Mumbai: सड़कों को सुरक्षित बनाने के लिए IIT मुंबई और परिवहन विभाग ने उठाया बीड़ा, 20 ब्लैक स्पॉट्स चिह्नित
मुंबई की सड़कों को सुरक्षित बनाने के लिए आईआईटी मुंबई परिवहन विभाग और यातायात पुलिस द्वारा 20 खतरनाक जगहों (ब्लैक स्पॉट्स) का अध्ययन किया गया है। अध्ययन में इन जगहों की मुख्य समस्याएं और इन्हें सुरक्षित बनाने के लिए संभावित सुधारात्मक उपाय खोजे गए हैं। File Photo

मुंबई, जेएनएन। मुंबई की सड़कों को सुरक्षित बनाने के लिए आईआईटी मुंबई, परिवहन विभाग और यातायात पुलिस द्वारा 20 खतरनाक जगहों (ब्लैक स्पॉट्स) का अध्ययन किया गया है। अध्ययन में इन जगहों की मुख्य समस्याएं और इन्हें सुरक्षित बनाने के लिए संभावित सुधारात्मक उपाय खोजे गए हैं। 'स्लो डाउन' शीर्षक वाले इस गति अवलोकन अध्ययन को गैर-सरकारी संगठन यूनाइटेड वे मुंबई के नेतृत्व में किया गया।
कहीं खतरे के संकेत नहीं
अध्ययन में पाया गया कि फुटपाथ पर अतिक्रमण सड़क को असुरक्षित बनाने वाली बड़ी समस्या है। इससे लोग सड़कों पर चलने को मजबूर होते हैं। इसके अलावा अवैध पार्किंग, संकेतों की खामियों और सड़क चिह्नों के नहीं होने से भी सड़कों पर खतरा बढ़ जाता है। अध्ययन में पाया गया कि 20 खतरनाक जगहों में से सिर्फ 7 जगहों पर ही गति सीमा, दुर्घटना संभावित सड़क जैसे संकेत दर्शाए गए थे। 11 जगहों पर ऐसे संकेत नहीं थे, जबकि दो स्थानों पर इन्हें सही तरीके से नहीं दिखाया गया था। सात जगहों पर सड़क किनारे अवैध पार्किंग की समस्या थी।
इसके अलावा सात जगहों पर अतिक्रमण के कारण पैदल यात्री फुटपाथ के बजाय सड़कों पर चलने को मजबूर हैं। अध्ययन में सड़क डिजाइन, निर्माण और रखरखाव से संबंधित खामियां भी चिह्नित की गईं। अध्ययन में सड़क/लेन निशान नहीं होना या इनका फीका होना, रात में दृश्यता संबंधी दिक्कतें, अपर्याप्त सड़क संकेत और दो मार्गों का यातायात मिलने पर उनके टकराव की आशंका को खतरा बढ़ाने वाले कारण पाया गया।
सीसीटीवी लगाने और फेरीवालों को हटाने से आएगा सुधार
अध्ययन में समस्याओं के लिए समाधान भी सुझाए गए हैं। अध्ययन में ट्रैफिक वार्डन तैनात करने, फेरीवालों को हटाने, सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने और बेतरतीब पार्किंग रोकने के सुझाव दिए गए हैं। इसके अलावा समुचित साइनबोर्ड लगाने, सड़क चिह्नों को पेंट करने, समुचित दूरी पर संकेत लगाने और ज़ेबरा क्रॉसिंग चिह्न बनाए जाने की भी सलाह दी गई है। महाराष्ट्र के अपर परिवहन आयुक्त जितेंद्र पाटिल ने कहा कि इस अध्ययन में मुंबई की कुछ जगहें ही शामिल थीं, लेकिन इसके सुझाव पूरे राज्य के लिए उपयोगी हैं।
अध्ययन में इन ब्लैक स्पॉट्स को शामिल किया गया।
स्पॉट 1: ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे, रमाबाई नगर बस स्टॉप के पास, साईनगर नाला के पास, रेतीवाला, घाटकोपर पूर्व
स्पॉट 2: छेदा नगर और एससीएलआर पुल, छेड़ा नगर, बस स्टॉप, चेंबूर पूर्व
स्पॉट 3: सी लिंक की तरफ, माहीम कॉजवे जंक्शन, बांद्रा चौकी के पास, यू-ब्रिज, वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे, बांद्रा पश्चिम
स्पॉट 4: हाजी अली जंक्शन
स्पॉट 5: सिटी बेकरी, गफ़रखान पुल, वर्ली नाका, वर्ली
स्पॉट 6: साने गुरुजी उद्यान के सामने, सिद्धिविनायक मंदिर के पास, प्रभादेवी
स्पॉट 7: सरस्वती विद्या मंदिर के सामने, माहीम फाटक के पास, सेनापति बापट मार्ग, माहीम
स्पॉट 8: मेघदूत ब्रिज, इस्लाम जिमखाना के सामने, एन.एस. मार्ग
स्पॉट 9: बैरिस्टर नाथ पई मार्ग, चर्च सिग्नल, केनरा बैंक, एटीएम के सामने, डॉक यार्ड स्टेशन के पास, मझगांव
स्पॉट 10: वाई जंक्शन, सायन बांद्रा संपर्क रोड, धारावी
स्पॉट 11: सीएसटी पुल, कुर्ला बस डिपो के पास, कुर्ला पश्चिम
स्पॉट 12: शिम्पोली नाका संपर्क मार्ग, शिम्पोली गोराई मार्ग, शिम्पोली चौकी के पास, बोरीवली पश्चिम
स्पॉट 13: संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान गेट के पास, फ्लाईओवर के नीचे, बोरीवली पूर्व
स्पॉट 14: मेट्रो मॉल के पास, मगथाने डिपो उत्तर की तरफ, ब्रिज जंक्शन, एनेक्स मॉल के पास, वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे, बोरीवली पूर्व
स्पॉट 15: दुर्गा नगर जंक्शन, जेवीएलआर, जोगेश्वरी
स्पॉट 16: अकबर अली के सामने, उमर्शी बाप्पा चौक, गुरु प्रसाद बार के पास, सायन ट्रॉम्बे रोड, चेंबूर
स्पॉट 17: अमर महल जंक्शन, ठाणे की तरफ, अमर महल पुल के शुरू में
स्पॉट 18: गोदरेज घोडागेट सिग्नल, ठाणे-मुंबई मार्ग, विक्रोली पूर्व
स्पॉट 19: ऐरोली टोल नाका के पास, ऐरोली पुल से पहले, ठाणे-मुंबई मार्ग, ऐरोली-मुलुंड रोड
स्पॉट 20: आईआईटी मुंबई मुख्य द्वार के सामने, आईआईटी मुंबई सिग्नल, पवई
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।