Mukhtar Ansari News: जब जांच की आंच पहुंची थी प्रयागराज, मुख्तार अंसारी के बेटे और भाई को ईडी ने उठाया; फिर...
Mukhtar Ansari News माफिया मुख्तार अंसारी का प्रत्यक्ष रूप से प्रयागराज से भले ही जुड़ाव न रहा हो लेकिन अप्रत्यक्ष रूप से उसकी यहां भी दखलंदाजी थी। इसका पता नवंबर 2022 को ईडी को तब लगा था जब मनी लांड्रिंग मामले की जांच हो रही थी। माफिया मुख्तार अंसारी का प्रत्यक्ष रूप से प्रयागराज से भले ही जुड़ाव न रहा हो लेकिन अप्रत्यक्ष रूप से उसकी यहां भी दखलंदाजी थी।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। माफिया मुख्तार अंसारी का प्रत्यक्ष रूप से प्रयागराज से भले ही जुड़ाव न रहा हो, लेकिन अप्रत्यक्ष रूप से उसकी यहां भी दखलंदाजी थी। इसका पता नवंबर 2022 को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को तब लगा था, जब मनी लांड्रिंग मामले की जांच हो रही थी। संदेह के आधार पर मुख्तार अंसारी के नूरुल्ला रोड और करेली में रहने वाले दो रिश्तेदारों के यहां 10 नवंबर 2022 को ईडी ने छापेमारी की थी।
ईडी ने विकास कंस्ट्रक्शन कंपनी के सभी पार्टनर तथा मुख्तार के परिवार के कुछ लोगों को पूछताछ का सम्मन जारी किया था। विकास कंस्ट्रक्शन के खातों में मुख्तार के बेटे अब्बास के खाते से रुपये का ट्रांजैक्शन किया गया था। इसी को आधार बनाकर ईडी ने अब्बास से पूछताछ की थी। साथ ही कंपनी के सभी पार्टनर को सम्मन जारी किया था।
बेटे और भाई पर ईडी ने कसा था शिकंजा
इसी जांच में ईडी को यह भी पता चला था कि उसकी कई और ऐसी कंपनियां हैं, उसके स्थान पर किसी और के नाम दर्ज हैं। यह सभी कंपनियां मुख्तार और उसके परिवार की ही हैं। इन कंपनियों के बारे में भी ईडी ने मुख्तार के बेटे अब्बास और साले आतिफ रजा उर्फ सरजील से कई चक्र में पूछताछ की थी।
इसके ठीक दस दिन बाद 21 नवंबर 2022 को मुख्तार अंसारी के भाई सांसद अफजाल अंसारी से ईडी ने यहां पूछताछ की थी। उनसे भी विकास कंस्ट्रक्शन के पार्टनरों से लेन देन से लेकर बैंक खातों, संपत्तियों, निवेश, लेनदेन और कुछ बेनामी कंपनियों के बारे में पूछा गया था। इतना ही नहीं ईडी ने मुख्तार के विधायक भतीजे शोएब अंसारी मन्नू को पूछताछ के लिए समन भेजा था।
दस दिन तक ईडी ने की थी मुख्तार से पूछताछ
कस्टडी रिमांड में माफिया मुख्तार अंसारी से वर्ष 2022 में ईडी के अधिकारियों ने मनी लाड्रिंग के मामले में दस दिन तक सिविल लाइंस स्थित ईडी के कार्यालय में पूछताछ की थी। हालांकि, वह लगातार एक ही जवाब देता रहा कि कई सालों से वह जेल में बंद है, उसे कोई जानकारी नहीं है। उसके बेटे अब्बास अंसारी और साले शरजील से पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर अधिकारियों ने मुख्तार से सवाल किए थे, लेकिन वह सवालों का जवाब देने से बचता रहा। गाजीपुर, जालौन सहित अन्य स्थानों पर मिली संपत्तियों के बारे में उससे पूछताछ की गई थी। विकास कंस्ट्रक्शन से जुड़े सवाल भी उठाए गए थे।
यह भी पढ़ें: Mukhtar Ansari Death: माफिया मुख्तार अंसारी की अस्पताल में मौत, जेल में आया था हार्ट अटैक; यहां पढ़ें लेटेस्ट अपडेट्स