महाराष्ट्र: कोल्हापुर मेले में खीर खाने से 250 से ज्यादा लोग बीमार, 50 अस्पताल में भर्ती
महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में मेले में खीर खाने से 250 से ज्यादा लोग बीमार पड़ गए। कुरुंदवाड पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी है। अधिकारी ने बताया कि शिवनकवाड़ी गांव में एक मेले का आयोजन किया गया था जहां दूध से बनी खीर को प्रसाद के रूप में परोसा गया था। इसे खाने से लोग बीमार पड़ गए।

पीटीआई, कोल्हापुर। महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कोल्हापुर जिले में गांव के मेले में भाग लेने के बाद संदिग्ध खाने में जहर के कारण 250 से अधिक लोग बीमार पड़ गये। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी है।
यह घटना मंगलवार को शिवनाकवाड़ी गांव में हुई, जहां एक धार्मिक मेले के दौरान प्रसाद के रूप में खीर बांटी गई थी। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को इस मामले की जानकारी दी और बताया कि बीमार हुए लोग दस्त और बुखार की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे थे।
कैसी है मरीजों की हालत?
कुरुंदवाड पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा, वर्तमान में शिरोल के अस्पताल में लगभग 50 लोगों का इलाज चल रहा है और उन सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। अधिकारी ने आगे बताया, जहर के कारण अब तक 255 लोग बीमार पड़ गए हैं। उनमें से ज्यादातर दावा कर रहे हैं कि उन्होंने मेले में खीर खाई थी। लेकिन वहां खाने के स्टॉल भी थे।
अस्पताल में 50 से अधिक लोगों का इलाज चल रहा है और बाकी को छुट्टी दे दी गई है। उन्होंने बताया कि भर्ती किए गए सभी मरीजों की हालत स्थिर है।
फोरेंसिक लैब में भेजे गए सैंपल
मेले से खाने के नमूने यह पता लगाने के लिए फोरेंसिक लैब में भेजे गए हैं कि क्या यह इसमें जहर मिला था। इस घटना से आसपास के लोग दहशत में आ गए हैं।
मामा ने रिसेप्शन के खाने में मिलाया जहर
इससे कुछ दिन पहले भी महाराष्ट्र के कोल्हापुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया था। यहां एक लड़की ने भागकर शादी कर ली तो गुस्साए मामा ने रिसेप्शन के खाने में जहर मिला दिया। जैसे ही इस बात का पता मेहमानों को लगा तो खलबली मच गई।
मामा अपनी भतीजी के विवाह समारोह में कथित तौर पर जबरन घुस आया और मेहमानों के लिए तैयार किए गए भोजन में जहर मिला दिया, क्योंकि वह उसकी शादी के खिलाफ था। महाराष्ट्र पुलिस ने इसकी जानकारी दी थी।हालांकि किसी व्यक्ति ने वह खाना नहीं खाया और उसके नमूने जांच के लिए भेज दिए गए हैं। फिलहाल आरोपी फरार है। पुलिस उसकी जांच में जुटी है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।