खरगोन में अनियंत्रित होकर पलटी बस, चार लोगों की मौत; जेसीबी की मदद से निकाले गए यात्री
Khargone Bus Accident मध्य प्रदेश के खरगोन में भीषण सड़क हादसे में यात्रियों से भरी एक बस पलट गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 22 यात्री घायल हुए हैं। बस पलटने के बाद कई यात्री दब गए थे जिन्हें जेसीबी की मदद से निकाला गया। हादसा खंडवा- वडोदरा हाईवे पर हुआ है जब अंधे मोड़ पर बस अनियंत्रित हो गई।

जेएनएन, खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के खंडवा- वडोदरा हाईवे पर शनिवार को एक यात्री बस सेगांव के समीप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में चार यात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, इसमें एक सात वर्षीय बालक भी है, जबकि 22 अन्य यात्री घायल हुए है।
इसमें से 10 से अधिक लोगों को खरगोन जिला अस्पताल रेफर किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा बस की तेज रफ्तार होने के कारण अंधे मोड़ पर हुआ। वाहन चालक तेजगति होने से संतुलन खो बैठा था। इससे बस पलट गई। समय रहते बड़ी संख्या में ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंच गई और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
जेसीबी की मदद से सीधी की गई बस
बस पलटने से कई यात्री दब गए थे, जिन्हें जेसीबी की मदद से बस को सीधा करने के बाद निकाला गया। वहीं घटना की जानकारी लगते ही जिला मुख्यालय से एसपी धर्मराज मीणा, एसडीएम बीएस कलेशस व एएसपी मनोहरसिंह बारिया मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी प्राप्त की। वहीं घटना के बाद पुलिस ने बस के चालक और परिचालक को अपनी गिरफ्त में ले लिया है।
एसपी मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना की सूचना मिली थी। मैं स्वयं अधिकारियों के साथ घटना स्थल और अस्पताल गया था। घटना में कई लोग घायल हुए है। इसमें तीन महिलाओं सहित एक बच्चे की मौत हुई है। घटना में प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में जांच की जाएगी।
इसी बस का हुआ था पहले थी हादसा
जानकरी के लिए अनुसार हादसे का शिकार हुई बस क्रमांक एमपी 10 पी 7755 एमएसटी (मां शारदा ट्रैवल) इससे पहले नौ मई 2023 की घटना का शिकार हो चुकी है। बस खरगोन-ठीकरी मार्ग से गुजरते वक्त अचानक अनियंत्रित होकर बस बोराड़ नदी पर बने 50 फीट ऊंचे पुल की रेलिंग तोड़कर नीचे जा गिरी थी। हादसे के वक्त क्षमता से अधिक यात्री बस में सवार थे। इस दौरान 22 लोगों की मौत और 40 लोग से अधिक लोग घायल हुए थे।
इस मामले में बस मालिक प्रवीण सोनी, चालक सुनील राठौर और कंडक्टर संतोष बारचे के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा के तहत केस दर्ज किया गया था। आरोपितों द्वारा जानबूझकर क्षमता से अधिक सवारी भरी गई थी। यह जानते हुए कि इतनी सवारी भरने और तेज गति से वाहन चलाने से यात्रियों की मृत्यु हो सकती है, उसके बाद भी यह कृत्य किया गया। इसी तरह दौबारा से यह बस का हादसा हुआ है। अब जांच के बाद क्या कार्रवाई की जाएगी। यह देखना बाकी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।