विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 17, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jitu Patwari: 15 साल में युवा नेता से प्रदेश अध्यक्ष तक का सफर, दो बार बने विधायक; इनके हाथ में 45 प्रतिशत सीटों का खेल

By Jagran NewsEdited By: Jeet Kumar
Published: Sun, 17 Dec 2023 03:00 AM (IST)

कांग्रेस ने अपनी मध्य प्रदेश की कमान जीतू पटवारी को सौंप दी है। 15 साल के राजनीतिक सफर में पटवारी ...और पढ़ें

कांग्रेस ने अपनी मध्य प्रदेश की कमान जीतू पटवारी को सौंप दी है
कांग्रेस ने अपनी मध्य प्रदेश की कमान जीतू पटवारी को सौंप दी है

जेएनएन, इंदौर। 47 वर्ष के जीतू पटवारी के हाथ में प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंप दी गई है। 15 साल के राजनीतिक सफर में पटवारी की रफ्तार खासी तेज रही। वे प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बने बीते समय से कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष, दो बार विधायक, 16 महीने की सरकार में मंत्री बने और अब प्रदेश संगठन की कमान संभालेंगे।

इंदौर के शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय से पढ़ाई के साथ राजनीतिक का ककहरा सीखने वाले जीतू पटवारी बीते समय से ही दिल्ली के करीबी माने जाते हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ों यात्रा का उन्हें क्षेत्र में प्रभारी बनाया गया। विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस द्वारा निकाली गई जन आक्रोश यात्रा के वे प्रभारी रहे।

पटवारी के रूप में मिला ओबीसी और युवा चेहरा

राऊ क्षेत्र से दो बार लगातार विधानसभा चुनाव जीतने के बाद ताजा विधानसभा चुनाव में पटवारी की हार हुई लेकिन समर्थकों ने इस पर यकीन नहीं किया। समर्थक अब भी मानते हैं कि हार के पीछे का सच कुछ और है। जीतू पटवारी के अध्यक्ष के रूप में ताजपोशी के साथ प्रदेश कांग्रेस ने ओबीसी चेहरे को भी आगे कर दिया है।

अपनी मुखरता और भाजपा पर हमलावर रूख रखने के कारण पटवारी की पहचान पूरे प्रदेश में है। कार्यकारी अध्यक्ष और मंत्री रहते पटवारी ने अपने समर्थकों का आधार भी पूरे प्रदेश में बनाया। खाती समाज से ताल्लुक रखने वाले पटवारी के समर्थक दावा करते हैं कि समाज के वोट प्रदेश की 45 प्रतिशत सीटों पर असर करते हैं। इंदौर के साथ आष्टा, सीहोर, राजगढ़, रतलाम, शाजापुर, धार, विदिशा, उज्जैन, देवास, ब्यावरा जैसे क्षेत्रों में समाज के वोटों का बड़ा असर है।

घोषणा होने के बाद पहुंचे सांवेर

प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नाम तय होने की घोषणा के बाद जीतू पटवारी सांवेर में हनुमान मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे। इस बीच इंदौर कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन पर शहर अध्यक्ष सुरजीत चड्डा, कार्यकारी अध्यक्ष अमन बजाज, अरविंद बागड़ी, देवेंद्र यादव, विवेक खंडेलवाल, गिरीश यादव समेत तमाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की।