विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 07, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Sagar News: सागर के बीना में मिशनरी स्कूल की प्रयोगशाला में मिला मानव भ्रूण, पुलिस ने किया जब्‍त

By Jagran NewsEdited By: Devshanker Chovdhary
Published: Fri, 07 Apr 2023 05:42 PM (IST)

मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना में मिशनरी द्वारा संचालित निर्मल ज्योति कान्वेंट स्कूल की प्रयोगशाला के एक जार ...और पढ़ें

सागर के बीना में मिशनरी स्कूल की प्रयोगशाला में मिला मानव भ्रूण।
सागर के बीना में मिशनरी स्कूल की प्रयोगशाला में मिला मानव भ्रूण।

सागर, जेएनएन। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना में मिशनरी द्वारा संचालित निर्मल ज्योति कान्वेंट स्कूल की प्रयोगशाला के एक जार में मानव भ्रूण रखा हुआ था। जब मध्य प्रदेश बाल संरक्षण आयोग के सदस्य जांच करने स्कूल पहुंचे तो उन्हें यह भ्रूण दिखा। इस पर तत्काल उन्होंने पुलिस को जानकारी देकर भ्रूण जब्त कराया और मामले की जांच करने के लिए कहा।

क्या है मामला?

दरअसल, फीस नहीं भरने पर निर्मल ज्योति कान्वेंट स्कूल की प्राचार्य द्वारा एक छात्र को स्कूल से निष्कासित कर दिया गया था। इस पर 03 फरवरी को उस छात्र के पिता ने अधिकारियों सहित मध्य प्रदेश बाल संरक्षण आयोग से शिकायत की थी। जिस संबंध में गुरूवार को आयोग के सदस्य ओमकार सिंह तथा डा निवेदिता शर्मा जांच के लिए बीना पहुंचे।

मिशनरी स्कूल में मिला मानव भ्रूण

प्राचार्य के जबाब से असंतुष्ट आयोग के सदस्यों ने स्कूल के दस्तावेज चेक किए, साथ ही स्कूल का निरीक्षण किया। प्रयोगशाला के निरीक्षण में उन्हें एक जार में मानव भ्रूण रखा मिला। यह देखकर वे सन्‍न रह गए। यह भ्रूण कितना पुराना था, इस पर प्राचार्य जानकारी नहीं दे पाईं। तब आयोग के सदस्यों ने तत्काल टीआई कमल निगवाल को निर्देशित किया कि वह भ्रूण को जब्त कर इसकी जांच कराएं और उचित कार्रवाई करें।

डॉ निवेदिता शर्मा ने बताया कि स्कूल परिसर में गेस्ट रूम था, जो कि नहीं होना चाहिए। आयोग के सदस्यों व अधिकारियों को उस गेस्ट रूम तक नहीं जाने दिया गया। इसके अलावा सभी स्टाफ का पुलिस वेरिफिकेशन नहीं है। जमीन का डायवर्सन अन्य व्यवसाय के लिए कराया गया है, जो नियम विरुद्ध है। फीस को लेकर दबाब बनाया जा रहा है, यह भी गलत है। इससे अभिभावकों व छात्रों पर मानसिक दबाब पड़ता है। प्रयोगशाला में जीवों के पुराने नमूने रखे हुए हैं, जो सड़ गए हैं। केमिकल से इन्हें सही ढंग से संरक्षित नहीं किया गया है। इसके लिए पुलिस को निर्देशित किया गया है कि वह जांच कर रिपोर्ट दें।

एफएसएल को सोमवार को भेजा जाएगा भ्रूण

टीआई कमल निगवाल का कहना है कि अभी गुड फ्राइडे सहित अन्य छुट्टियां हैं। सोमवार को भ्रूण जांच के लिए एफएसएल को भेजेंगे। शिक्षा विभाग से जांच प्रतिवेदन आने के बाद छात्र मामले में भी जांच कर कार्रवाई की जाएगी। मामले में निर्मल ज्योति कान्वेंट स्कूल प्राचार्य सिस्टर ग्रेस से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।