विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सावरकर पर टिप्पणी को लेकर सोनिया गांधी को कानूनी नोटिस, 15 दिन में बिना शर्त माफी मांगने की मांग

Published: Mon, 23 Nov 2026 08:55 PM (IST)

सोनिया गांधी को उनकी पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में वीर सावरकर के कथित गलत चित्रण पर कानूनी नोटिस मिला है। 

सोनिया गांधी को सावरकर पर टिप्पणी के लिए कानूनी नोटिस (सोनिया गांधी, फाइल फोटो)

सोनिया गांधी को सावरकर पर टिप्पणी के लिए कानूनी नोटिस (सोनिया गांधी, फाइल फोटो)

HighLights

  1. सोनिया गांधी को सावरकर पर टिप्पणी के लिए कानूनी नोटिस

  2. सावरकर के प्रपौत्र सात्यकि ने 15 दिन में माफी मांगी

  3. पुस्तक में सावरकर के चित्रण को गलत और भ्रामक बताया

राज्य ब्यूरो, मुंबई। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की पुस्तक 'बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव' में स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर को लेकर की गई टिप्पणियों पर सावरकर के प्रपौत्र सात्यकि सावरकर ने श्रीमती गांधी को कानूनी नोटिस भेजा है। यह नोटिस पुस्तक में उनके परदादा के कथित गलत और भ्रामक चित्रण को लेकर भेजा गया है।

नोटिस में 15 दिन के भीतर बिना शर्त माफी मांगने, विवादित टिप्पणियों का ऐतिहासिक आधार स्पष्ट करने और पुस्तक में आवश्यक सुधार करने की मांग की गई है। ऐसा नहीं करने पर सक्षम न्यायालय या प्राधिकरण के समक्ष कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।

सोनिया गांधी को सावरकर पर टिप्पणी के लिए कानूनी नोटिस

अधिवक्ता संग्राम कोल्हटकर के माध्यम से भेजे गए इस नोटिस में पुस्तक के पृष्ठ संख्या 201 और 443 पर प्रकाशित टिप्पणियों पर आपत्ति जताई गई है। हार्पर कॉलिन्स पब्लिशर्स इंडिया द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक को लेकर सात्यकि सावरकर का कहना है कि इसमें सावरकर के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और उनकी राजनीतिक विचारधारा का विकृत चित्रण किया गया है।

पुस्तक के पृष्ठ 201 पर लिखा गया है कि जब कांग्रेस के स्वतंत्रता सेनानी अंग्रेजों के अत्याचार और जेल की यातनाएं झेल रहे थे, तब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ विचारक विनायक दामोदर सावरकर अंग्रेज शासकों के सामने दया याचिकाएं लिख रहे थे और संगठन के सदस्य अंग्रेज अधिकारियों के लिए मुखबिर के रूप में काम कर रहे थे।

नोटिस में इस टिप्पणी को तथ्यात्मक रूप से गलत और ऐतिहासिक संदर्भों से परे बताया गया है। इसमें कहा गया है कि इससे सावरकर के अंग्रेजों के साथ मिलीभगत करने और स्वतंत्रता सेनानियों के खिलाफ मुखबिरी करने का भ्रम पैदा होता है।

जबकि उन्होंने ब्रिटिश शासन के दौरान लंबा कारावास झेला और अंडमान की सेल्युलर जेल में कठोर यातनाएं सहीं। नोटिस के अनुसार, उनकी दया याचिकाओं का उल्लेख तत्कालीन परिस्थितियों और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के बिना करना उनके जीवन संघर्ष की अधूरी तस्वीर पेश करता है।

पुस्तक में सावरकर के चित्रण को गलत और भ्रामक बताया

पुस्तक के पृष्ठ 443 पर सावरकर की हिंदुत्व विचारधारा को ऐसी भारतीय राष्ट्र की अवधारणा के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिसमें हिंदू सर्वोच्च हों। सात्यकि सावरकर ने इसे उनके राजनीतिक और वैचारिक चिंतन का सरलीकरण तथा गलत व्याख्या बताया है। उनका कहना है कि सावरकर के लेखन, भाषणों और विचारों को तत्कालीन ऐतिहासिक एवं राजनीतिक परिस्थितियों के संदर्भ में समझना जरूरी है।

नोटिस में सावरकर के प्रति पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के सम्मान का भी उल्लेख किया गया है। इसमें कहा गया है कि इंदिरा गांधी के कार्यकाल में केंद्र सरकार ने सावरकर के सम्मान में विशेष डाक टिकट जारी किया था। इंदिरा गांधी ने स्वातंत्र्यवीर सावरकर राष्ट्रीय स्मारक के लिए अपने निजी बैंक खाते से 11 हजार रुपये का योगदान भी दिया था।

इसके अलावा 1983 में सावरकर की जन्मशती पर फिल्म्स डिवीजन ने उनकी जीवनी पर वृत्तचित्र बनवाया था। नोटिस में भाग्यनगर (हैदराबाद) नि:शस्त्र प्रतिरोध आंदोलन में जेल जाने वाले कार्यकर्ताओं को स्वतंत्रता सेनानी के रूप में मान्यता दिए जाने का भी उल्लेख है। सात्यकि सावरकर ने सोनिया गांधी से पूछा है कि इन सरकारी अभिलेखों और इंदिरा गांधी के व्यक्तिगत योगदान के संदर्भ में पुस्तक की टिप्पणियों को कैसे उचित ठहराया जा सकता है।

नोटिस में विवादित अंशों के संबंध में लिखित और बिना शर्त माफी मांगने, सार्वजनिक स्पष्टीकरण देने तथा हार्पर कॉलिन्स से परामर्श कर पुस्तक के आगामी संस्करणों, पुनर्मुद्रण और डिजिटल संस्करणों से आपत्तिजनक टिप्पणियों को हटाने अथवा उनमें उचित संशोधन करने की मांग की गई है।

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र में ₹12500000 के जमीन सौदे के लिए डॉक्टर की हत्या, 5 दिन बाद बोरी में मिला शव

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र-गुजरात के दिग्गजों को चटाया धूल: ब‍िहार की जूही ने जयपुर में जीता पदक, ऑल इंडिया टूर्नामेंट का टिकट पक्का

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।