Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गढ़चिरौली में 11 माओवादियों का आत्मसमर्पण, फडणवीस ने कहा नक्सलवाद समाप्ति की ओर

    Updated: Wed, 01 Jan 2025 11:30 PM (IST)

    महाराष्ट्र में माओवादियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इस बीच 11 और माओवादियों ने बुधवार को सीएम फडणवीस के सामने आत्मसमर्पण किया है। बताया गया कि ...और पढ़ें

    Hero Image
    सीएम फडणवीस ने कहा नक्सलवाद समाप्ति की ओर (फाइल फोटो)

    राज्य ब्यूरो, जागरण। महाराष्ट्र में माओवादियों की वरिष्ठ कैडर विमलचंद्र सिदाम उर्फ तारक्का समेत कुल 11 माओवादियों ने बुधवार को गढ़चिरौली में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इन माओवादियों पर कुल 1.03 करोड़ रुपए का इनाम घोषित था और ये सुरक्षाकर्मियों पर हमले करने में शामिल थे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों में सबसे प्रमुख नाम दंडकारण्य जोनल कमेटी के सदस्य विमलचंद्र सिदाम उर्फ तारक्का का है, जो पिछले 38 वर्षों से नक्सलवादी आंदोलन में शामिल था। फडणवीस ने आज नक्सल विरोधी अभियानों में बहादुरी के लिए सी-60 कमांडो और अधिकारियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि हथियार डालने वाले माओवादियों की संख्या में वृद्धि तथा आंदोलन में भर्ती होने में विफलता को देखते हुए कहा जा सकता है कि महाराष्ट्र जल्द ही नक्सल समस्या से मुक्त हो जाएगा।

    नक्सली गतिविधियां बिल्कुल समाप्त

    उन्होंने कहा कि गढ़चिरौली पुलिस ने नक्सली गतिविधियों को लगभग समाप्त कर दिया है। उत्तरी गढ़चिरौली अब माओवादी गतिविधियों से मुक्त है और दक्षिणी गढ़चिरौली भी जल्द ही नक्सलियों से मुक्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि माओवादी कार्यकर्ताओं ने आंदोलन से खुद को अलग कर लिया है क्योंकि उन्हें इसकी खोखली विचारधारा का अहसास हो गया है। उन्हें अब विश्वास हो गया है कि उन्हें केवल संवैधानिक संस्थाओं के माध्यम से ही न्याय मिल सकता है।

    सीएम फडणवीस ने क्या कहा?

    फडणवीस ने कहा कि भारत विकास में तेजी से आगे बढ़ रहा है, इसलिए माओवाद कम हो रहा है। फडणवीस ने कहा कि गढ़चिरौली को अक्सर महाराष्ट्र का अंतिम जिला कहा जाता है। लेकिन सरकार ने माओवादियों के प्रभुत्व को खत्म करके गढ़चिरौली को ‘पहला जिला’ बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

    फडणवीस ने अपने दौरे के दौरान जिले में 32 किलोमीटर लंबी गट्टा-गरदेवाडा-वांगेतुरी सड़क और वांगेतुरी-गरदेवाडा-गट्टा-अहेरी मार्ग पर महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की बस सेवा का उद्घाटन किया। यह सड़क महाराष्ट्र को सीधे छत्तीसगढ़ से जोड़ेगी। उन्होंने कहा कि अब नक्सलियों के प्रभाव से यह क्षेत्र आजाद हो रहा है और लोगों को आजादी के 77 साल बाद एमएसआरटीसी बस सेवाएं मिल रही हैं।

    पस्त हो रहे माओवादी

    उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व तथा गढ़चिरौली पुलिस और स्थानीय प्रशासन के संयुक्त प्रयासों के कारण पिछले चार वर्षों में माओवादी गढ़चिरौली में एक भी कैडर की भर्ती करने में विफल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़चिरौली जिले में खनन से संबंधित उद्यमों में 20,000 रोजगार के अवसर पैदा होंगे। निकट भविष्य में गढ़चिरौली में एक हवाई अड्डा बनाया जाएगा और गढ़चिरौली को बंदरगाहों से जोड़ने वाले जलमार्गों का भी सर्वेक्षण किया जाएगा।