विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

VIDEO: मेरठ में दारोगा रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने की कार्रवाई

By Sushil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 30 Jun 2026 02:40 PM (IST)

Meerut News : एंटी करप्शन टीम ने मेरठ में तैनात दारोगा प्रकाश चंद को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। दारोगा ...और पढ़ें

HighLights

  1. मुकदमे से नाम हटाने के नाम पर रिश्वत लेने का आरोप।

  2. भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू।

जागरण संवाददाता, मेरठ। पुलिस महकमे में भ्रष्टाचार थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को फिर एंटी करप्शन की टीम ने पुलिस लाइन के गेट नंबर तीन से दारोगा को 20 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया।

धोखाधड़ी के मुकदमे में आरोपित का नाम निकालने के लिए किश्तों में दो लाख की रकम मांगी थी। 20 हजार की पहली किश्त लेते समय ही एंटी करप्शन की टीम ने घेराबंदी की। आरोपित दारोगा के खिलाफ सिविल लाइन थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

गंगानगर के गंगाधाम कालोनी निवासी नमन चौधरी की तरफ से 15 अप्रैल को गंगानगर थाने में पवन चौधरी निवासी मंगलौर हरिद्वार और संगीता चौधरी पत्नी कृष्ण पाल उनके बेटे नवनीत चौधरी निवासी घटायन थाना जानसठ मुजफ्फरनर के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया। इसकी विवेचना 1983 बैंच के सिपाही पद से भर्ती हुए दारोगा प्रकाश चंद निवासी मोती बसई थाना गोंडा अलीगढ़ को दी गई।

प्रकाश चंद ने विवेचना के दौरान सभी आरोपितों को अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस जारी कर दिए। पवन चौधरी के बेटे दीपक चौधरी ने दारोगा प्रकाश चंद से संपर्क किया। दीपक चौधरी रियल स्टेट में ठेकेदारी करते हैं। प्रकाश चंद ने दीपक चौधरी के सामने प्रस्ताव रखा कि वह मुकदमे में उनके पिता पवन चौधरी को क्लीनचिट दे देंगे। साथ ही मामी संगीता को थाने से जमानत दे दी जाएगी। सिर्फ ममेरे भाई नवनीत चौधरी को जेल भेज कर चार्जशीट लगा दी जाएगी।

उसके लिए प्रकाश चंद ने दो लाख रुपये की मांग की। दीपक चौधरी ने एक साथ इतनी रकम जुटाने में असमर्थता दिखाई। तब प्रकाश चंद ने प्रस्ताव दिया कि किश्तों में भी उक्त रकम चार्जशीट जमा करने से पहले दे सकते है। दीपक ने मंगलवार को प्रकाश चंद को पहली किश्त के नाम पर 20 हजार देना तय कर दिया। साथ ही एंटी करप्शन की टीम को दीपक चौधरी ने दारोगा से बातचीत की रिकार्डिंग पेश की।

तब एंटी करप्शन के इंस्पेक्टर मंयक अरोड़ा के नेतृत्व में टीम का गठन किया। टीम के साथ ही दीपक चौधरी भी 20 हजार की रकम देने के लिए गंगानगर थाने पहुंच गए। प्रकाश चंद ने फोन पर बताया कि वह पुलिस लाइन स्थित आवास पर है। उसके बाद दोपहर को टीम पुलिस लाइन पहुंच गई। गेट नंबर तीन पर दारोगा प्रकाश चंद ने दीपक को बुला लिया।

दीपक से रकम पकड़ते ही एंटी करप्शन की टीम ने रंगेहाथ प्रकाश चंद को दबोच लिया। उसने नोट फेंक कर भागने का प्रयास किया। घेराबंदी कर उसे पकड़कर टीम सिविल लाइन थाने ले गई। उसके बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपित दारोगा को गिरफ्तार कर लिया।

इन्होंने कहा...

दारोगा के रिश्वत लेने के मामले में एंटी करप्शन की टीम ने कार्रवाई की है। ऐसे में थाना और सीओ स्तर पर भी समीक्षा के आदेश दिए है। विवेचना में सीओ सदर देहात किस तरह का सुपरविजन कर रहे है। दारोगा नाम निकालने के लिए रकम वसूली कर रहा है। पूरे मामले में सर्किल स्तर पर भी जांच कराने के लिए एसएसपी को आदेश दिए गए।
-भानु भास्कर, एडीजी जोन