विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

क्या परिसीमन बिल पर केंद्र को समर्थन देगी शरद पवार की पार्टी? सुप्रिया सुले के बयान से सियासी हलचल तेज

Published: Thu, 26 Nov 2026 08:55 AM (GMT+05:30)Updated: Thu, 26 Nov 2026 08:58 AM (GMT+05:30)

परिसीमन विधेयक पर एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बिल को पहले पेश किया जाना चाहिए। हो सकता है यह एक अच्छा कानून साबित हो सकता है।

परिसीमन विधेयक पर सुप्रिया सुले का बयान  (स्क्रीनग्रैब- ANI)

परिसीमन विधेयक पर सुप्रिया सुले का बयान (स्क्रीनग्रैब- ANI)

HighLights

  1. 'पहले बिल पेश होने दें, हो सकता है यह अच्छा हो', परिसीमन विधेयक पर बोलीं सुप्रिया सुले

  2. परिसीमन विधेयक के समर्थन में सुप्रिया सुले के इस बयान के अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं

डिजिटल डेस्क, मुंबई। लोकसभा सीटों को बढ़ाकर 850 करने और महिला आरक्षण लागू करने से जुड़े प्रस्तावित परिसीमन विधेयक पर जारी राजनीतिक बहस के बीच एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले का बड़ा बयान सामने आया है।

उन्होंने परिसीमन बिल को समर्थन करने को लेकर पूछे जाने पर कहा, 'प्रस्तावित परिसीमन बिल को पहले पेश किया जाना चाहिए और चर्चा के लिए इसका पूरा मसौदा उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह एक अच्छा कानून साबित हो सकता है।'

सुले ने कहा कि ऐसे कई मौके आए हैं जब दोनों पक्षों ने मिलकर कानून पास किए हैं। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि इस देश में कई ऐसे उदाहरण हैं जहां विपक्ष और सत्ता पक्ष ने राष्ट्रीय हित में कानून पास करने के लिए मिलकर काम किया है।

 

पहले बिल को पेश होने दें

सुप्रिया सुले ने कहा, 'पहले बिल को पेश होने दें, हमारे पास पूरा बिल आने दें। एक बार जब यह हमारे पास आ जाएगा, तो हम इस पर चर्चा कर सकते हैं—और हो सकता है कि यह एक अच्छा कानून साबित हो।'

कंगना ने की थी राहुल गांधी की आलोचना

इससे पहले, सोमवार को BJP सांसद कंगना रनौत ने महिला आरक्षण बिल पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के रुख की तीखी आलोचना की। उन्होंने राहुल गांधी पर "महिला-विरोधी" होने का आरोप लगाया और कहा कि वे नहीं चाहते कि संसद में महिलाओं को पुरुषों के बराबर प्रतिनिधित्व मिले।

ANI से बात करते हुए रनौत ने कहा, 'अगर राहुल गांधी महिला-विरोधी नहीं होते, तो वे इस बिल को पेश होने देते। राहुल गांधी नहीं चाहते कि संसद में महिलाओं की संख्या पुरुषों के बराबर हो।'

क्या है परिसीमन विधेयक का उद्देश्य?

लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत कोटा लागू करने की प्रक्रिया को जनगणना और उसके बाद होने वाली परिसीमन प्रक्रिया से जोड़ा गया है। प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का उद्देश्य लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करना है।

भाजपा के नेतृत्व वाला NDA का तर्क है कि नई जनगणना के आंकड़ों को शामिल करने और लोकसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के लिए परिसीमन एक संवैधानिक आवश्यकता है।

वहीं, कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन इंडी ने मांग की है कि मौजूदा 543 सदस्यीय लोकसभा में ही महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण तुरंत लागू किया जाए। उन्होंने इस आरक्षण को परिसीमन प्रक्रिया से जोड़ने का विरोध किया है।

निचले सदन (लोकसभा) की सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने और 2023 में पारित महिला आरक्षण विधेयक को जल्द लागू करने के लिए 16 अप्रैल को लोकसभा में 'संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026' पेश किया गया था।

हालांकि, यह विधेयक संसद में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के बीच संवैधानिक रूप से आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल करने में विफल रहा, जिसके चलते यह पारित नहीं हो सका। (समाचार एजेंसी ANI के इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें- 'सभी राज्यों में एक समान फार्मूला अपनाया जाए', परिसीमन को लेकर सुप्रिया सुले की मांग

यह भी पढ़ें- 'लोग तय करेंगे', सुप्रिया सुले ने पिता शरद पवार के रिटायरमेंट की अटकलों को किया खारिज


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।