Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    तलाकशुदा महिला को प्रेम जाल में फंसाया, फिर लगा दिया 3.6 करोड़ का चूना; ऑस्ट्रेलिया के शख्स को पुणे पुलिस ने दबोचा

    Updated: Fri, 27 Jun 2025 12:01 AM (IST)

    पुणे पुलिस ने मुंबई एयरपोर्ट से ऑस्ट्रेलियाई पासपोर्ट धारक अभिषेक शुक्ला को गिरफ्तार किया है। उस पर मैट्रिमोनियल साइट पर मिली एक महिला से शादी का वादा कर 3.6 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। आरोपी ने खुद को डॉ. रोनित ओबेरॉय बताया था और महिला को बिजनेस फंडिंग के बहाने ठगा।

    Hero Image

    आरोपी की महिला से पहचान मैट्रिमोनियल साइट पर हुई थी (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पुणे पुलिस ने ऑस्ट्रेलियाई पासपोर्ट धारक अभिषेक शुक्ला को मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। उस पर एक महिला के साथ शादी का वादा करके 3.6 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। आरोपी की महिला से पहचान मैट्रिमोनियल साइट पर हुई थी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पुलिस को शक है कि आरोपी ने अन्य महिलाओं के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी की होगी। उसने खुद की पहचान डॉ. रोनित ओबेरॉय के रूप में दिखाई थी। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, महिला मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली है और फिलहाल पुणे में रहती है।

    बिजनेस के पैसे ठग लिए

    महिला ने मैट्रिमोनियल साइट पर अपनी प्रोफाइल बनाई थी। इसी के जरिए 2023 में उसकी पहचान डॉ. रोनित ओबेरॉय नामक युवक से हुई। रोनित उसके साथ काफी वक्त तक लिव इन में रहा। महिला को उसकी पिछली शादी से गुजारे भत्ते में 5 करोड़ रुपये मिले थे।

    वह इन पैसों का इस्तेमाल बिजनेस में करना चाहती थी। जब आरोपी को इसके बारे में पता चला, तो उसने महिला को झांसे में लिया और इंटरनेशनल फंडिंग दिलाने के नाम पर उसे कथित तौर पर सिंगापुर रहने वाले दो लोगों से मिलवाया। महिला ने आरोपी पर भरोसा करके अलग-अलग खातों में कुल 3.6 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए।

    पुलिस ने एयरपोर्ट से दबोचा

    बाद में आरोपी चला गया और उसने महिला को बताया कि उसे मुंह का कैंसर हो गया है। धीरे-धीरे उसने महिला से बातचीत बंद कर दी। इसके बाद सिंगापुर के एक व्यक्ति ने महिला को ईमेल में बताया कि रोनित की मौत हो चुकी है। महिला को तब जाकर ठगी का एहसास हुआ।

    उसने पुलिस में केस दर्ज कराया और इसके बाद जांच शुरू हुई। जांच में सामने आया कि आरोपी युवक रोनित ओबेरॉय की फर्जी पहचान बनाकर महिला के साथ रह रहा था। उसका असली नाम अभिषेक शुक्ला है। उसके पास ऑस्ट्रेलिया का पासपोर्ट है। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोचने की तैयारी शुरू की।

    पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सिंगापुर की फ्लाइट से मुंबई आ रहा है। तब पुलिस ने उसे मुंबई एयरपोर्ट पर ही दबोच लिया। उसकी डिजिटल एक्टिविटी से पता चला है कि आरोपी ने करीब 3194 महिलाओं को ऐसी ही संदेश भेजे थे। पुलिस को शक है कि उसे कई अन्य को भी चूना लगाया है।

    यह भी पढ़ें: कनाडा सरकार को हाईकोर्ट ने दी 65.9 करोड़ रुपये वसूलने की अनुमति, संजय मदान से जुड़ा है मामला