New Zealand Shooting: मस्जिदों में हुए हमले में मरने वाले भारतीयों की संख्या सात हुई

न्यूजीलैंड की दो मस्जिदों में हुए आतंकी हमले में मारे गए 50 लोगों में सात भारतीय भी हैं। रविवार को भारतीय उच्चायोग ने यह जानकारी दी।

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Sat, 16 Mar 2019 11:22 PM (IST) Updated:Mon, 18 Mar 2019 01:10 AM (IST)
New Zealand Shooting: मस्जिदों में हुए हमले में मरने वाले भारतीयों की संख्या सात हुई
New Zealand Shooting: मस्जिदों में हुए हमले में मरने वाले भारतीयों की संख्या सात हुई

क्राइस्टचर्च, एएफपी/रायटर। न्यूजीलैंड की दो मस्जिदों में हुए आतंकी हमले में मारे गए 50 लोगों में सात भारतीय भी हैं। रविवार को भारतीय उच्चायोग ने यह जानकारी दी। उच्चायोग ने ट्वीट कर कहा, 'हम बहुत भारी दिल ये यह खबर साझा कर रहे हैं कि क्राइस्टचर्च में आतंकी हमले में हमने अपने सात नागरिकों की जिंदगियां भी गंवाई हैं। मृतकों के नाम हैं-हफीज मूसा पटेल, रमीज वोरा, आसिफ वोरा, एंसी अलीबावा, मोहम्मद इमरान खान, फरहज अहसान और जुनेद कारा।'

उच्चायोग ने यह भी कहा कि क्राइस्टचर्च में पीडि़त परिवारों की पूरी मदद की जाएगी।केरल की रहने वाली एंसी अली (27) फायरिंग के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गई थी। शनिवार को उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। एंसी क्राइस्टचर्च में रहकर पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही थी, जबकि उनके पति अब्दुल नासर वहां काम करते हैं। पति-पत्नी पिछले साल ही न्यूजीलैंड गए थे। वह केरल के थ्रिसूर जिले के कोडुंगलुर की रहने वाली थीं। शुक्रवार को दो मस्जिदों पर आतंकी हमले के बाद न्यूजीलैंड में भारतीय उच्चायुक्त संजीव कोहली ने बताया था कि नौ भारतीय लापता हैं।

हालांकि उन्होंने कहा था कि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। लापता भारतीयों के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए न्यूजीलैंड सरकार के साथ लगातार संपर्क में हैं। इस बीच, न्यूजीलैंड के पुलिस आयुक्त माइक बुश ने बताया कि हमले में मृतकों की संख्या 50 हो गई है। अल नूर मस्जिद से एक और शव बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि मृतकों के नाम अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। सिर्फ प्रारंभिक सूची मृतकों के परिजनों से साझा की गई है। शव भी अभी परिजनों को नहीं सौंपे गए हैं। उन्होंने बताया कि 50 घायलों में 12 की हालत गंभीर है।

संदिग्ध सामान मिलने से डूनेडिन एयरपोर्ट बंद
न्यूजीलैंड के डूनेडिन एयरपोर्ट को संदिग्ध सामान मिलने के बाद रविवार को बंद कर दिया गया। पुलिस जांच में जुट गई है। एयर न्यूजीलैंड के एक स्टाफ ने बताया कि टर्मिनल बिल्डिंग को खाली नहीं कराया गया है। यहां कुछ ही विमान आने वाले थे।

ऑस्ट्रेलिया में मस्जिद गेट से कार टकराई
सिडनी : न्यूजीलैंड में दो मस्जिदों में फायरिंग की घटना के बाद ऑस्ट्रेलिया में भी एक मस्जिद से कार टकराने की घटना सामने आई है। यह घटना शनिवार को हुई। शिन्हुआ न्यूज एजेंसी ने रविवार को क्वींसलैंड पुलिस के हवाले से कहा कि 23 साल के एक युवक ने क्वींसलैंड में एक मस्जिद के गेट से अपनी कार टकरा दी। वह वहां प्रार्थना कर रहे लोगों खिलाफ नारे भी लगाए। युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

chat bot
आपका साथी