महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, छह घंटे तक चली फायरिंग; 12 नक्सली ढेर
Maharashtra महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में बड़ी नक्सली मुठभेड़ हुई है जिसमें 12 नक्सली मारे गए हैं। वहीं सुरक्षाबलों के भी दो जवान घायल हुए हैं। उनका स्वास्थ्य अब स्थिर बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार सी 60 कमांडो और नक्सलियों के बीच भारी गोलीबारी हुई और यह छह घंटे तक जारी रही। घटनास्थल से नक्सलियों के शव और हथियार बरामद कर लिए गए हैं।

राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र के नक्सल प्रभावित गढ़चिरोली जिले में आज पुलिस के साथ मुठभेड़ में 12 नक्सलवादी मारे गए। मारे गए माओवादी नक्सलियों के पास से कई स्वचालित हथियार बरामद हुए हैं।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त सूचना के अनुसार गढ़चिरौली में छत्तीसगढ़ सीमा के निकट आज सुबह करीब 10 बजे एक अभियान शुरू किया गया, जिसमें उप पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में सात सी-60 दलों को वंडोली गांव में छत्तीसगढ़ सीमा के पास भेजा गया, क्योंकि गांव के पास 12-15 नक्सलियों के डेरा डाले होने की विश्वसनीय खुफिया सूचना मिली थी।
छह घंटे से ज्यादा चली फायरिंग
दोपहर में भारी गोलीबारी शुरू हुई और देर शाम तक रुक-रुक कर 6 घंटे से ज़्यादा समय तक जारी रही। इलाके की तलाशी में अब तक 12 माओवादियों के शव बरामद हुए हैं। अब तक तीन एके 47, दो इंसास, एक कार्बाइन, एक एसएलआर समेत सात स्वचालित हथियार बरामद किए गए हैं।
इलाके की तलाश जारी
मरने वाले माओवादियों में टिपागड़ दलम के इंचार्ज डीवीसीएम लक्ष्मण अत्राम उर्फ विशाल अत्राम की पहचान की गई है। माओवादियों की पहचान और इलाके की तलाशी जारी है। मुठभेड़ में सी60 के एक पीएसआई और एक जवान को गोली लगी है। वे खतरे से बाहर हैं। उन्हें निकाल लिया गया है और इलाज के लिए नागपुर भेज दिया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।