विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

NCP के दोनों गुटों के विलय की आशंका से बेचैन उद्धव ठाकरे की शिवसेना, संजय राउत के बयान से अटकलों को मिली हवा

By Om Prakash TiwariEdited By: Sakshi Gupta
Published: Sat, 14 Nov 2026 09:48 PM (GMT+05:30)

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों घटकों के विलय की संभावनाओं पर शिवसेना (यूबीटी) में बेचैनी है। संजय राउत की लगातार ...और पढ़ें

उद्धव ठाकरे की शिवसेना बेचैन (फाइल फोटो)

उद्धव ठाकरे की शिवसेना बेचैन (फाइल फोटो)

HighLights

  1. शिवसेना (यूबीटी) राकांपा के संभावित विलय पर बेचैन दिख रही है।

  2. सुप्रिया सुले ने विलय की चर्चाओं को सिरे से खारिज कर दिया है।

  3. संजय राउत लगातार शरद पवार के रुख पर बयान दे रहे हैं।

ओमप्रकाश तिवारी, मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दोनों घटकों के विलय की संभावनाओं पर भले ही दोनों दलों के नेता बार-बार विराम लगा रहे हों, लेकिन इस मुद्दे को लेकर सबसे ज्यादा बेचैनी शिवसेना (यूबीटी) में दिखाई दे रही है।

राकांपा (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले और महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार विलय की चर्चाओं को खारिज कर चुकी हैं। इसके बावजूद शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत लगातार इस मुद्दे पर बयान दे रहे हैं।

शिवसेना (यूबीटी) के बयानों और पार्टी के मुखपत्र 'सामना' के संपादकीय से लगता है कि शिवसेना (यूबीटी) को शरद पवार के पाला बदलने और विपक्षी गठबंधन से दूर जाने की आशंका सता रही है।

सुप्रिया सुले ने विलय की बातों पर लगाया फुल स्टॉप

हाल ही में सुप्रिया सुले ने स्पष्ट किया कि उनके भाई और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के जीवित रहते दोनों राकांपा गुटों के विलय पर चर्चा हुई थी। इसके लिए एक तारीख भी तय की गई थी, लेकिन 28 जनवरी को विमान दुर्घटना में अजित पवार के निधन के साथ ही उनके लिए और उनकी पार्टी के भीतर यह चर्चा समाप्त हो गई।

सुप्रिया सुले ने यह भी कहा कि अजित पवार गुट की ओर से विलय के संबंध में न तो उन्हें कोई फोन आया है और न ही संदेश, पत्र अथवा ईमेल मिला है। सुले ने भाजपा नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल होने की संभावनाओं को भी सिरे से खारिज किया।

'NCP का नहीं होगा विलय'

इससे पहले राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे भी साफ कर चुके हैं कि उनकी पार्टी में शरद पवार गुट के साथ विलय को लेकर किसी स्तर पर कोई चर्चा नहीं हो रही है। उन्होंने वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल की शरद पवार से मुलाकात को महज शिष्टाचार भेंट बताया था।

तटकरे ने दो टूक कहा कि उनकी पार्टी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाले एनडीए में है और आगे भी उसी के साथ रहेगी।

संजय राउत ने भी विलय की खबरों को किया खारिज

इस सबके बावजूद संजय राउत इस मुद्दे को लगातार बयानबाजी करते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने हाल ही में कहा कि असली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी वही है, जिसका नेतृत्व शरद पवार कर रहे हैं। उनके अनुसार, दूसरा गुट अमित शाह की पार्टी का हिस्सा है।

राउत ने यह भी दावा किया कि शरद पवार और सुप्रिया सुले अमित शाह के नेतृत्व वाले एनसीपी गुट के साथ नहीं जाएंगे। उन्होंने दोनों गुटों के बीच विलय की चर्चाओं को राजनीतिक नाटक करार दिया।

राउत ने दोनों गुटों के नेताओं की मुलाकात की खबरों को भी खारिज करते हुए कहा कि प्रफुल्ल पटेल और सुप्रिया सुले की मुलाकात किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि संसदीय समितियों के कामकाज के सिलसिले में हुई थी।

शिवसेना (यूबीटी) के मुखपत्र 'सामना' के संपादकीय में भी इस मुद्दे पर चिंता जाहिर की गई है। इसमें कहा गया कि दोनों राकांपा गुटों के विलय और शरद पवार के एनडीए में शामिल होने की अटकलें वरिष्ठ नेता की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं।

संपादकीय में कहा गया कि शरद पवार की पार्टी महाविकास आघाड़ी और विपक्षी आइएनडीआइए गठबंधन का हिस्सा है। ऐसे में भाजपा के साथ जाने की अटकलें संदेह का वातावरण पैदा करती हैं।

वास्तव में महाराष्ट्र की राजनीति में शरद पवार का महत्व केवल उनकी पार्टी तक सीमित नहीं है। महाविकास आघाड़ी के गठन और विपक्षी राजनीति में उनकी भूमिका अहम रही है। ऐसे में यदि राकांपा (शरदचंद्र पवार) एनडीए की ओर जाती है तो इसका असर महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन की ताकत और समीकरणों पर पड़ सकता है।

संभवतः यही वजह है कि दोनों राकांपा गुटों के नेता जहां विलय की चर्चाओं को विराम देने में जुटे हैं, वहीं शिवसेना (यूबीटी) बार-बार यह बताने में लगी है कि शरद पवार भाजपा के साथ नहीं जाएंगे।

यह भी पढ़ें- मुंबई में छठ पूजा पर फिर गरमाई सियासत: राज ठाकरे बोले- विवाद पैदा करने के लिए छठ का इस्तेमाल कर रही भाजपा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।