Coronavirus World Update : ईरान में सात महीने बाद खुल गए स्कूल, ब्राजील में 51 हजार नए केस

कोरोना महामारी से जूझ रहे ईरान में स्कूल फिर से खोल दिए गए हैं। वहीं ब्राजील में बीते 24 घंटे के दौरान 51 हजार 194 नए मामले पाए गए है। जानें बाकी मुल्‍कों का हाल...

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Sat, 05 Sep 2020 09:10 PM (IST) Updated:Sun, 06 Sep 2020 07:36 AM (IST)
Coronavirus World Update : ईरान में सात महीने बाद खुल गए स्कूल, ब्राजील में 51 हजार नए केस
Coronavirus World Update : ईरान में सात महीने बाद खुल गए स्कूल, ब्राजील में 51 हजार नए केस

तेहरान, एजेंसियां। कोरोना महामारी से जूझ रहे ईरान में शनिवार से स्कूल फिर से गुलजार हो गए। इस देश में महामारी के चलते करीब सात महीने से स्कूल बंद थे। स्कूल खुलने पर राष्ट्रपति हसन रूहानी ने एक वीडियो कांफ्रेंस में कहा कि करीब डेढ़ करोड़ छात्रों की शिक्षा सेहत जितना ही अहम है। ईरान में अब तक तीन लाख 82 हजार संक्रमित पाए गए और 22 हजार से ज्यादा पीडि़तों की मौत हुई है।

आदेश का विरोध शुरू

रूहानी ने कहा, 'अपने देश में बदतर हालात में भी शिक्षा बंद नहीं की जाएगी।' उन्होंने अधिकारियों से स्कूलों में संक्रमण की रोकथाम के उपायों को सख्ती से लागू करने को कहा है। स्कूलों को ऐसे समय खोला गया है, जब कई विशेषज्ञों ने संक्रमण बढ़ने का अंदेशा जताया है। मेडिकल काउंसिल बोर्ड के सदस्य अब्बास आगाजदेह ने कहा, 'नेशनल कोविड-19 टास्कफोर्स को लाखों छात्रों की सुरक्षा पर गौर करना चाहिए। देशभर में सभी स्कूलों को खुलने से रोका जाए।'

अब बढ़ेगा संक्रमण

बोर्ड के एक अन्य सदस्य डॉ. मुहम्मद रेजा ने शिक्षा मंत्री को लिखे पत्र में कहा, 'स्कूलों को खोले जाने के फैसले से हैरानी है और इसमें कोई संदेह नहीं है कि इससे मुल्क में संक्रमण बढ़ेगा।' ईरान में कोरोना महामारी के चलते स्कूलों को बंद किए जाने के बाद से अब तक इंटरनेट एप्स और टीवी प्रोग्राम के जरिये पढ़ाई चल रही थी।

ब्राजील में मिले 51 हजार नए संक्रमित

ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि देश में बीते 24 घंटे के दौरान 51 हजार 194 नए मामले पाए गए। इससे पीडि़तों की कुल संख्या बढ़कर 40 लाख 90 हजार से ज्यादा हो गई। इस अवधि में 907 पीडि़तों के दम तोड़ने से मरने वालों का आंकड़ा एक लाख 25 हजार 521 हो गया है। इस लैटिन अमेरिकी देश में साओ पाउलो प्रांत महामारी का केंद्र बना हुआ है।

मेक्सिको में पाए गए 6,196 मामले

मेक्सिको के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि 6,196 नए मामले पाए जाने की पुष्टि की गई है। इससे संक्रमित लोगों की कुल तादाद छह लाख 23 हजार से ज्यादा हो गई। जबकि बीते 24 घंटे में 522 पीडि़तों की मौत से मरने वालों की संख्या 66 हजार 851 हो गई है।

इन देशों पर भी एक नजर

रूस : 5,205 नए मामले पाए जाने से संक्रमित लोगों का आंकड़ा दस लाख 20 हजार से ज्यादा हो गया। 17 हजार 759 पीडि़तों की जान गई है।

नेपाल : इस हिमालयी देश में 1,041 नए पॉजिटिव मिलने से कोरोना पीडि़तों की संख्या 45 हजार के पार पहुंच गई। 280 पीडि़तों की मौत हुई है।

पाकिस्तान : 513 नए पीडि़तों की पुष्टि होने से कोरोना रोगियों की संख्या दो लाख 98 हजार से अधिक हो गई है। 6,340 पीडि़तों ने दम तोड़ा है।

वियतनाम : इस देश में बीते 12 घंटे के दौरान कोई नया मामला नहीं पाया गया। यहां अब तक कुल 1,049 केस मिले हैं। जबकि 35 की मौत हुई है। 

chat bot
आपका साथी