विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 04, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'औरंगजेब ज्यादा प्यारे हैं तो उसकी कब्र...' मुगल शासक की तारीफ करने वाले अबू आजमी पर क्या बोलीं नवनीत राणा?

By Agency Edited By: Piyush Kumar
Published: Tue, 04 Mar 2025 04:58 PM (IST)

Aurangzeb Row मुगल शासक औरंगजेब को लेकर सपा विधायक अबू आजमी ने टिप्पणी की। सपा विधायक ने औरंगजेब को कुशल ...और पढ़ें

भाजपा नेता नवनीत राणा ने अबू आजमी के खिलाफ कड़ी टिप्पणी की है।(फोटो सोर्स: सोशल मीडिया)
भाजपा नेता नवनीत राणा ने अबू आजमी के खिलाफ कड़ी टिप्पणी की है।(फोटो सोर्स: सोशल मीडिया)

HighLights

  1. अबू आजमी को महाराष्ट्र विधानसभा से निलंबित किया जाए: भाजपा
  2. औरंगजेब की कब्र को भी तोड़ दिया जाना चाहिए: नवनीत राणा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आजमी ने औरंगजेब (Aurangzeb Row) को लेकर टिप्पणी की है, जिसपर महाराष्ट्र में हंगामा मचा हुआ है। सपा विधायक ने औरंगजेब को उत्तम प्रशासक बताया है। समाजवादी पार्टी के विधायक के इस टिप्पणी पर महाराष्ट्र में सियासी तूफान मचा हुआ है। भाजपा गठबंधन सरकार ने अबू आजमी को महाराष्ट्र विधानसभा से निलंबित करने की मांग की है।

नवनीत राणा ने अबू आजमी की टिप्पणी पर क्या कहा?

अबू आजमी की टिप्पणी पर भाजपा नेता नवनीत राणा ने टिप्पणी की है। उन्होंने कहा,"महाराष्ट्र विधानसभा के एक विधायक ने महाराष्ट्र में एक स्टेटमेंट दिया कि औरंगजेब ने राजा होने के तौर पर प्रशासन चलाया, बहुत अच्छी सेवा दी। उनको मैं याद दिलाना चाहती हूं कि जिस महाराष्ट्र की विधानसभा में चुनकर आप पांच-पांच साल जाकर बैठते हैं ना उस महाराष्ट्र के राजा सिर्फ छत्रपति शिवाजी महाराज और संभाजी महाराज थे। तुम्हारे बाप औरंगजेब ने संभाजी महाराज पर अत्याचार किया।"

भाजपा नेता ने आगे कहा,"मैं महाराष्ट्र सरकार से गुजारिश करना चाहती हूं कि जिस तरह से औरंगाबाद का नाम बदलकर हमारे भगवान संभाजी महाराज के नाम पर रखा गया, उसी तरह औरंगजेब की कब्र को भी तोड़ दिया जाना चाहिए।"

विधानसभा में उठा अबू आजमी के बयान का मुद्दा

अबू आजमी की टिप्पणी मामले पर आज महाराष्ट्र विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ। आज (मंगलवार) विधानसभा का सत्र शुरू होने के बाद शिवसेना के मंत्री उदय सामंत ने अबू आजमी के निलंबन की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि अबू आजमी के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया जाना चाहिए।

अबू आजमी देशद्रोही हैं: एकनाथ शिंदे

वहीं, अबू आजमी के बयान पर डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा,"अबू आजमी देशद्रोही हैं। उन्हें इस सदन में बैठने का कोई अधिकार नहीं है। औरंगजेब ने संभाजी महाराज को 40 दिनों तक बंदी बना रखा, संभाजी महाराज के नाखून और जीभ काट लिया था। यहां तक कि संभाजी महाराज को यातना देने के लिए उनके शरीर पर नमक डाला गया।"

एकनाथ शिंदे ने कहा, "आखिर में मैं यह कहना चाहता हूं कि देश-धर्म पर मिटने वाला शेर शिवा का छावा था। महापराक्रमी परम प्रतापी एक ही शंभू राजा था।"

अबू आजमी ने क्या कहा था?

दरअसल, अबू आजमी ने कहा था कि औरंगजेब एक क्रूर शासक नहीं थे। उन्होंने अगर मंदिर तोड़ी थी तो मस्जिद भी  तोड़ी थी, इसमें हिंदू-मुस्लिम करने की जरूरत नहीं है। उनके खिलाफ नौपाड़ा थाने में जीरो FIR दर्ज की गई है। मामले को मरीन ड्राइव थाने में ट्रांसफर किया गया है। मरीन ड्राइव थाने में बीएनएस के तहत सीआर नबंर 59/25 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

सपा विधायक ने सफाई में क्या कहा?

औरंगजेब वाली टिप्पणी को लेकर अबू आजमी ने सफाई भी दी। उन्होंने कहा, "कल (सोमवार) विधानसभा समाप्त होने के बाद, टीवी वालों ने मुझे बताया कि असम के सीएम (हिमंत बिस्वा सरमा) ने राहुल गांधी को औरंगजेब कहा है। जब उन्होंने औरंगजेब का जिक्र किया, तो मैंने सतीश चंद्रा, डॉ. राजीव दीक्षित, अवध ओझा को पढ़ा है।"

उन्होंने आगे कहा,"मेरी बातों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया है। ऐसा लगता है कि मेरी बातों से जैसे तूफान आ गया हो।  चाहे छत्रपति शिवाजी महाराज हों, छत्रपति संभाजी महाराज हों, डॉ. भीमराव अंबेडकर हों या ज्योतिराव फुले मैं सभी का सम्मान करते हैं। अगर मेरी बात से किसी को बुरा लगा है तो मैं अपना बयान वापस लेता हूं। विधानसभा का काम नहीं रुकना चाहिए।"

यह भी पढ़ें: 'अबु आजमी देशद्रोही है, कड़ी सजा मिले', औरंगजेब की तारीफ कर बुरे फंसे सपा विधायक; विधानसभा में एकनाथ शिंदे हुए आग-बबूला