'अजीत पवार की मौत का राजनीति न करें', सुप्रिया सुले के आरोपों पर डिप्टी सीएम सुनेत्रा का पलटवार
महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार ने पूर्व डिप्टी सीएम अजीत पवार की मृत्यु पर राजनीति न करने की अपील ...और पढ़ें

सुप्रिया सुले के आरोपों पर डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार का पलटवार (फाइल फोटो- ANI)
HighLights
सुनेत्रा पवार ने अजीत पवार की मृत्यु पर राजनीति न करने की अपील की
सुप्रिया सुले ने एफआईआर न होने और सत्ता के आनंद पर सवाल उठाए
सुनेत्रा ने कहा जांच एजेंसियां निष्पक्षता से अपना काम कर रही हैं
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी सीएम अजीत पवार की 28 जनवरी को बारामती विमान हादसे में हुई दुखद मृत्यु के बाद राज्य में राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले द्वारा मामले में एफआईआर दर्ज न होने और अजीत पवार गुट पर सत्ता का आनंद लेने के आरोपों के बाद उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने पलटवार किया है।
महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत के दौरान अजित पवार के हादसे को लेकर राजनीति नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद पैदा हुए दुख और खालीपन को उनके परिवार से बेहतर कोई नहीं समझ सकता।
सुनेत्रा पवार ने कहा कि अजित पवार के निधन से पूरे महाराष्ट्र में जो शून्य पैदा हुआ है, उसकी गहराई को उनके बच्चों और मुझसे बेहतर कौन समझ सकता है? इसलिए अजित दादा के हादसे पर राजनीति न करें।
क्या बोली थी सुप्रिया सुले?
दरअसल, सुनेत्रा पवार ने अपने पति की मृत्यु के बाद सरकार और पार्टी में उनकी जगह ली थी। जिसको लेकर अजीत पवार की चचेरी बहन सुप्रिया सुले द्वारा पार्टी के उनके गुट पर त्रासदी के बाद "सत्ता का आनंद लेने" का आरोप लगाया। बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुप्रिया सुले ने सवाल उठाया था कि अजीत पवार की मौत के संबंध में कोई एफआईआर क्यों दर्ज नहीं की गई है।
सुले ने आगे कहा कि हमने अपने परिवार के एक प्रमुख सदस्य को खो दिया। एनसीपी (अजीत पवार गुट) मौजूदा सरकार का हिस्सा है... क्या उनके 40 विधायकों या 8-9 मंत्रियों में से किसी ने भी मेरे भाई की मौत की एफआईआर या उचित जांच की मांग करते हुए एक शब्द भी कहा है? हमारा भाई हमें छोड़कर चला गया है और वे सत्ता का आनंद ले रहे हैं।
सीएम ने जो वादा किया उसे निभाया- सुनेत्रा
सुनेत्रा पवार ने इस पर पलटवार करते हुए कहा, "हर कोई इस त्रासदी के बाद एक ठोस फैसले की उम्मीद कर रहा है और उस दिशा में लगातार प्रयास जारी हैं। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर चुके हैं, यह बात सर्वविदित है।
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में जो वादा किया था, उसे निभाया है और वे उसे पूरा करने के लिए हर संभव कदम उठा रहे हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "जांच एजेंसियां निष्पक्षता से अपना काम कर रही हैं। हमें अपनी एजेंसियों, कानून और देश के संविधान पर पूरा विश्वास है, इसलिए हमें उन्हें जांच पूरी करने के लिए पर्याप्त समय देना चाहिए। बार-बार मीडिया के सामने आकर बयानबाज़ी करने का मतलब यह नहीं कि जांच की सही जानकारी दी जा रही है।
ऐसा लगता है जैसे मीडिया ट्रायल चलाने की कोशिश की जा रही है। सभी को यह समझना होगा कि अजीत दादा की माताजी, उनके बच्चों और मुझसे ज्यादा इस घटना से आहत और दुखी कोई दूसरा नहीं हो सकता।"
गौरतलब है कि इसी साल महाराष्ट्र के बारामती में प्लेन क्रैश होने से पूर्व डिप्टी सीएम अजीत पवार की मौत हो गई थी। अजीत पवार की मौत के बाद सुनेत्रा पवार को डिप्टी सीएम बनाया गया।
यह भी पढ़ें- अजीत पवार का प्लेन कैसे क्रैश हुआ था? बारामती विमान हादसे पर AAIB की जांच रिपोर्ट में खुलासा
यह भी पढ़ें- 'कर्नाटक में एफआईआर दर्ज होना गैरकानूनी', अजीत पवार मामले में बोले CM फडणवीस
