नागपुर में सभी इलाकों से हटा कर्फ्यू, प्रशासन का सख्त पहरा जारी; सीएम फडणवीस बोले- उपद्रवियों से करेंगे नुकसान की भरपाई
नागपुर में 17 मार्च को हुई हिंसा के बाद हालात सामान्य होने पर प्रशासन ने रविवार को कर्फ्यू पूरी तरह हटा दिया। पुलिस ने अब तक 99 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हिंसा से हुए नुकसान की भरपाई उपद्रवियों से की जाएगी। मुख्य आरोपी फहीम खान के मेडिकल परीक्षण के आदेश दिए गए हैं। पुलिस निष्पक्ष जांच का आश्वासन दे रही है।

एएनआई, नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर शहर में हालात सामान्य होने के बाद प्रशासन ने नागपुर के सभी इलाकों से कर्फ्यू हटा लिया है। रविवार दोपहर 3 बजे से कोतवाली, तहसील, गणेशपेठ और यशोधरा नगर में भी प्रतिबंधों में ढील दी गई। पुलिस आयुक्त रवींद्र सिंघल ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था की समीक्षा के बाद यह फैसला लिया गया है। इससे पहले शनिवार को पाचपावली, शांतिनगर, लकड़गंज, सक्करदरा और इमामवाड़ा में कर्फ्यू समाप्त कर दिया गया था। वहीं, कोतवाली, तहसील और गणेशपेठ में शनिवार रात 7 से 10 बजे तक अस्थायी राहत दी गई थी।
हिंसा का नुकसान उपद्रवियों से वसूला जाएगा
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट किया कि 17 मार्च को हुई हिंसा के दौरान हुए नुकसान की भरपाई उपद्रवियों से करवाई जाएगी।
उन्होंने कहा, "जो लोग शहर की अमन-चैन को नुकसान पहुंचा रहे हैं, उनसे इसकी कीमत वसूली जाएगी। अगर वे भुगतान नहीं करते हैं, तो उनकी संपत्तियां नीलाम की जाएंगी और जरूरत पड़ी तो बुलडोज़र का भी इस्तेमाल होगा।"
गिरफ्तारियां और जांच जारी
नागपुर हिंसा मामले में अब तक कुल 99 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। पुलिस ने Minorities Democratic Party के कार्यवाहक अध्यक्ष हमीद इंजीनियर को शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। इस बात की पुष्टि डीसीपी लोहित मातानी ने की।
वहीं, इस मामले के मुख्य आरोपी फहीम खान ने पुलिस पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था, जिसके बाद नागपुर कोर्ट ने उनके मेडिकल परीक्षण का आदेश दिया। उनकी मजिस्ट्रेट कस्टडी रिमांड (MCR) दर्ज कर ली गई है, जबकि पुलिस कस्टडी रिमांड (PCR) को लेकर अदालत ने फैसला सुरक्षित रखा है।
पुलिस आयुक्त रवींद्र सिंघल ने कहा, "अब तक 99 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच पूरी निष्पक्षता से की जा रही है और कानून अपना काम करेगा।"
यह भी पढ़ें: RSS के 100 वर्ष: राष्ट्र निर्माण की नई रणनीति, नए संकल्प; क्या क्या बोले सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले?
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।