MP Elections 2023: सात नगरीय निकायों के लिए वोटिंग जारी, 224 मतदान केंद्रों पर डाले जा रहे मत
मध्य प्रदेश में सात नगरीय निकाय चुनाव की शुरूआत हो चुकी है। शुक्रवार की सुबह से जिल में मतदान की शुरुआत हुई है।सात निकायों के 224 मतदान केंद्रों पर मतदाता अपना बहुमूल्य मतदान दर्ज कराएंगे। जिसमें कुल 1 लाख 55 हजार 927 मतदाता भाग लेंगे।

भोपाल, ऑनलाइन डेस्क। मध्य प्रदेश में सात नगरीय निकाय चुनाव की शुरूआत हो चुकी है। शुक्रवार की सुबह से जिल में मतदान की शुरुआत हुई है। राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने जिले में निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव करवाने के लिए सुबह छह से सात बजे के बीच सभी पोलिंग बूथों पर माकड्रिल भी की है। लेकिन भारत में पड़ रही कड़ाके की सर्दी का असर जिले के नगरीय चुनाव में भी देखने को मिला है। जानकारी के मुताबिक सुबह मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कमी दिखी है। हालांकि सुबह 8 बजे के बाद मतदान में तेजी आने के आसार हैं।
जिले के 7 निकायों के 224 मतदान केंद्रों पर होगा चुनाव
मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में लोकतंत्र के त्यौहार चुनाव में सात निकायों के 224 मतदान केंद्रों पर मतदाता अपना बहुमूल्य मतदान दर्ज कराएंगे। जानकारी के मुताबिक जिले में मतदान से एक दिन पहले चुनाव लड़ रहे सभी उम्मीदवारों ने घर-घर जा कर मौन जनसंपर्क किया है। तो वहीं प्रशासनिक दलों ने भी जिले में चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली है। राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारी मतदान केंद्रों पर मतदान के लिए सभी आवश्यक समान लेकर रात को ही पहुंच गए थे।
1 लाख 55 हजार 927 मतदाता करेंगे 7 निकायों में मत
जिले की दो नगर पालिका बड़वानी, सेंधवा तथा पांच नगर परिषद अंजड़, राजपुर, पलसूद, पानसेमल, खेतिया में होने वाले चुनाव में कुल 1 लाख 55 हजार 927 मतदाता अपने बहुमूल्य मताधिकार का उपयोग करेंगे। सभी मतदाता 123 वार्ड पार्षदों का चुनाव करेंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने जिले में नगरीय निकाय चुनाव के लिए 224 मतदान केंद्र बनाए हैं। इन मतदान केंद्रों पर 78 हजार 209 महिला मतदाता हैं। तो वहीं 77 हजार 705 पुरूष मतदाता और 13 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। यह सभी मतदाता आज इवीएम का बटन दबाकर अपना मत दर्ज कराएंगे।
बड़वानी के 24 वार्डो में बनाए गए 64 मतदान केंद्र
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार नगर पालिका बड़वानी में कुल 24 वार्डो में 64 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन मतदान केंद्रों पर 43 हजार 290 वोटर्स अपने वोट का इस्तेमाल करेंगे। बता दें कि बड़वानी में महिला मतदाता की संख्या 21 हजार 962 है। तो वहीं पुरूष मतदाता की संख्या 21 हजार 327 है। इसके अलावा बड़वानी में अन्य मतदाता की संख्या 1 है। इसी प्रकार नगर पालिका सेंधवा में कुल 24 वार्डो में 58 मतदान केन्द्रों पर 44 हजार 637 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। इसमें महिला मतदाता की संख्या 22 हजार 130 तथा पुरूष मतदाता की संख्या 22 हजार 497 तथा अन्य मतदाता की संख्या 10 है।
नगर परिषद अंजड़ और पानसेमल में इतने मतदाता लेंगे भाग
नगर परिषद अंजड़ में कुल 15 वार्डो के लिए 29 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जहां पर कुल 20 हजार 186 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इसमें महिला मतदाता की संख्या 10 हजार 248 है। तो वहीं पुरूष मतदाता की संख्या 9 हजार 938 व अन्य मतदाता की संख्या शून्य है। नगर परिषद पानसेमल में कुल 15 वार्डो के 16 मतदान केन्द्रो पर 10 हजार 405 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। इसमें महिला मतदाता की संख्या 5 हजार 265 तथा पुरूष मतदाता की संख्या 5 हजार 139 व अन्य मतदाता की संख्या 1 है।
यह भी पढ़े: Fact Check : सोनिया गांधी, पीएम मोदी की पुरानी तस्वीर भ्रामक दावे के साथ वायरल
पलसूद में 15 तो वहीं राजपुर में बनाए गए 24 मतदान केंद्र
नगर परिषद पलसूद में कुल 15 वार्डो के लिए 15 मतदान केंद्र तैयार किए गए हैं। इस क्षेत्र में कुल 8 हजार127 मतदाता हैं। इसमें से महिला मतदाता की संख्या 4 हजार 84 है। तो वहीं पुरूष मतदाता की संख्या 4 हजार 42 व अन्य मतदाता की संख्या 1 है। नगर परिषद खेतिया में कुल 15 वार्डो के 18 मतदान केन्द्रो पर 12 हजार 853 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। इसमें महिला मतदाता की संख्या 6 हजार 450 तथा पुरूष मतदाता की संख्या 6 हजार 403 व अन्य मतदाता की संख्या शून्य है। नगर परिषद राजपुर में कुल 15 वार्डो के 24 मतदान केंद्रों पर 16 हजार 429 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। इसमें महिला मतदाता की संख्या 8 हजार 70 तथा पुरुष मतदाता की संख्या 8 हजार 359 व अन्य मतदाता की संख्या शून्य है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।