अमेरिका, रूस और फ्रांस ने आर्मेनिया और अजरबेजान से हिंसा रोकने को कहा, तुर्की अड़ा, हालात बिगड़ने की आशंका

फ्रांस रूस और अमेरिका के राष्ट्रपति ने अजरबेजान और आर्मेनिया के संघर्ष को अविलंब रोकने के लिए कहा है। इस बीच तुर्की ने तीनों महाशक्तियों की बात को खारिज कर दिया है। तुर्की के अड़ियल रवैये से हालात बिगड़ने की आशंका पैदा हो गई है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Fri, 02 Oct 2020 06:01 AM (IST) Updated:Fri, 02 Oct 2020 06:01 AM (IST)
अमेरिका, रूस और फ्रांस ने आर्मेनिया और अजरबेजान से हिंसा रोकने को कहा, तुर्की अड़ा, हालात बिगड़ने की आशंका
फ्रांस, रूस और अमेरिका के राष्ट्रपति ने अजरबेजान और आर्मेनिया से शांति की अपील की है।

बाकू, रायटर। फ्रांस, रूस और अमेरिका के राष्ट्रपति ने अजरबेजान और आर्मेनिया के संघर्ष को अविलंब रोकने के लिए कहा है। लेकिन तुर्की ने तीनों महाशक्तियों की बात को नकारते हुए कहा है कि उनकी शांति प्रयासों के लिए जरूरत नहीं है। इन देशों की इस युद्ध में कोई भूमिका नहीं है। तुर्की के सीरिया और लीबिया से आतंकी गुटों को हिंसाग्रस्त क्षेत्र में भेजे जाने से हालात और बिगड़ने की आशंका पैदा हो गई है।

1991 से 1994 तक चले युद्ध में मारे गए थे 30 हजार लोग

नागोरनो-कराबाख पर्वतीय क्षेत्र के विवाद पर नजर रखने के लिए 1992 में फ्रांस, रूस और अमेरिका ने मिंस्क ग्रुप बनाया था। 1991 से 1994 तक इलाके में चले युद्ध में 30 हजार लोग मारे गए थे। उस टकराव के बाद पहली बार छिड़े ताजा संघर्ष में सैकड़ों की संख्या में लोग मारे और घायल हुए हैं। जिस नागोरनो-कराबाख इलाके में संघर्ष छिड़ा है, वह अजरबेजान का इलाका है लेकिन उसकी बहुसंख्य आबादी आर्मेनियाई लोगों की है।

संघर्ष बंद करने को कहा

टकराव की मुख्य वजह भी यही है। फ्रांस, रूस और अमेरिका के संयुक्त बयान में सभी संबद्ध सेनाओं से तत्काल संघर्ष बंद करने के लिए कहा गया है। बयान में दोनों पूर्व सोवियत देशों से कहा गया है कि वे बिना देर किए आपस में अच्छी भावना लेकर बिना शर्त बातचीत शुरू करें और टकराव की वजहों का हल निकालें।

तुर्की ने जताया विरोध

संयुक्त बयान जारी होने से कुछ देर पहले तुर्की की संसद को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति तैयप एर्दोगन ने तीनों देशों की दखलंदाजी पर विरोध जताया। कहा, अमेरिका, रूस और फ्रांस ने 30 साल तक इस समस्या की अनदेखी की। इसलिए अब अगर वे संघर्षविराम की बात कह रहे हैं तो वह अस्वीकार्य है। अब संघर्षविराम तभी होगा जब आर्मेनियाई कब्जेदार नागोरनो-कराबाख इलाका खाली करके जाएंगे। एर्दोगन के इस बयान से नाटो और संघर्षरत इलाके में तनाव और बढ़ गया है।

तुर्की की अजरबेजान से है दोस्‍ती

उल्लेखनीय है कि रूस का ईसाई बहुल आर्मेनिया में सैन्य अड्डा है जबकि तुर्की के मुस्लिम बहुल अजरबेजान से अच्छे रिश्ते हैं। वैसे रूस के भी अजरबेजान से अच्छे रिश्ते हैं, इसी के चलते वह दोनों देशों के बीच टकराव नहीं चाहता। बुधवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच टेलीफोन पर वार्ता हुई थी। दोनों ने इलाके में तत्काल संघर्षविराम पर सहमति जताई थी। कुछ घंटों बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी इस प्रस्ताव पर सहमत हो गए। 

chat bot
आपका साथी