'शरद पवार के NDA में जाने की संभावना नहीं, मुद्दों पर दे सकते हैं समर्थन', बोले छगन भुजबल
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री छगन भुजबल और शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने शरद पवार के भाजपानीत राजग गठबंधन में शामिल होने की संभावना को खारिज किया है।
-1795532884518_m.webp)
भुजबल ने कहा शरद पवार एनडीए में शामिल नहीं होंगे (छगन भुजबल, शरद पवार, फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और वरिष्ठ राकांपा नेता छगन भुजबल ने कहा है कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से नहीं लगता कि शरद पवार भाजपानीत राजग गठबंधन में शामिल होंगे।
हालांकि, किसी खास मुद्दे पर सहमति बनने की स्थिति में वह केंद्र सरकार का समर्थन कर सकते हैं। दूसरी ओर, शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने भी शरद पवार के एनडीए में जाने की संभावना को खारिज करते हुए इसे उनकी राजनीतिक विचारधारा के विपरीत बताया है।
भुजबल ने कहा शरद पवार एनडीए में शामिल नहीं होंगे
भुजबल ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि राजनीतिक नेताओं के बीच होने वाली मुलाकातों और चर्चाओं को अक्सर राजनीतिक समीकरणों में बदलाव से जोड़कर देखा जाने लगता है।
लेकिन जब तक शरद पवार स्वयं कोई औपचारिक निर्णय नहीं लेते, तब तक उनके एनडीए में शामिल होने की चर्चा अटकल मात्र है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी विशेष मुद्दे पर यदि शरद पवार को लगता है कि सरकार का पक्ष सही है तो वह उसका समर्थन कर सकते हैं।
इसे गठबंधन में शामिल होने के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। बता दें कि शरद पवार के कांग्रेस छोड़ने के समय से ही उनके साथी रहे थे। लेकिन वर्ष 2023 में अजीत पवार की बगावत के समय वह उनके साथ आ गए थे।
भुजबल ने परिसीमन विधेयक को लेकर भी शरद पवार गुट के समर्थन की संभावना जताई। उन्होंने कहा कि यदि राकांपा (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले और उनकी पार्टी को लगता है कि यह मुद्दा उचित है और देश के हित में है तो वे विधेयक का समर्थन कर सकते हैं।
हालांकि, इसके लिए पहले विधेयक का अध्ययन करना और उसके महत्व को समझना जरूरी होगा। उल्लेखनीय है कि सुप्रिया सुले ने कहा था कि परिसीमन का मुद्दा संसद में आने पर उनकी पार्टी विचार-विमर्श के बाद अपना रुख तय करेगी।
संजय राउत ने भी एनडीए में जाने की संभावना खारिज की
वहीं शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने भी शरद पवार के राजग में जाने की संभावनाओं को लगभग खारिज करते हुए कहा कि उनका पूरा राजनीतिक जीवन सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ संघर्ष करते हुए बीता है।
महाराष्ट्र के पहले मुख्यमंत्री यशवंतराव चव्हाण के बाद शरद पवार ने फुले-शाहू-आंबेडकर की विचारधारा को आगे बढ़ाने का काम किया है। राउत ने कहा कि शरद पवार के परिवार और पार्टी में उनके राजनीतिक उत्तराधिकारियों को इस वैचारिक विरासत का ध्यान रखना चाहिए।
कुछ लोगों की सत्ता में जाने की जल्दबाजी में शाहू-फुले-आंबेडकर की विचारधारा को दरकिनार करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक राजनीतिक दल में विचारों की अलग-अलग धाराएं होती हैं और शरद पवार की पार्टी में भी ऐसा ही है।
राउत ने विशेष रूप से सुप्रिया सुले का उल्लेख करते हुए कहा कि वह फुले-शाहू-आंबेडकर की विचारधारा की दृढ़ समर्थक हैं। वह भाजपा के साथ जाकर महाराष्ट्र के हितों को नुकसान नहीं पहुंचाएंगी।
यह भी पढ़ें- 'लोग तय करेंगे', सुप्रिया सुले ने पिता शरद पवार के रिटायरमेंट की अटकलों को किया खारिज
यह भी पढ़ें- दो दिनों में दो बार... पार्थ ने शरद पवार से की मुलाकात, NCP के विलय होने की चर्चा तेज
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।