'मैं हमेशा यहीं रहूंगी', झूठ बोलकर जबरन आदित्य रॉय कपूर के घर में दाखिल हुई महिला? हाउस हेल्पर ने बताई पूरी कहानी
एक्टर आदित्य रॉय कपूर के घर में गजाला करिया सिद्दीकी नामक (39 वर्षीय) महिला तीन गिफ्ट बैग लेकर जबरन दाखिल हो गई। महिला ने कहा था कि आदित्य रॉय ने उसे बुलाया है। हाउस हेल्पर ने महिला को एक्टर के घर में आने की इजाजत दी। जब आदित्य रॉय घर लौटे तो हेल्पर ने सारी बात एक्टर को बताई।

मुंबई, मिड डे। अक्सर फैंस अपने पसंदीदा एक्टर-एक्ट्रेस से मुलाकात करने के लिए सारी हदें पार कर देते हैं। हाल ही में बॉलीवुड एक्टर सलमान खान की सुरक्षा में सेंध लगी थी। 48 घंटे के अंदर दो लोगों ने सलमान खान के घर में दाखिल होने की कोशिश की थी। इन दो लोगों में एक 32 साल की ईशा छाबड़ा नामक लड़की को भी गिरफ्तार किया था।
वहीं, एक और ऐसा मामला सामने आया है, जहां एक लड़की ने खुद को एक्टर आदित्य रॉय कपूर को अपना फैन बताया और उनसे मिलने के लिए उनके घर में दाखिल हो गई। इतना ही नहीं लड़की घर में ही रहने की जिद भी करने लगी।
आइए पढ़ते हैं कि पूरी कहानी क्या है।
एक्टर आदित्य रॉय कपूर के घर में पिछले आठ वर्षों से काम कर रहीं (हाउस हेल्पर) 49 वर्षीय संगीता अर्जुन पवार ने मिड-डे को सिलसिलेवार तरीके से पूरी जानकारी दी।
संगीता ने कहा, "मैं आठ साल से आदित्य रॉय कपूर के घर पर काम कर रही हूं। सोमवार (26 मई) को जब आदित्य रॉय शूटिंग के लिए बाहर थे तो शाम 6 बजे के आसपास एक महिला 2-3 बैग लेकर आई और डोरबेल बजाई। उसने पूछा कि क्या यह एक्टर आदित्य रॉय का घर है, मैंने हां कहा। मुझे लगा कि वह कोई फैशन डिजाइनर हो सकती है, इसलिए मैंने उसे अंदर आने दिया।"
मैं हमेशा आदित्य रॉय के घर में रहूंगी...
उन्होंने आगे कहा, “बाद में आदित्य सर घर लौटे। मैंने उन्हें बताया कि एक महिला उनसे मिलने आई है। उन्होंने उससे विनम्रता से बात की और कहा कि वह उसे नहीं जानते। महिला ने दावा किया कि वह उनकी प्रशंसक है। जब उन्हें जाने के लिए कहा गया, तो उसने मना कर दिया और कहा कि वह हमेशा के लिए वहां रहेगी। मैंने आदित्य सर को घर छोड़ने की सलाह दी और बॉडीगार्ड व सिक्योरिटी स्टाफ को बुलाया। चूंकि वह एक महिला थी, इसलिए किसी ने उसे छुआ नहीं। हमने तुरंत पुलिस को बुलाया।”
कई धाराओं के तहत महिला के खिलाफ मामला दर्ज
खार पुलिस तुरंत पहुंची और महिला कांस्टेबलों की मदद से सिद्दीकी को परिसर से हटाकर हिरासत में लिया और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “हमने दुबई की निवासी गजाला करिया सिद्दीकी (47) के खिलाफ अभिनेता आदित्य रॉय कपूर के घर में बिना अनुमति प्रवेश करने और अनधिकृत प्रवेश के लिए एफआईआर दर्ज की है। उसे बीएनएस अधिनियम की धारा 331(2) के तहत गिरफ्तार किया गया और अदालत में पेश किया गया, जहां उसे एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया।”
महिला ने सफाई में क्या कहा?
पुलिस को दिए बयान में सिद्दीकी ने कहा, “मैं आदित्य रॉय कपूर की बहुत बड़ी प्रशंसक हूं। मैं सोशल मीडिया पर उनकी दैनिक गतिविधियों को फॉलो करती हूं और मुझे उनके घर, जिम और अन्य पतों की जानकारी ऑनलाइन आसानी से मिल गई। मैं उनसे मिलने के लिए फ्लाइट से मुंबई आई। जब मैंने उन्हें घर पहुंचते देखा, तो मैं सोफे से उठी और उन्हें गले लगाने की कोशिश की। मेरा कोई और इरादा नहीं था।”
उसने आगे कहा, “मैंने उनकी सारी फिल्में देखी हैं, खासकर ‘आशिकी 2’ मुझे बहुत पसंद है। मैंने उनकी शूटिंग और ठिकानों की जानकारी जुटाई और मुंबई आई।”
सिद्दीकी के अनुसार, जब वह बिल्डिंग पहुंची, तो सिक्योरिटी गार्ड ने पूछा कि वह कहां जा रही है। उसने सच कहा कि वह आदित्य रॉय कपूर के घर जा रही है। इसके बाद उसने डोरबेल बजाई और नौकरानी को बताया कि वह अभिनेता से मिलने आई है। नौकरानी ने उसे अंदर आने दिया। उसने कहा, “जब मैंने उन्हें देखा, तो मैं खुद को रोक नहीं पाई और उनके करीब जाकर गले लगाने की कोशिश की।”
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।