायल हुआ है।

    मेरठ व सहारनपुर मंडल में शुक्रवार को मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई स्थानों पर मकान व दीवार गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए। बारिश के दौरान करंट से एक युवक की जान चली गई। गंगा-यमुना के साथ ही सहायक नदियों का जलस्तर बढऩे से बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो गया है। रामराज क्षेत्र में एक तटबंध टूट गया है।

    मेरठ में बारिश ने करीब 38 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। रेलवे अंडरपास पर पानी भरने से एक स्कूल बस डूब गई। उसमें सवार बच्चों को किसी तरह ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाला।

    किसी शहर में कितनी बारिश
    शहर प्रदेश वर्षा
    मेरठ, उत्तर प्रदेश - 226
    चेरापूंजी, मेघालय - 153
    नाहन, हिमाचल प्रदेश - 110
    देहरादून, उत्तराखंड - 90
    तेजपुर, असम - 79
    डाल्टनगंज, झारखंड - 65
    गया, बिहार - 60
    टिहरी, उत्तराखंड - 60
    धर्मशाला, हिमाचल प्रदेश - 55
    बरेली, उत्तर प्रदेश - 47
    नोटः बारिश एमएम (मिली मीटर) में