यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 07, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ठाणे में चाकू की नोंक पर गोल्ड चेन और मोबाइल फोन चुराने वाले बदमाशों को पुलिस ने पकड़ा, केस दर्ज
महाराष्ट्र पुलिस ने दो ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया है जिन्होंने दो अलग-अलग घटनाओं सोने की चेन छीनने और मोबाइल ...और पढ़ें

मुंबई, मिड डे। महाराष्ट्र (Maharashtra) के ठाणे जिले (Thane) में पुलिस ने दो ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने अलग-अलग घटनाओं में कथित तौर पर सोने की चेन छीनने और मोबाइल फोन चुराने जैसी वारदातों को अंजाम दिया है। एक पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
भिवंडी (Bhiwandi) में नरपोली पुलिस स्टेशन (Narpoli Police Station) के वरिष्ठ निरीक्षक मदन बल्लाल ने कहा, आरोपियों की पहचान राशिद अंसारी (24) और वसीम रईस (20) के रूप में हुई है।

लूटपाट के वक्त चाकू का भी करते थे इस्तेमाल
उन्होंने कहा कि पहली घटना 7 अगस्त को सामने आई थी। उस दौरान आरोपी ने अंजुनफार्ता रेलवे पुल के पास एक 26 साल के युवक को निशाना बनाते हुए उससे सोने की चेन छीनने की कोशिश की थी।
हालांकि, शख्स ने उस दौरान मोटरसाइकिल पर सवार हमलावरों से खुद को बचाने की भरपूर कोशिश की थी। बात नहीं बनने की स्थिति में शख्स पर चाकू से हमला तक किया गया और आखिरकार अपने मकसद में कामयाब होकर आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

आटोरिक्शा चालक के मोबाइल फोन को छीना
पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 394 (स्वेच्छा से डकैती करने के प्रयास में चोट पहुंचाना) और 34 (समान इरादे से आपराधिक कृत्य करने) के तहत केस दर्ज किया था। दूसरी घटना 29 सितंबर की है, जिसमें आरोपियों ने एक आटोरिक्शा चालक से उसका मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की थी।

चालक ने ऐसे दिखाई बहादुरी
घटना भिवंडी-नासिक रोड के पास मनकोली पुल के पास की है, जहां आटो रोककर चालक आराम फरमा रहा था। इस दौरान आरोपियों को सफलता नहीं मिली और आटो चालक ने भी इनके मोटरसाइकिल को पकड़ लिया था, जिससे ये जमीन पर गिर पड़े थे।
उस वक्त गश्त लगा रही पुलिस की एक टीम ने दोनों गुनेहगारों को धर दबोचा। इन्हें भी गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने इनके मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया और मोबाइल फोन की भी बरामदगी की, जिनकी कीमत 82,000 रुपये बताई जा रही है।
