ये है विश्व की पहली वैदिक घड़ी, 30 मुहूर्त के साथ समय और खूबसूरत पर्यटन स्थलों की दिखेगी झलक
World First Vedic clock वैदिक घड़ी जीवाजी वेधशाला परिसर में लगी है। इसे जंतर-मंतर भी कहा जाता है। इसका इतिहास 300 साल पुराना है। जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक डा. राजेन्द्र प्रकाश गुप्त के अनुसार मालवा के गवर्नर रहे महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने सन् 1719 में उज्जैन में जीवाजी वेधशाला का निर्माण कराया था। इसके बाद दिल्ली जयपुर मथुरा और वाराणसी में भी वेधशाला का निर्माण कराया था।

जेएनएन, उज्जैन। विश्व की पहली वैदिक घड़ी रविवार को 'काल गणना के केंद्र' माने गए उज्जैन में स्थापित कर दी गई। घड़ी 30 मुहूर्तों के साथ वैदिक, भारतीय मानक समय और ग्रीनविच मीन टाइम के साथ समय बता रही है। इसके बैकग्राउंड में हर घंटे देश-दुनिया के खूबसूरत पर्यटन स्थलों की तस्वीर बदल रही हैं।
घड़ी में पल-पल शहर का तापमान, हवा की गति, नमी, हिंदू कैलेंडर अनुरूप माह का नाम भी दर्शाया जा रहा है। इसका लोकार्पण एक मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कालिदास संस्कृत अकादमी में आयोजित होने वाले दो दिवसीय विक्रम व्यापार मेला, 40 दिवसीय विक्रमोत्सव और व्यापार मेले के उद्घाटन समारोह में करेंगे।
महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक श्रीराम तिवारी ने बताया कि घड़ी की विशेषता यह है कि लोग एक वक्त में द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर, नवग्रह, राशि चक्र देख सकेंगे तो दूसरे वक्त देश-दुनिया में होने वाले सबसे खूबसूरत सूर्यास्त, सूर्य ग्रहण के नजारे भी देख सकेंगे। एप डाउनलोड कर स्मार्ट वाच और मोबाइल में भी घड़ी के साथ इन नजारों को देखा जा सकेगा।
तस्वीरों के लिए नेशनल एयरोनाटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन यानी नासा से भी मदद ली गई है। वैदिक घड़ी के एप्लीकेशन में विक्रम पंचांग भी समाहित है, जो सूर्योदय से सूर्यास्त की जानकारी के साथ ग्रह, योग, भद्रा, चंद्र स्थिति, नक्षत्र, चौघडि़या, सूर्यग्रहण, चंद्रग्रहण की विस्तृत जानकारी उपलब्ध करा रहा है।
जानिए वैदिक समय को
यदि भारतीय मानक समय शाम 7.40 बजे का है तो वैदिक घड़ी में समय 15 बजकर 17 मिनट नौ सेकंड प्रदर्शित होगा। ग्रीनविच मीन टाइम 1.35 बजे प्रदर्शित होगा।
जहां लगी घड़ी, उसका इतिहास 300 वर्ष पुराना
वैदिक घड़ी, जीवाजी वेधशाला परिसर में लगी है। इसे जंतर-मंतर भी कहा जाता है। इसका इतिहास 300 साल पुराना है। जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक डा. राजेन्द्र प्रकाश गुप्त के अनुसार मालवा के गवर्नर रहे महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने सन् 1719 में उज्जैन में जीवाजी वेधशाला का निर्माण कराया था। इसके बाद दिल्ली, जयपुर, मथुरा और वाराणसी में भी वेधशाला का निर्माण कराया था। चूंकि, उज्जैन से कर्क रेखा भी गुजरती है, इसलिए सवाई जयसिंह ने यहां स्वयं आकर अध्ययन किया था। इसके बाद करीब 200 वर्षों तक उज्जैन की वेधशाला उपेक्षित रही। 1923 में इसका पुनरुद्धार हुआ था।
यह भी जानिए
वैदिक घड़ी स्थापना के लिए क्लाक टावर बनाने को भूमिपूजन छह नवंबर 2022 को उच्च शिक्षा मंत्री रहते डा. मोहन यादव (अब मुख्यमंत्री) ने किया था। कायदे से टावर का निर्माण होकर वैदिक घड़ी की स्थापना घोषणा अनुरूप पिछले वर्ष गुड़ी पड़वा, 22 मार्च 2023 को हो जानी थी, मगर टावर और घड़ी का निर्माण नहीं होने से यह समय रहते नहीं हो सकी। टावर के शिखर पर टेलीस्कोप भी लगवाया जाएगा, ताकि रात में आकाश में होने वाली खगोलीय घटनाओं का नजारा देखा जा सके।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।