Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Madhya Pradesh: मप्र के श्योपुर और सिवनी में दुष्कर्म के आरोपितों के घरों पर चला बुलडोजर

    By Sachin Kumar MishraEdited By:
    Updated: Mon, 21 Mar 2022 08:18 PM (IST)

    Madhya Pradesh मध्य प्रदेश में पुलिस ने श्योपुर और सिवनी में दुष्कर्म के आरोपितों को गिरफ्तार करने के बाद उनके घर ढहा दिए। इस मौके पर सरकारी भूमि पर उगाई गई गेहूं की फसल को भी नष्ट कराया गया है।

    Hero Image
    मप्र में दुष्कर्म के आरोपितों के घरों पर चला बुलडोजर। फाइल फोटो

    श्योपुर/सिवनी, जेएनएन। मध्य प्रदेश के श्योपुर और सिवनी में पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपितों के घर बुलडोजर से ढहा दिए।श्योपुर में आदिवासी समाज की नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के तीनों आरोपितों को गिरफ्तार करने के बाद उनके घर ढहा दिए। गत रविवार को एंटी माफिया अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपितों के मकान सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बने थे, जिन्हें ढहाया गया। इसके साथ ही दो बीघा सरकारी भूमि पर उगाई गई गेहूं की फसल को भी नष्ट कराया गया है। गौरतलब है कि गत 17 मार्च को आदिवासी समाज की नाबालिग के साथ शहवाज पुत्र जाकिर खान, रियाज पुत्र आजाद खान और मोहसिन पुत्र सत्तार खान ने जंगल में सामूहिक दुष्कर्म किया था। इस मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी पुलिस ने शनिवार को ही कर ली थी। रविवार को आरोपितों के मकानों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई की गई। बताया गया है कि नगरपालिका में संपत्तिकर, समेकित कर रजिस्टर में इनकी संपत्तियां दर्ज नहीं थीं। नगरपालिका ने उक्त लोगों को पूर्व में नोटिस जारी किए थे, लेकिन उन्होंने अतिक्रमण नहीं हटाया, जिसके चलते प्रशासन द्वारा यह कार्रवाई की गई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सिवनी में दुष्कर्म के तीन आरोपितों के मकानों पर चली जेसीबी, सहायक सचिव की सेवा समाप्त

    सिवनी में कुरई थाना क्षेत्र में युवती के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार पांच में से तीन आरोपितों के सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाए गए पक्के मकानों को सोमवार को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। कलेक्टर, एसपी व राजस्व अमले की उपस्थिति में दो घंटे तक चली कार्रवाई में पहले आरोपित राहुल वर्मा के दो मंजिला मकान को गिराया गया। इसके बाद अन्य दो आरोपितों के मकान को भी ध्वस्त कर दिया गया। इधर दुष्कर्म के मामले में शामिल आरोपित सहायक सचिव (रोजगार सहायक) निरपत वर्मा की सेवा समाप्त करने के आदेश भी कलेक्टर ने जारी कर दिए हैं।

    आरोपितों को भेजा जेल

    पांचों आरोपितों को भेजा जेल: युवती के साथ दुष्कर्म के मामले में कुरई पुलिस ने रविवार को हरीराम पुत्र भगवत वर्मा, राहुल पुत्र शोभराम वर्मा व, विकास पुत्र जगमोहन सिंह ठाकुर, सहायक सचिव निरपत पुत्र बृद्धूलाल वर्मा व वीरेंद्र पुत्र महादेव वर्मा को गिरफ्तार किया था। इनमें से तीन आरोपित रविवार को ही जेल भेज दिए गए थे। वहीं, सोमवार को अन्य दो आरोपितों को भी न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

    इनके भी टूटे मकान

    कुरई थाना प्रभारी जीएस उइके ने बताया है कि सोमवार को आरोपित राहुल वर्मा का मकान सबसे पहले तोड़ा गया है। इसके बाद आरोपित हरिराम वर्मा व सहायक सचिव निरपत वर्मा का मकान भी तोड़ा गया। इन दोनों के मकान सरकारी जमीन में अवैध कब्जा कर बनाए गए हैं, जिन्हें प्रशासनिक आदेश के तहत ध्वस्त किया गया। थाना प्रभारी ने बताया है कि अन्य दो आरोपितों के मकान निजी भूमि में बनाए गए हैं। इसलिए उन्हें तोड़ने की कार्रवाई नहीं की जाएगी।

    जानें, क्या है मामला

    कुरई थाना क्षेत्र में युवती के साथ शनिवार रात सामूहिक दुष्कर्म होने की शिकायत मिली थी। पीडि़त युवती की नामजद शिकायत के बाद तीन आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद रविवार को न्यायालय में युवती ने अपने बयान में दो अन्य आरोपितों के नाम भी बताए थे। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपित सहायक सचिव निरपत वर्मा व वीरेंद्र वर्मा को रविवार शाम गिरफ्तार किया था।