RSS के अनुषांगिक संगठन भी करेंगे पंच परिवर्तन पर अमल, पदाधिकारियों के बीच बैठकों का सिलसिला जारी
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और उसके सहयोगी संगठन 'पंच परिवर्तन' योजना को लागू करने की तैयारी में हैं। इस बारे में चर्चा जबलपुर में होने वाली अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक में होगी। संघ ने 2026 तक समाज में व्यापक बदलाव लाने का लक्ष्य रखा है, जिसके लिए व्यक्ति, परिवार, समाज और पर्यावरण में सुधार पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। बैठक में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी शामिल होंगे।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अलावा उसके अनुषांगिक संगठन भी पंच परिवर्तन के विचार पर अमल करेंगे। इस बारे में प्रस्ताव पर जबलपुर में 30 अक्टूबर से एक नवंबर तक होने वाली संघ के अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक में चर्चा की जाएगी। सोमवार को शीर्ष टोली ने इसके लिए सभी अनुषांगिक संगठनों से वार्षिक रूपरेखा मांगी है, ताकि उसके क्रियान्वयन पर विचार किया जा सके।
जबलपुर के विजय नगर स्थित कचनार क्लब परिसर में अखिल भारतीय कार्यकारिणी मंडल की बैठक की तैयारी के लिए संघ के राष्ट्रीय पदाधिकारियों के बीच बैठकों का सिलसिला चल रहा है। इसके लिए संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्णगोपाल, केसी मुकुंद, अरुण कुमार, रामदत्त चक्रधर, आलोक कुमार और अतुल लिमये पहले ही आ चुके हैं।
रविवार को भाषाई प्रचारकों ने गुजराती, पंजाबी और मराठी समूहों के प्रतिनिधियों से संवाद भी किया। इसके अलावा तीन सामाजिक बैठकों में भी अखिल भारतीय पदाधिकारियों के साथ क्षेत्रीय टोली के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
'पंच परिवर्तन' संघ की दूरदर्शी पहल
उल्लेखनीय है कि संघ ने अपने स्थापना के शताब्दी वर्ष (2025-26) को दृष्टिगत रखते हुए अक्टूबर 2026 तक के लिए 'पंच परिवर्तन' नामक एक दूरदर्शी पहल तय की है। इस पहल का उद्देश्य समाज और संगठन के विभिन्न स्तरों पर व्यापक परिवर्तन लाना है। पंच परिवर्तन के अंतर्गत संगठन, समाज, व्यक्ति, परिवार और वातावरण के आयामों में सुधार और संवर्धन पर विशेष बल दिया गया है।
संघ का मानना है कि व्यक्ति और परिवार से प्रारंभ होकर समाज और राष्ट्र तक परिवर्तन की लहर पहुंचाई जा सकती है।
आज आएंगे अनुषांगिक संगठन के प्रमुख
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए 46 प्रांत के प्रचारकों के अलावा अनुषांगिक संगठनों,विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल से जुड़े संगठनों के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष भी मंगलवार को जबलपुर आ रहे हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।