उत्‍तरी नाइजीरिया में डाकुओं के हमले में 50 की मौत, सेना की मदद करने वाले ग्रामीणों को बनाया निशाना

नाइजीरिया (Nigeria) के उत्‍तरी कडुना प्रांत में डकुओं के हमले में 50 लोगों की मौत हो गई है। डाकुओं ने गांव वालों को स्‍थानीय सैन्‍य बलों की मदद के चलते निशाना बनाया...

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Mon, 02 Mar 2020 06:27 PM (IST) Updated:Mon, 02 Mar 2020 06:27 PM (IST)
उत्‍तरी नाइजीरिया में डाकुओं के हमले में 50 की मौत, सेना की मदद करने वाले ग्रामीणों को बनाया निशाना
उत्‍तरी नाइजीरिया में डाकुओं के हमले में 50 की मौत, सेना की मदद करने वाले ग्रामीणों को बनाया निशाना

कानो, एएफपी। नाइजीरिया (Nigeria) के उत्‍तरी कडुना प्रांत में डकुओं के हमले में 50 लोगों की मौत हो गई है। स्थानीय काउंसलर दय्याबू केरवा (Dayyabu Kerawa) ने बताया कि डाकुओं ने गांव वालों को इसलिए निशाना बनाया क्‍योंकि वे स्‍थानीय सैन्‍य बलों की मदद कर रहे थे। रविवार को हुए इस भीषण हमले के बाद राहत और बचाव कार्य जारी हैं। अभी तक 50 शव बरामद किए गए हैं।

उल्‍लेखनीय है कि नाइजीरिया काफी समय से डाकुओं के हमलों से जूझ रहा है। इसी साल जनवरी में नाइजीरिया में समुद्री डाकुओं ने अफ्रीका के पश्चिमी तट के पास कॉमशियल जहाज से अगवा किए गए 19 भारतीयों को रिहा किया था। हालांकि अगवा किए गए भारतीयों में से एक की कैद में ही मौत हो गई थी। अबुजा स्थित भारतीय उच्चायोग की मानें तो उसने भारतीयों की रिहाई के लिए नाइजीरियाई अधिकारियों के साथ साथ पड़ोसी देशों से भी मदद मांगी थी।

डाकुओं ने अफ्रीका के पश्चिमी तट के पास जहाज MT Duke से 15 दिसंबर को चालक दल के 20 भारतीय सदस्यों को अगवा कर लिया गया था। इससे पहले नाइजीरिया में साल 2016 में दो भारतीय मैंगापुडी श्रीनिवास और कौशल अनीस शर्मा को स्‍थानीय अपराधियों ने अगवा कर लिया था। हालांकि बाद में उनको छुड़ा लिया गया था। इन दोनों भारतीयों की रिहाई में तत्‍कालीन विदेश मंत्री सुषमा स्‍वराज ने अहम भूमिका निभाई थी।

बता दें कि यह पूरा क्षेत्र आतंकियों के हमलों से भी जूझ रहा है। नाइजीरिया के सुरक्षा बल आतंकियों के खात्‍मे में जुटे हुए हैं। पिछले साल की शुरुआत में नाइजर आर्मी ने बोको हरम के विद्रोहियों के खिलाफ कार्रवाई में 280 आतंकियों को ढेर कर दिया था। बीते दिनों समाचार एजेंसी एएफपी ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि पश्चिमी नाइजर में आइएसआइएस आतंकियों के खौफ से लगभग 7,000 लोग पलायन कर गए थे। 

chat bot
आपका साथी