भोपाल, ऑनलाइन डेस्क। भारत में इस साल 9 राज्यों में विधानसभा चुनाव होना है। जिसमें मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, तेलंगाना, त्रिपुरा, मेघालय, नागालैंड और मिजोरम शामिल हैं। कांग्रेस राज्य की सत्ता में पुरजोर तरीके से वापसी करने के प्रयास में लगी हुई है। लेकिन मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर अभी से ही कांग्रेस में मतभेद सामने आने लगे हैं। राज्य में कमल नाथ को चेहरा मानते हुए उनके पोस्टर पूरे प्रदेश में कई जगह लगाए गए हैं। लेकिन वहीं दूसरी तरफ पूर्व अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने बड़ा बयान दे दिया है।
चुनाव के बाद ही तय होगा सीएम कौन- अरुण
अरुण यादव के बयान से सियासी पारा गर्मा गया है। उनके बयान से नया विवाद खड़ा कर दिया है कि चुनाव परिणाम आने के बाद ही मुख्यमंत्री का चयन होगा। पिछले दिनों मीडिया से बात करते हुए यादव ने कहा था कि कांग्रेस में शुरू से तय है कि वह चेहरा घोषित नहीं करती। कमल नाथ सर्वमान्य अध्यक्ष हैं, पर मुख्यमंत्री कौन और कैसे बनेगा, यह चुनाव बाद तय होगा। सू्त्रों की माने तो यादव को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का भी समर्थन है। हालांकि शनिवार को मीडिया से बातचीत में दिग्विजय सिंह ने कहा कि इस बारे में उनकी कोई बात नहीं हुई है
कमल नाथ और अरुण यादव के बीच है तनातनी
अरुण यादव के बयान को कमल नाथ से उनके आपसी संबंधों के हिसाब से भी देखा जा रहा है। बता दें कि कमल नाथ और अरुण यादव के बीच तनातनी लंबे समय से चल रही है। पहले अरुण यादव खंडवा लोकसभा का उपचुनाव यादव लड़ना चाहते थे, लेकिन कमल नाथ ने उन्हें टिकट नहीं दिया था। हालांकि इस पर बीजेपी ने भी कटाक्ष करने से चूक नहीं की है। बीजेपी ने कहा कि कांग्रेस में सर्कस चल रहा है।
यह भी पढ़े- कांग्रेस पर जमकर बरसे अनुराग ठाकुर, बोले- 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में घर-घर पहुंचा तिरंगा
प्रदेश की राजनीति का बड़ा चेहरा हैं अरुण
मध्य प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस के अरुण यादव बड़ा चेहरा माने जाते हैं। बता दें कि अरुण प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। इसी के साथ-साथ अरुण यादव को राहुल गांधी का करीबी भी माना जाता है। लेकिन सीएम के चेहरे पर उनके बयान के कई मायने निकाले जा रहे हैं। जिससे राज्य की सियासत गरमाई हुई है।
यह भी पढ़े- PM Modi वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जयपुर महाखेल में होंगे शामिल, कबड्डी खिलाड़ियों की करेंगे हौसला अफजाई