Share Market Today: ट्रंप के खौफ से नहीं उबर पा रहा बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी में फिर आई गिरावट
भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार गिरावट दर्ज की गई। इसका मुख्य कारण वैश्विक बाजारों की कमजोरी विदेशी निवेशकों की बिकवाली और डोनाल्ड ट्रंप की नई टैरिफ नीति मानी जा रही है। Sensex 139 अंक गिरकर 72946 पर आ गया जबकि Nifty 22000 के नीचे फिसल गया। Nestle India HCL Tech और Bharti Airtel के शेयरों में गिरावट देखी गई जबकि SBI Tata Steel और ICICI Bank में बढ़त रही।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। शेयर बाजार में आज (4 मार्च 2024) को शुरुआती कारोबार में भारी गिरावट देखने को मिली। इसका मुख्य कारण वैश्विक बाजारों की कमजोर स्थिति, विदेशी निवेशकों (FII) की लगातार बिकवाली और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नए टैरिफ को माना जा रहा है।
30 शेयरों वाला BSE Sensex आज 139.45 अंक या 0.19% गिरकर 72,946.49 के स्तर पर आ गया। वहीं, NSE Nifty भी 22,000 के स्तर से नीचे खुला और शुरुआती कारोबार में 144.85 अंक या 0.66% टूटकर 21,974.45 तक पहुंच गया। हालांकि, इसके बाद बाजार ने कुछ नुकसान की भरपाई की।
किन शेयरों में अधिक गिरावट
Sensex के जिन शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट आई, उनमें Nestle India, HCL Technologies, Tech Mahindra, Bharti Airtel, Titan, Infosys, Asian Paints, NTPC, Bajaj Finserv और Sun Pharmaceuticals शामिल रहे। दूसरी ओर, State Bank of India, IndusInd Bank, Zomato, Tata Steel, ICICI Bank, Tata Motors, Mahindra & Mahindra, Tata Consultancy Services और Adani Ports के शेयरों में बढ़त देखी गई।
इस गिरावट की एक बड़ी वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई टैरिफ नीति मानी जा रही है। सोमवार को ट्रंप ने घोषणा की कि मेक्सिको और कनाडा से आयात होने वाले सामान पर 25 फीसदी टैक्स लगाया जाएगा। इससे वैश्विक व्यापार युद्ध की आशंका गहरा गई है। चीन पर भी 10 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ लगाया जा रहा है।
एक्सपर्ट का मानना है कि ट्रंप की इस नीति से अनिश्चितता बढ़ सकती है। अगर ट्रेड वॉर और गहरा होता है, तो इसका भारतीय शेयर बाजार पर और भी नेगेटिव असर पड़ सकता है। Mehta Equities Ltd के रिसर्च हेड प्रशांत तापसे के अनुसार, "ट्रंप के नए टैरिफ से असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इससे Nifty में और गिरावट देखने को मिल सकती है। इसके अलावा, इस वित्त वर्ष में अब तक विदेशी निवेशकों ने 4,08,984 करोड़ रुपये के शेयर बेच दिए हैं, जो बाजार में डर का माहौल पैदा कर रहा है।"
अन्य बाजारों का क्या हाल है?
एशियाई बाजारों की बात करें तो टोक्यो और हांगकांग में गिरावट देखने को मिली, जबकि शंघाई और सियोल के बाजार स्थिर नजर आए। अमेरिकी बाजार भी सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। तेल की कीमतों में भी गिरावट देखने को मिली, जहां वैश्विक बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.63% गिरकर 71.17 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
सोमवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने भारतीय बाजार से 4,788.29 करोड़ रुपये के शेयरों की बिकवाली की थी, जिससे बाजार पर अतिरिक्त दबाव बना रहा। इस गिरावट का सिलसिला पिछले नौ सत्रों से जारी है। सोमवार को Sensex 112.16 अंक की गिरावट के साथ 73,085.94 पर बंद हुआ था, जबकि Nifty 5.40 अंक गिरकर 22,119.30 पर बंद हुआ था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।