विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 07, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने अयोध्या के लिए रवाना की विशेष ट्रेन, रविवार को रामलला के दर्शन करेंगे सीएम शिंदे

By Jagran NewsEdited By: Devshanker Chovdhary
Published: Fri, 07 Apr 2023 11:59 PM (IST)

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को अयोध्या के लिए विशेष ट्रेन रवाना की। इस ट्रेन से उनकी पार्टी शिवसेना के कार्यकर्ता अयोध्या जा रहे हैं। मुख्यमंत्री शनिवार शाम हवाई मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना होंगे और रविवार को अयोध्या में रामलला के दर्शन करेंगे। Photo- CM Twitter

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने अयोध्या के लिए रवाना की विशेष ट्रेन।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने अयोध्या के लिए रवाना की विशेष ट्रेन।

राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को अयोध्या के लिए विशेष ट्रेन रवाना की। इस ट्रेन से उनकी पार्टी शिवसेना के कार्यकर्ता अयोध्या जा रहे हैं। मुख्यमंत्री शनिवार शाम हवाई मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना होंगे और रविवार को अयोध्या में रामलला के दर्शन करेंगे।

नौ अप्रैल को रामलला के दर्शन करेंगे शिंदे

मुख्यमंत्री शिंदे ने पिछले रविवार को ही घोषणा की थी कि वह नौ अप्रैल को रामलला के दर्शन करने अयोध्या जाएंगे। उनके अयोध्या पहुंचने से पहले उनकी पार्टी के कार्यकर्ता अयोध्या पहुंच जाएंगे ताकि रविवार को वे अपने नेता का भव्य स्वागत कर सकें। अपनी पार्टी शिवसेना के कार्यकर्ताओं को विशेष ट्रेन से रवाना करने शिंदे ठाणे स्टेशन पहुंचे।

शिंदे ने रवाना किया स्पेशल ट्रेन

कार्यकर्ताओं से भरी विशेष ट्रेन प्लेटफार्म नंबर पांच पर खड़ी थी, जहां शिंदे का स्वागत किया गया। शिंदे के साथ उनके सांसद पुत्र श्रीकांत शिंदे एवं पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी थे। पत्रकारों से बात करते हुए शिंदे ने कहा कि शिवसैनिकों को लेकर एक और ट्रेन नासिक से अयोध्या के लिए रवाना हो गई है। इन दोनों ट्रेनों से कुल मिलाकर 3,000 से अधिक श्रद्धालु मंदिर नगरी के लिए रवाना हो चुके हैं।

रविवार सुबह हेलीकॉप्टर से अयोध्या जाएंगे शिंदे

बता दें कि शिंदे रविवार सुबह हेलीकॉप्टर से लखनऊ से अयोध्या के लिए रवाना होंगे। वहां वह रामलला के दर्शन करेंगे और निर्माणाधीन राममंदिर को भी देखेंगे। शाम को सरयू आरती भी करेंगे, लेकिन अभी तक के कार्यक्रम में उनकी हनुमानगढ़ी जाने की योजना नहीं है। रविवार रात वह लखनऊ होते हुए मुंबई वापस आ जाएंगे।

शिंदे इससे पहले पिछले वर्ष जून में अयोध्या गए थे। तब उन पर तत्कालीन मंत्री एवं शिवसेना के युवा नेता आदित्य ठाकरे की यात्रा के इंतजाम की जिम्मेदारी थी। इस यात्रा के कुछ दिनों बाद ही उन्होंने पार्टी से बगावत कर सरकार गिरा दी थी। अयोध्या हमेशा से शिवसेना के हिंदुत्व के एजेंडे का हिस्सा रही है।

शिवसेना संस्थापक बालासाहब ठाकरे ने सबसे पहले बाबरी ढांचा ढहाए जाने का श्रेय शिवसैनिकों को दिया था। उद्धव ठाकरे भी अयोध्या जाते रहे हैं। अब मुख्यमंत्री के रूप में एकनाथ शिंदे अयोध्या में रामलला के दर्शन करके अपनी पार्टी को हिंदुत्व का वाहक सिद्ध करना चाहते हैं।

नाना पटोले भी अयोध्या जाएंगे

महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले भी अयोध्या जाने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने कहा है कि वह शीघ्र ही अयोध्या जाएंगे। नाना पटोले ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की नौ अप्रैल को हो रही अयोध्या यात्रा के बारे में पूछे जाने पर कहा कि मुझे भी अयोध्या आने का निमंत्रण मिला हुआ है, लेकिन कुछ व्यस्तताओं के कारण अभी तक नहीं जा सका हूं। शीघ्र ही अयोध्या जाने की योजना है।

पटोले ने महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रकांत पाटिल के बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा से छत्रपति शिवाजी महाराज के समावेशी हिंदुत्व की पक्षधर रही है। वह सब को साथ लेकर चलना चाहती है। चंद्रकांत पाटिल ने हाल ही में कहा था कि वह हिंदुत्व के एजेंडे पर एक-दूसरे के मुखर विरोधी उद्धव ठाकरे एवं मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को साथ लाना चाहते हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।