टीपू सुल्तान के महिमामंडन पर शिवसेना का हमला, एनसीपी से मांगा जवाब
शिवसेना ने टीपू सुल्तान के महिमामंडन को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) पर तीखा हमला किया है, इसे ऐतिहासिक नायकों का अपमान बताया।

शिवसेना ने टीपू सुल्तान के महिमामंडन को बताया दुर्भाग्यपूर्ण (शिवसेना प्रवक्ता आनंद दुबे की फाइल फोटो)
HighLights
शिवसेना ने टीपू सुल्तान के महिमामंडन को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
एनसीपी (एसपी) प्रवक्ता के बयान पर आनंद दुबे ने जताई आपत्ति
अजित पवार विमान दुर्घटना पर रोहित पवार ने उठाई साजिश की आशंका
ओम प्रकाश तिवारी, मुंबई। महाराष्ट्र में टीपू सुल्तान के महिमामंडन को लेकर शिवसेना प्रवक्ता आनंद दुबे ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज, छत्रपति संभाजी महाराज और वीर सावरकर देश के वास्तविक नायक हैं। ऐसे में टीपू सुल्तान का महिमामंडन करने की बात करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
शिवसेना ने टीपू सुल्तान के महिमामंडन को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
एनसीपी (एसपी) के प्रवक्ता नसीम सिद्दीकी ने कांग्रेस विधायक अमित देशमुख द्वारा टीपू सुल्तान के चित्र पर माल्यार्पण किए जाने की सराहना की थी। उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि यदि उनके हाथ में फैसला लेने का अधिकार हो तो वह पूरे देश में टीपू सुल्तान के चित्र लगवाएंगे।
साथ ही सरकारी कार्यालयों और स्कूलों में टीपू सुल्तान की वीरता पढ़ाए जाने की व्यवस्था करेंगे। इसी बयान पर आनंद दुबे ने आपत्ति जताते हुए इसे देश के ऐतिहासिक नायकों का अपमान बताया।
दुबे ने विपक्ष पर वैचारिक भटकाव का आरोप लगाते हुए कहा कि सिद्दीकी के बयान से उनकी मुगल शासक औरंगजेब के प्रति निकटता जाहिर होती है। उन्होंने यहां तक कहा कि यदि इन लोगों के हाथ में सत्ता आ जाए तो शायद हिंदुस्तान का नाम भी पाकिस्तान रख दें।
दूसरी ओर, पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में हुई मौत को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में विवाद ठंडा होने का नाम नहीं ले रहा है। भाजपा के विधान परिषद सदस्य प्रसाद लाड ने एनसीपी(एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार और सांसद सुप्रिया सुले से पार्टी विधायक रोहित पवार के आरोपों पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की है।
अजित पवार विमान दुर्घटना पर रोहित पवार ने उठाई साजिश की आशंका
लाड ने 17 नवंबर को रोहित पवार की प्रेस कान्फ्रेंस के बाद इंटरनेट मीडिया एक्स पर एक खुला पत्र जारी किया। इसमें उन्होंने पूछा कि क्या शरद पवार और सुप्रिया सुले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ रोहित पवार द्वारा लगाए गए आरोपों का समर्थन करते हैं?
उन्होंने कहा कि यदि पार्टी इन आरोपों से सहमत नहीं है तो उसे स्पष्ट रूप से उनका खंडन करना चाहिए। अन्यथा यह बताना चाहिए कि पार्टी रोहित पवार के साथ खड़ी है।
बता दें कि रोहित पवार ने कहा था दुर्घटना के दिन अजीत पवार को ले रहे विमान की कंपनी वीएसआर वेंचर्स के संस्थापक वीके सिंह से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के करीबी संबंध हैं। रोहित ने आरोप लगाया था कि अजित पवार की विमान दुर्घटना की जांच के दौरान सरकार द्वारा वीके सिंह को संरक्षण दिया जा रहा है।
रोहित पवार इस दुर्घटना के पीछे साजिश की आशंका भी जता चुके हैं। उन्होंने मामले की जांच महाराष्ट्र सीआइडी से लेकर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआइ) को सौंपने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र के बाद अब यूपी की राजनीति में सक्रिय हुआ शिंदे गुट, 35 सीटों पर शिवसेना उतारेगी प्रत्याशी
यह भी पढ़ें- NCP के दोनों गुटों के विलय की आशंका से बेचैन उद्धव ठाकरे की शिवसेना, संजय राउत के बयान से अटकलों को मिली हवा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।