Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Maharashtra Politics: मोहित कंबोज का ट्वीट, राकांपा के बड़े नेता की जल्द हो सकती है गिरफ्तारी

    By Sachin Kumar MishraEdited By:
    Updated: Wed, 17 Aug 2022 06:16 PM (IST)

    Maharashtra Politics मुंबई भाजपा के पूर्व नेता मोहित कंबोज भारतीय ने ट्वीट कर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के एक बड़े नेता की गिरफ्तारी के संकेत दिए हैं। ट्वीट में लिखा कि यह ट्वीट सेव कर लीजिए राकांपा का एक बड़ा नेता जल्दी ही नवाब मलिक और अनिल देशमुख से मिलेगा।

    Hero Image
    मोहित कंबोज ने ट्वीट कर राकांपा के बड़े नेता की गिरफ्तारी के दिए संकेत। फाइल फोटो

    मुंबई, राज्य ब्यूरो। Maharashtra Politics: महाराष्ट्र में भाजपा के पूर्व नेता मोहित कंबोज भारतीय (Mohit Kamboj) ने मंगलवार और बुधवार को एक के बाद एक कई ट्वीट कर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के एक बड़े नेता की गिरफ्तारी के संकेत दिए हैं। उनके द्वारा मंगलवार को किए गए एक ट्वीट में लिखा गया कि यह ट्वीट सेव कर लीजिए, राकांपा का एक बड़ा नेता जल्दी ही नवाब मलिक और अनिल देशमुख से मिलेगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कंबोज का ट्वीट, अब तांडव होगा

    इससे पहले मोहित कांबोज ने मंगलवार को ही लिखा था कि जिस सिंचाई घोटाले को परमबीर सिंह ने बंद कर दिया था, उसकी जांच फिर से होनी चाहिए। इससे कुछ पहले ही उन्होंने लिखा था कि मैं जल्द ही एक संवाददाता सम्मेलन करने वाला हूं, जिसमें राकांपा के एक बड़े नेता की देश व विदेश की संपत्तियों की सूची, उसकी बेनामी कंपनियों की सूची, उसकी महिला मित्रों के नाम पर संपत्तियों की सूची, मंत्री रहते विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार आदि की जानकारी सार्वजनिक करूंगा। इसके बाद बुधवार को मोहित ने दो ट्वीट किए हैं। एक ट्वीट में लिखा है कि हर हर महादेव। अब तांडव होगा। और दूसरे ट्वीट में अनिल देशमुख, नवाब मलिक, संजय पांडेय व संजय राउत का नाम लिखने के बाद पांचवीं जगह खाली छोड़ दी है।

    30 जून से पहले उद्धव सरकार गिरने की बात कही थी

    मुंबई भाजपा के पदाधिकारी रह चुके मोहित कंबोज कई बार चर्चा में रह चुके हैं। शाहरुख खान के पुत्र आर्यन खान की ड्रग मामले में गिरफ्तारी के बाद जब राज्य सरकार के तत्कालीन मंत्री नवाब मलिक भाजपा व देवेंद्र फडणवीस को कटघरे में खड़ा कर रहे थे, तभी मोहित कंबोज की नवाब मलिक से ट्वीटर पर तकरार शुरू हुई थी। नवाब मलिक का आरोप था कि आर्यन खान के साथ मोहित कंबोज के एक रिश्तेदार को भी हिरासत में लिया गया था, लेकिन उसे भाजपा के किसी बड़े नेता के दबाव में छोड़ दिया गया। मोहित कंबोज का एक ट्वीट उद्धव सरकार गिरने को लेकर भी चर्चित हुआ था। उन्होंने 30 जून से पहले उद्धव सरकार गिरने की बात कही थी, जो सही साबित हुई।

    धनंजय मुंडे ने कहा, हम डरने वाले नहीं

    उनके द्वारा किए गए कई ट्वीट्स के बाद जब विधानभवन में पत्रकारों ने नवनियुक्त मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार से मोहित के ट्वीट्स के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि मोहित कंबोज ने अपने ट्वीट में हालांकि व्यक्तिगत स्तर पर जानकारी दी है, लेकिन अब तक उनका स्ट्राइक रेट 100 फीसद रहा है। मोहित कंबोज के ट्वीट्स का संकेत महाराष्ट्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजीत पवार की ओर नजर आता है। क्योंकि अतीत में वही बहुकरोड़ीय सिंचाई घोटाले में फंसे थे, लेकिन महाविकास आघाड़ी सरकार के सत्ता में आने के बाद यह मामला दब गया था। मोहित के ट्वीट्स ने राकांपा में भी हलचल मचा दी है। राकांपा विधायक धनंजय मुंडे ने कहा कि भाजपा इस प्रकार के ट्वीट करके विपक्ष को डराने का प्रयास कर रही है, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं।

    comedy show banner
    comedy show banner