दिल्ली पुलिस ने मध्य प्रदेश से सुल्ली डील्स ऐप बनाने के आरोपी ओंकारेश्वर ठाकुर को किया गिरफ्तार
Sulli Deals मुस्लिम महिलाओं की फोटो ऑनलाइन करने का मास्टरमाइंड इंदौर से गिरफ्तार 25 वर्षीय ओंकारेश्वर ठाकुर ने पुलिस के सामने कबूल किया कि उसने जुलाई 2021 में गिटहब पर सुल्ली डील ऐप बनाया था। ओंकारेश्वर ठाकुर बीसीए का छात्र है।

इंदौर, जेएनएन। दिल्ली पुलिस ने मध्य प्रदेश के इंदौर से सुल्ली डील्स ऐप बनाने के आरोपी (SulliDeals app creator) ओंकारेश्वर ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस उसे अपने साथ दिल्ली ले गई है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, ओंकारेश्वर ठाकुर ट्विटर पर उस ट्रेड ग्रुप का सदस्य था, जो मुस्लिम महिलाओं को ट्रोल करता था। माना जा रहा है कि ओंकारेश्वर ठाकुर से पूछताछ के बाद और नाम सामने आ सकते हैं। जानकारी हो कि सुल्ली डील्स ऐप के जरिए मुस्लिम महिलाओं के फोटो ऑनलाइन जारी करने के मामले में पहली गिरफ्तारी हो गई है। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के डीसीपी केपीएस मल्होत्रा ने इसकी पुष्टि की है।
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (आईएफएसओ) के डीसीपी के. पी. एस. मल्होत्रा के अनुसार मास्टरमाइंड ओंकारेश्वर ठाकुर को पुलिस ने इंदौर से गिरफ़्तार किया। यह मुस्लिम महिलाओं को ट्रोल करने के लिए ट्विटर पर बनाए गए ट्राड-ग्रुप का सदस्य था।
मालूम हो कि 25 वर्षीय ओंकारेश्वर ठाकुर ने पुलिस के सामने कबूल किया कि उसने जुलाई 2021 में गिटहब पर सुल्ली डील ऐप बनाया था। ऐप के जरिए कई मुस्लिम महिलाओं की उनकी सहमति के बिना नीलामी के लिए तस्वीरें अपलोड की गई थीं। ओंकारेश्वर ठाकुर बीसीए का छात्र है। जुलाई 2021 में दिल्ली पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बुल्ली बाई ऐप बनाने वाले नीरज बिश्नोई को दिल्ली पुलिस ने 6 जनवरी को गिरफ्तार किया था। जानकारी के अनुसार ओंकारेश्वर ठाकुर पिता अखिलेश ठाकुर इंदौर की न्यूयार्क सिटी टाउनशिप का निवासी है। 17 जनवरी 1996 को जन्मे ओंकारेश्वर ने इंदौर की आइपीएस एकेडमी से बीसीए किया है।
'बुल्ली बाई' मामले की जांच से पता चला है कि नीरज बिश्नोई ट्विटर हैंडल "@sullideals" के निर्माता के संपर्क में थे, जिसका इस्तेमाल गिटहब पर 'सुल्ली डील' ऐप बनाने के लिए किया गया था। दिल्ली के किशनगढ़ पुलिस स्टेशन में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर जांच आगे बढ़ी और अब दिल्ली पुलिस ने यह बड़ी कामयाबी हासिल की है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।