JEE Main 2022 Date: उम्मीदवारों को तैयारी के लिए मिला एक माह का और समय, एनटीए ने बदली जेईई मेन की तारीखें
JEE Main 2022 Date विभिन्न बोर्ड परीक्षाओं से हो रहे डेट क्लैश या एक के बाद एक परीक्षा तारीखों के कारण देश भर के उम्मीदवार जेईई मेन 2022 की तारीखों में बदलाव की मांग कर रहे थे। इस कारण एनटीए ने दोनो चरणों की तिथियां बदल दी हैं।

नई दिल्ली, एजुकेशन डेस्क। JEE Main 2022 Date: जेईई मेन 2022 परीक्षा की तैयारी में जुटे उम्मीदवारों की लगातार बढ़ती जा रही सोशल मीडिया पर मांग आखिर रंग लाई है। उम्मीदवारों द्वारा जेईई मेन 2022 के अप्रैल सेशन की तारीखों को आगे बढ़ाये जाने की मांग को मानते हुए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तारीखों में बदलाव की घोषणा की है। एजेंसी द्वारा बुधवार, 6 अप्रैल 2022 को जारी नोटिस के अनुसार जेईई मेन 2022 के पहले चरण यानि अप्रैल सेशन का आयोजन अब 20 जून से 29 जून तक किया जाएगा। पहले इस सेशन के लिए 21, 24, 25 और 29 अप्रैल एवं 1 व 4 मई की तिथियां घोषित की गई थीं। जेईई मेन 2022 की तारीखों में बदलाव के चलते उम्मीदवारों को अब परीक्षा की तैयारी में एक माह और समय मिल गया है।
JEE Main 2022 Date: दूसरे सेशन की भी तारीखें बदलीं
उम्मीदवारों को ध्यान देना चाहिए कि एनटीए जेईई मेन 2022 के अप्रैल सेशन के साथ-साथ दूसरे चरण यानि मई सेशन की तारीखों में भी बदलाव किया है। एनटीए के नोटिस के अनुसार, जेईई मेन 2022 के मई सेशन का आयोजन अब 21 जुलाई से 30 जुलाई 2022 तक किया जाएगा। पहले इस चरण के लिए 24 मई से 29 मई 2022 की तारीखें निर्धारित थीं। इस प्रकार जेईई मेन 2022 दूसरे चरण के लिए तैयारी में जुटे उम्मीदवारों को भी एक अतिरिक्त माह का समय और मिल गया है।
इस लिंक से देखें जेईई मेन 2022 डेट के लिए नोटिस
जेईई मेन 2022 अप्लीकेशन करेक्शन 8 अप्रैल तक
दूसरी तरफ, एनटीए ने जेईई मेन 2022 के पहले सेशन लिए आवेदन कर चुके ऐसे उम्मीदवारों के लिए अप्लीकेशन करेक्शन विंडो बुधवार, 6 अप्रैल 2022 से ओपेन कर दी है, जो कि अपने आवेदन में कोई त्रुटि सुधार या आवश्यक संशोधन करना चाहते हैं। ये उम्मीदवार एनटीए द्वारा निर्धारित तारीख और समय यानि 8 अप्रैल 2022 की रात 9 बजे तक अपने आवेदन में सुधार कर सकेंगे। उम्मीदवारों को ध्यान देना चाहिए कि कुछ विवरणों में सुधार करने की स्थिति में उम्मीदवारों को एनटीए द्वारा निर्धारित शुल्क भी देना होगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।