विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में मसाज और जिस्मफरोशी के नाम पर ठगी का भंड़ाफोड़, अभिराज बने यूनुस के लैपटाॅप में मिले 260 लड़कियों के फोटो

By Sushil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 01 Jul 2026 01:54 PM (IST)

मेरठ में मसाज और जिस्मफरोशी के नाम पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। मोहम्मद यूनुस और उसकी महिला दोस्त लिजा को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपित और मसाज सेंटर का प्रतीकात्मक फोटो l

गिरफ्तार आरोपित और मसाज सेंटर का प्रतीकात्मक फोटो l

HighLights

  1. महक स्टूडियो और एरोमा स्पा सेंटर के नाम से बना रखी थी फर्म, हिंदू नाम रखकर करता था धंधा।

  2. लड़कियों के वाट्सएप पर फोटो भेजकर करते थे बुकिंग, रकम निकालकर बंद करा देते थे खाता।

जागरण संवाददाता, मेरठ। जिस्मफरोशी और मसाज दिलाने के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। मोहम्मद यूनुस नाम का व्यक्ति अभिराज के नाम से वाट्सएप पर लड़कियों के फोटो भेजकर होम डिलीवरी का दावा करता था। एडवांस के तौर पर खाते में रकम ले ली जाती थी। उसके बाद लड़कियां नहीं भेजी जाती थीं। साइबर सेल ने महिला दोस्त के साथ मोहम्मद यूनुस को गिरफ्तार कर लिया है।

यह गिरोह हरियाणा, कर्नाटक, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के कई बड़े जनपदों में ठगी कर चुका है। गिरोह के अन्य सदस्य टूर एंड ट्रेवल कंपनी बनाकर ठगी करते थे। एसपी क्राइम अवनीश कुमार और साइबर सेल प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि एनसीएमईसी (राष्ट्रीय लापता एवं शोषित बाल केंद्र) पोर्टल पर पल्लवपुरम के युवक ने शिकायत की थी।

साइबर सेल की टीम ने उक्त युवक से संपर्क किया तो उसने बताया कि घर पर मसाज दिलाने के नाम पर उससे 16 हजार की ठगी कर ली गई। पुलिस ने खाता नंबर और मोबाइल नंबर को आधार बनाकर जांच की। जांच में पता चला कि ठगी करने वाले ग्रुप ने शास्त्रीनगर के सेक्टर सात में आफिस खोल रखा है।

आफिस को करीम नगर का यूनुस और उसकी महिला दोस्त लोहियानगर की लिजा संचालित कर रही है। युनूस अपना नाम अभिराज, पता जे ब्लाक शास्त्रीनगर बता रखा था। लिजा से भी मुस्लिम नाम छिपाया हुआ था। आधार कार्ड भी युनूस ने अभिराज नाम से तैयार किया हुआ है। पुलिस ने युनूस और लिजा को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि स्पा के लिए लड़कियों की होम डिलीवरी के नाम पर रकम वसूली करते हैं।

आफिस में ग्राहकों से बात करने के लिए बड़ौत की सीमा को रखा हुआ है, उन्होंने महक स्टूडियो और एरोमा स्पा सेंटर के नाम से फर्म बना रखी है। ग्राहकों को वाट्सएप पर लड़कियों के फोटो भेजे जाते थे। उनसे क्यूआर कोड पर रकम वसूली करने के बाद लड़कियां नहीं भेजते थे। लोग शर्म की वजह से शिकायत भी नहीं करते थे। जिस खाते में आरोपित रकम मंगाते थे, रकम निकालने के बाद उसे बंद करा देते थे।

आरोपितों से पूछताछ में सामने आया कि नोएडा के सेक्टर 62 में उनके साथी बड़ौत के महेश ने दो साल से यूनिवर्सल टूर एंड ट्रैवल कंपनी खोल रखी है, जो उमरा, हज और तीर्थ यात्रियों के लिए बुकिंग करते हैं। टिकट से लेकर होटल तक सभी जिम्मेदारी लेते हैं। रकम एडवांस के तौर पर लेने के बाद कोई सुविधा नहीं दी जाती है।

इस ठगी में महेश के साथ मवाना के आकाश, हर्ष और शुभम भी काम करते हैं। पुलिस आकाश, हर्ष, सीमा, शुभम और महेश की तलाश कर रही है।

वाट्सएस पर भेजते थे सुंदर लड़कियों के फोटो 

लैपटाप में 260 लड़कियों के फोटो और एड्रेस भी मिले हैं। साथ ही जिनसे ठगी की गई, उक्त लोगों का भी रिकार्ड मिला है। गिरोह के लोग जस्ट डायल से भी नंबर उठाकर बातचीत करते थे। लड़कियां को काल करने के लिए लगाया जाता था। ग्राहकों को बताया जाता था कि अपने स्थान पर भी लड़कियों से मसाज करा सकते है।

सुंदर-सुंदर लड़कियों के फोटो वाट्सएस पर भेजे जाते थे। खाते में रकम डलवाने के बाद पीड़ित का नंबर ब्लाक कर लेते थे। साथ ही खाते से उक्त रकम निकाल ली जाती थी। लोग शर्म की वजह से इनकी शिकायत नहीं करते थे। दो साल में यह गिरोह पांच हजार से ज्यादा लोगों को ठग चुका है। ग्राहकों को बताया जाता है कि देश के प्रत्येक जनपद में उनकी ब्रांच है, वहीं से लड़कियां मुहैया करा दी जाएंगीं।

यह भी पढ़ें- VIDEO: मेरठ में दारोगा रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने की कार्रवाई

चार राज्यों में आरोपितों के खिलाफ पोर्टल पर दर्ज हैं 10 शिकायत

आरोपितों के खिलाफ उत्तर प्रदेश में आगरा, सोनभद्र, हापुड़, मेरठ के इंचौली और पल्लवपुरम व हरियाणा से कुल सात, कर्नाटक से दो, महाराष्ट्र से एक शिकायत पोर्टल पर अपलोड की गई हैं। सभी मुकदमों में पुलिस द्वारा गिरोह के सदस्यों को आरोपित बनाया जाएगा। उक्त राज्यों और जनपद की पुलिस को भी उनकी गिरफ्तारी की सूचना मुहैया कराई जा रही है।

आरोपितों के कब्जे से आठ मोबाइल, एक लैपटाप, पांच मोहर, चार सिमकार्ड, बलेनो कार और सात आधार कार्ड, 11 चेकबुक, राजपूत इंडस्ट्रीज और यूनिवर्सल वीसा साल्यूशन कंपनी के लेटरहेड मिले है। चार लाख 16 हजार की रकम भी बरामद की गई है।

यह भी पढ़ें- मेरठ के व्यापारी पर बागपत में पिटबुल कुत्ते से कराया हमला, लगे सौ टांके; उधार के रुपये मांगने गया था पीड़ित