Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मुंबई फेरी दुर्घटना: व्यस्त समुद्री क्षेत्र में नौसेना के ट्रायल पर सवाल, इधर बोटिंग के लिए बदले नियम

    Updated: Thu, 19 Dec 2024 10:04 PM (IST)

    मुंबई में फेरी दुर्घटना के बाद पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नौसेना का ट्रायल रन प्रोटोकॉल के अनुसार था कि नहीं। साथ ही अगर फेरी में नियमों का उल्लंघन पाया गया तो उसके मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। इस बीच गेटवे ऑफ इंडिया पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए नए फैसले लिए गए हैं।

    Hero Image
    स्पीड बोट से टकराने के बाद डूब गई थी फेरी। (Photo- ANI)

    जेएनएन, मुंबई। मुंबई पुलिस ने नौसेना और महाराष्ट्र समुद्री बोर्ड को पत्र लिखकर दुर्घटना में शामिल नौसेना की स्पीड बोट और यात्रियों को एलीफेंटा गुफा ले जाने वाली फेरी के बारे में विस्तृत जानकारी मांगी है। पुलिस पता लगाना चाहती है कि ट्रायल रन एक व्यस्त समुद्री क्षेत्र में क्यों किया गया, जिसका उपयोग फेरी और अन्य नौकाओं द्वारा किया जाता है?

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ट्रायल रन के लिए स्थान का चयन नौसेना और समुद्री बोर्ड द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार है या नहीं। इसके अतिरिक्त अगर यह पाया जाता है कि फेरी अपनी क्षमता से अधिक यात्रियों को ले जा रही थी तो पुलिस नीलकमल के मालिक के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है। बताते चलें, बुधवार शाम करीब चार बजे नौसेना की एक स्पीड बोट मरम्मत के बाद जांच के लिए समुद्र में उतारी गई थी। इसी दौरान इंजन खराब होने से इसका संतुलन बिगड़ गया।

    यात्रियों की तलाश जारी

    तेज रफ्तार से चल रही स्पीड बोट गेटवे ऑफ इंडिया से एलीफेंटा द्वीप की ओर जा रही नीलकमल कंपनी की फेरी से सीधा टकरा गई। इस दुर्घटना में 13 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद दो लोग अब भी लापता हैं। एक अधिकारी ने बताया कि नौसेना के एक हेलीकॉप्टर और नौसेना तथा तटरक्षक बल की नौकाओं को लापता यात्रियों की तलाश के लिए तैनात किया गया है।

    कुल मिलाकर आठ नौकाएं खोज और बचाव अभियान में शामिल हैं। इस बीच, एलीफेंटा द्वीप पर जाने के लिए फेरी पर सवार होने वाले पर्यटकों की संख्या में गुरुवार को गिरावट देखी गई। गेटवे ऑफ इंडिया पर लोग टिकट के लिए कतार में खड़े देखे गए, लेकिन उनकी संख्या बुधवार को देखी गई भीड़ से बहुत कम थी।

    लाइफ जैकेट के बिना नहीं कर सकेंगे सवारी

    अधिकारियों ने गेटवे ऑफ इंडिया से रवाना होने वाली फेरी पर सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के लिए लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य कर दिया है। इन सुरक्षा उपायों के बीच अधिकांश फेरी पर अचानक से नए लाइफ जैकेट रख दिए गए। कुछ जैकेट पर कीमत का टैग भी लगा हुआ था या उन्हें प्लास्टिक की पैकेजिंग में रखा गया था। इससे यह सवाल उठ रहा है कि ऐसी बुनियादी सावधानी पहले क्यों नहीं बरती गई।

    एक तरफ फेरी संचालकों ने लाइफ जैकेट खरीद ली है तो दूसरी तरफ कई यात्री इसे पहनना अनिवार्य करने पर बहस कर रहे थे। दरअसल, फेरी पर काम करने वाले कर्मचारियों ने दावा किया कि दुर्घटना से पहले भी ऐसे मामले सामने आए हैं, जब यात्रियों को एहतियात के तौर पर जैकेट पहनने के लिए कहा गया तो वे बहस करने लगे।