Move to Jagran APP

देश में एक दिन 12,881 केस, स्वस्थ होने की दर में 52.95 फीसद का बड़ा सुधार, जांच में रिकॉर्ड तेजी

देश में बीते 24 घंटे में 12881 नए मामले सामने आए हैं जबकि 334 लोगों की मौत हुई है। हालांकि लोगों के स्वस्थ होने की दर में 52.95 फीसद का बड़ा सुधार भी देखा गया है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Published: Thu, 18 Jun 2020 10:20 PM (IST)Updated: Fri, 19 Jun 2020 03:47 AM (IST)
देश में एक दिन 12,881 केस, स्वस्थ होने की दर में 52.95 फीसद का बड़ा सुधार, जांच में रिकॉर्ड तेजी
देश में एक दिन 12,881 केस, स्वस्थ होने की दर में 52.95 फीसद का बड़ा सुधार, जांच में रिकॉर्ड तेजी

नई दिल्ली, जेएनएन। देश में जैसे जैसे जांच में तेजी आ रही है कोरोना मामलों की संख्‍या भी बढ़ी है। बीते 24 घंटे में 12,881 नए मामले सामने आए हैं जबकि 334 लोगों की मौत हुई है। इस तरह अब तक 3,66,946 लोग इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं जबकि 12,237 लोगों की जान जा चुकी है। हालांकि कोरोना की चपेट में आए लोगों के स्वस्थ होने की दर में और सुधार आया है। यह दर अब 52.95 फीसद हो गई है बुधवार को यह दर 52.80 फीसद थी।

loksabha election banner

1,94,325 लोग पूरी तरह हुए ठीक

देश में अब तक 1,94,325 लोग पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान 7390 लोग इस बीमारी से चंगे होकर घर पहुंच गए। देश में इस समय 1,60,384 सक्रिय मामले हैं। देश में अभी मरने वालों की दर 3.33 फीसद है।

एक दिन में रिकॉर्ड 1,65,412 लोगों की जांच

गुरुवार को देश भर में 1,65,412 लोगों की जांच की गई। यह पहली बार है जब देश में एक दिन में इतनी बड़ी तादाद लोगों की जांच हुई हो। अब तक देश में कुल 62,49,668 लोगों की जांच गो चुकी है। देश में इस समय 953 लैब कोरोना की जांच करने में जुटी हैं। इनमें 699 सरकारी और 254 निजी लैब हैं।

महाराष्ट्र में 1672 लोगों को अस्पताल से मिली छुट्टी

महाराष्ट्र में गुरुवार को 1672 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। इस तरह राज्य में अब तक 60, 838 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। इस दौरान 3752 नए मामले आने से राज्य में अब तक कोरोना की चपेट में आए लोगों की संख्या बढ़कर 1,20,504 हो गई है जबकि 100 और मौतों के बाद कुल मृतक संख्या 5,751 हो गई है। राज्य में इस समय 53,301 सक्रिय मरीज हैं। राज्य में मरीज दो गुने होने की दर 16 जून को 25.9 दिन हो गई है जबकि 31 मार्च को 3.5 दिन में मरीज दोगुने हो रहे थे।

महाराष्ट्र में हुई सर्वाधिक मौतें

गुरुवार को देश में कोरोना से हुई कुल 334 मौतों में 114 मौतें अकेले महाराष्ट्र में हुई हैं। इसके बाद दिल्ली में 67, तमिलनाडु में 49, गुजरात में 27, उत्तर प्रदेश में 18, हरियाणा में 12, बंगाल में 12, कर्नाटक में 8, राजस्थान में 5, बिहार में 3, जम्मू और कश्मीर में 2, आंध्र में 2, की मौत हुई। इसके अलावा छत्तीसगढ़, पुडुचेरी, तेलंगाना और उत्तराखंड में एक-एक व्यक्ति की जान गई है।

यूपी में 9638 मरीज ठीक हुए

उत्‍तर प्रदेश में एक दिन में सर्वाधिक 630 लोग संक्रमित पाए गए, जबकि 23 की मौत हुई। अब तक संक्रमित 15785 लोगों में 9638 रोगी ठीक हो चुके हैं और 5659 एक्टिव केस हैं। बंगाल में एक ही दिन में 435 नए केस आए और 12 मरीजों की मौत हो गई। हालांकि 7001 लोग स्वस्थ हो चुके हैं और 5216 एक्टिव केस हैं। छत्तीसगढ़ में 50 तो मप्र में 182 के सामने आए और चार मरीजों की मौत हो गई। राज्य में कुल संक्रमित 11426 लोगों में 8632 स्वस्थ हो चुके हैं। हरियाणा में गुरुवार को 604 मरीज ठीक होकर घर लौटे, लेकिन 386 नए मरीज सामने आए और छह लोगों की मौत हो गई। पंजाब में तीन लोगों की मौत हुई और 95 नए केस मिले। यहां 3688 संक्रमित मरीजों में 2570 स्वस्थ हो चुके हैं। जम्मू कश्मीर में 149 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जिसमें दो की मौत हो गई।

दिल्ली में रैपिड एंटीजन टेस्ट शुरू 

राजधानी दिल्ली में गुरुवार को कंटेनमेंट जोन में रैपिड एंटीजन टेस्ट शुरू हो गई। पहले दिन दिल्ली के सभी 11 जिलों में 7040 लोगों के सैंपल लेकर जांच हुई। 15 मिनट में ही रिपोर्ट मिल गई। बताया जा रहा है कि 456 लोग यानी 6.47 फीसद लोग पॉजिटिव पाए गए। बड़े पैमाने पर जांच से मृत्युदर बढ़कर 4.04 फीसद हो गई है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह आंकड़ा 3.33 फीसद है। इस तरह देखें तो दिल्ली में कोरोना से पीडि़त 100 में से चार मरीजों की मौत हो रही है। गुरुवार को दिल्ली में 2877 नए मामले आए और 65 लोगों की मौत हुई। इस दौरान 3884 लोग स्वस्थ होकर घर चले गए।

गुजरात में 389 लोग स्वस्थ हुए

गुजरात के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार गुरुवार को 389 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर अस्पताल से घर पहुंच गए। इस तरह राज्य में 17,829 लोग इस बीमारी को हरा चुके हैं। राज्य में इस समय 6,239 सक्रिय मामले हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान 510 नए मामले आने के साथ 31 लोगों के मरने की जानकारी दी गई है।

तमिलनाडु में 26,736 की जांच

तमिलनाडु सरकार की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार राज्य में 26,736 नमूनों की जांच की गई। इस दौरान 2,141 नए मामले सामने आए जबकि 49 और मौतों के साथ अब तक 625 मौतों हो चुकी हैं। गुरुवार को 1,017 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिली। इस तरह अब राज्य में 28,641 लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। राज्य में इस समय 52,334 सक्रिय मामले हैं।

बंगाल में सात हजार से अधिक ठीक हुए

बंगाल में कोरोना के एक ही दिन में 435 नए केस आए और 12 मरीजों की मौत हो गई। हालांकि 7001 लोग स्वस्थ हो चुके हैं और 5216 एक्टिव केस हैं। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 12735 और मृतकों की 518 है। पंजाब में 95 नए केस आए और तीन मरीजों की मौत हो गई। राज्य में कुल संक्रमित मरीज 3688 हैं, जिनमें 2570 हो चुके हैं और 1032 एक्टिव हैं। 86 लोग दम तोड़ चुके हैं।

मध्‍य प्रदेश में 80 नए केस

मध्‍य प्रदेश में गुरुवार को 80 नए केस आए और दो लोगों की मौत हो गई। यहां अब तक 484 मरीज दम तोड़ चुके हैं। छत्तीसगढ़ में 50 नए मरीज सामने आए। राज्य में 1914 लोग अब तक संक्रमित हो चुके हैं, जिनमें दस की मौत हुई है।

92 वर्षीय महिला ने कोरोना को हराया

महाराष्ट्र के थाणे जिले में डोंबिवली इलाके में 92 साल की बुजुर्ग महिला कोरोना को शिकस्त देकर अपने घर लौट गई। नामदेव नगर में रहने वाली इस महिला को 8 जून को नियॉन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के प्रमुख डा.मिलिंद शिंदे ने बताया कि महिला को बुधवार को अस्पताल से छुट्टी दे गई। इस दौरान लोगों ने फूलों की पंखुडि़यां बरसाकर महिला के जीवट की सम्मान किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.