यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 08, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मुंबई में 1993 जैसे बम धमाकों की धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने फोन कर 1993 जैसे सीरियल बम धमाकों की धमकी देने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है। ...और पढ़ें

मुंबई, पीटीआई। मुंबई पुलिस को फोन कर 1993 जैसे सीरियल बम धमाकों की धमकी देने वाले हिस्ट्रीशीटर को महाराष्ट्र आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। मुंबई पुलिस के नियंत्रण कक्ष को शनिवार शाम एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसमें फोन करने वाले ने कहा कि दो महीने बाद माहिम, भिंडी बाजार, नागपाड़ा, मदनपुरा और अन्य इलाकों में सिलसिलेवार बम विस्फोट होंगे।
एटीएस के एक अधिकारी ने कहा कि फोन करने वाले ने यह भी कहा कि विभिन्न राज्यों के लोगों को सांप्रदायिक दंगे करने के लिए मुंबई बुलाया गया है। अधिकारी ने कहा कि एटीएस ने फोन करने वाले का पता लगाने के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया है। उसे उपनगरीय मलाड से गिरफ्तार किया गया। आरोपित के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 505-1 और धारा 182 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें: Mumbai News: मानवता हुई शर्मसार, दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने नाबालिग को किया गिरफ्तार
अधिकारी ने बताया कि आरोपित के खिलाफ विभिन्न थानों में लूट, छेड़छाड़, जमीन कब्जाने आदि सहित 12 मामले पहले से दर्ज हैं। आगे की जांच जारी है। बता दें कि 12 मार्च, 1993 को मुंबई में कम से कम 12 बम विस्फोट हुए थे, जिनमें 257 लोग मारे गए और कम से कम 1,400 लोग घायल हुए।
रेस्तरां में बम होने की झूठी काल करने वाला गिरफ्तार
वहीं, मुंबई पुलिस ने रविवार को एक 29 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जिसने शहर के एक लोकप्रिय रेस्तरां में बम होने के बारे में पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन किया था। वीपी रोड पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा कि आरोपित सुबह तीन बजे फोन कर कहा कि दक्षिण मुंबई के कोलाबा इलाके में एक प्रसिद्ध रेस्तरां में बम रखा गया है।
बम जांच एवं निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) और पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन इलाके में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। फोन नंबर के आधार पर पुलिस ने आरोपित का पता लगा लिया। प्रारंभिक जांच पता चला कि आरोपित मानसिक रूप से विक्षिप्त और बेरोजगार है। आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच जारी है।