Monsoon Update: छाई बरखा बहार, पड़े अंगना फुहार...महाराष्ट्र पहुंचा मानसून, भारी बारिश का अलर्ट
दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र पहुंच चुका है और अगले तीन दिनों में मुंबई पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने कोंकण और पश्चिमी महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। मानसून शनिवार को केरल में पहुंचा जो 2009 के बाद सबसे जल्दी है।केरल में भारी बारिश हो रही है। कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
पीटीआई, मुंबई। दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र पहुंच गया है और अगले तीन दिनों में इसके मुंबई और कुछ अन्य हिस्सों में पहुंचने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विभाग ने रविवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि महाराष्ट्र में तटीय कोंकण और मुंबई में पिछले दो दिनों से भारी प्री-मानसून बारिश हो रही है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून आमतौर पर सात जून के आसपास महाराष्ट्र और 11 जून को मुंबई पहुंचता है। मौसम विभाग ने कोंकण और पश्चिमी महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों को लेकर अगले कुछ दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है जिसमें अत्यधिक बारिश की चेतावनी दी गई है। गौरतलब है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने शनिवार को केरल में दस्तक दी थी।
5 अक्टूबर तक पूरी तरह से वापस चला जाता मानसून
वर्ष 2009 के बाद से राज्य में इसका सबसे जल्दी आगमन है। 2009 में यह 23 मई को दक्षिणी राज्य केरल में पहुंचा था। आम तौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून एक जून को 'गॉड्स ओन कंट्री' के नाम से प्रसिद्ध केरल में दस्तक देता है और आठ जुलाई तक पूरे देश को कवर कर लेता है। यह 17 सितंबर के आसपास उत्तर-पश्चिम भारत से पीछे हटना शुरू करता है और 15 अक्टूबर तक पूरी तरह से वापस चला जाता है।
बहरहाल, मौसम विभाग ने कहा कि रविवार को मानसून अरब सागर, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, उत्तरी बंगाल की खाड़ी और मिजोरम के कुछ हिस्सों, मणिपुर और नागालैंड के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया। 'मानसून की उत्तरी सीमा की' बात की जाए तो यह देवगढ़, बेलगावी, हावेरी, मंड्या, धर्मपुरी, चेन्नई, आइजोल, कोहिमा से होकर गुजरती है।
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, मुंबई सहित महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों, बेंगलुरु सहित समूचे कर्नाटक, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, तमिलनाडु के शेष हिस्सों, पश्चिम-मध्य और उत्तरी बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों तथा अगले तीन दिनों के दौरान पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ और हिस्सों में भी इसके आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।''
केरल में भारी बारिश से तबाही; पेड़ उखड़ने से नुकसान, मौतें
केरल में रविवार को भारी बारिश हुई। इसके कारण राज्य के कई हिस्सों में पेड़ उखड़ने से कुछ लोगों की मौत की खबरें सामने आई हैं। त्रिशूर जिले के चेरुथुरुथी में चलती ट्रेन पर एक पेड़ गिर गया और कोझिकोड में भी पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। दक्षिण-पश्चिम मानसून के जोर पकड़ने के कारण कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए, नदियां उफान पर आ गईं और कुछ बांधों के शटर खोल दिए गए।
भारी बारिश के पूर्वानुमान के चलते मौसम विभाग ने पांच जिलों - कासरगोड, कन्नूर, वायनाड, कोझिकोड और मलप्पुरम के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। राज्य के बाकी जिलों को आरेंज अलर्ट पर रखा गया है। इसके अलावा, तमिलनाडु के कई जिलों में भी 28 मई तक भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।