Year Ender 2020: जानें- सबसे पहले कोरोना की मार झेलने वाले वुहान में कैसा बीता लोगों का एक साल, क्‍या है 2021 से उम्‍मीदें

चीन के शहर वुहान ने सबसे पहले कोरोना वायरस का कहर झेला था। अब इसको एक वर्ष बीत रहा है। ऐसे में लोगों के जहन में इस एक वर्ष को लेकर तरह तरह की यादें हैं। इनको लोगों ने साझा किया है।

By Kamal VermaEdited By: Publish:Sun, 20 Dec 2020 10:53 AM (IST) Updated:Mon, 21 Dec 2020 08:38 AM (IST)
Year Ender 2020: जानें- सबसे पहले कोरोना की मार झेलने वाले वुहान में कैसा बीता लोगों का एक साल, क्‍या है 2021 से उम्‍मीदें
चीन के शहर वुहान से शुरू हुआ था कोरोना वायरस

बीजिंग (रॉयटर्स)। वुहान शहर का नाम जहन में आते ही उस शहर की याद अपने आप आ जाती है जहां से एक साल पहने कोरोना वायरस निकला और फिर पूरी दुनिया में फैल गया। यहां से ये वायरस ऐसा फैला कि एक साल बाद भी पूरी दुनिया इसकी चपेट से बाहर नहीं निकल सकी है। वुहान, चीन का एक बड़ा शहर होने के साथ साथ अजीबो-गरीब जीव-जंतुओं और जानवरों के मांस की मार्केट के तौर पर भी काफी मशहूर है। दिसंबर 2019 में यहां से ही एक रहस्‍यमय बीमारी की शुरुआत हुई थी और दिसंबर के अंत तक ये काफी बढ़ चुकी थी। दिसंबर के अंत तक पूरी दुनिया में ये खबर फैल चुकी थी कि वुहान में एक जानलेवा वायरस का हमला हो रहा है। इसके बाद जनवरी 2020 के अंत तक ये वायरस वुहान से निकल दुनिया के कई देशों में फैल चुका था। मार्च 2020 तक दुनिया का कोई देश इस वायरस से अछूता नहीं रहा था।

वुहान में महामारी फैलने के बाद लगाए एक लॉकडाउन और कड़े नियमों की बदौलत पर यहां आए संकट को काफी हद तक काबू में कर लिया गया। इसके लिए वुहान में रहने वाले एक करोड़ से अधिक लोगों की व्‍यापक पैमाने पर लोगों की जांच की गई। आज महामारी के एक वर्ष बाद शहर के बार, रेस्‍तरां, शॉपिंग मॉल फिर से पुरानी रंगत में लौट आए हैं। महामारी और लॉकडाउन ने यहां के लोगों की शारीरिक और दिमागी हालत का कड़ा इम्‍तेहान लिया है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने महामारी के सबसे पहले शिकार बने इस वुहान शहर के लोगों से इस दौरान ली गई फोटो और वीडियो को शेयर करने की अपील की थी। साथ ही उनसे ये भी जानना चाहा कि आने वाले वर्ष के लिए वो क्‍या सोचते हैं। 31 दिसंबर 2019 को शहर के स्‍वास्‍थ्‍य विभाग की तरफ से शहर में वायरस के हमले को लेकर नोटिस जारी किया गया था। यहां के लोगों के लिए ये एक साल सबसे बुरा था। इसके साथ इनके कई कड़वे अनुभव भी जुड़े हुए हैं।

वुहान में महामारी के दौरान वॉलेंटियर के तौर पर अपनी सेवाएं देने वाले अन जुनमिंग ने बताया कि संकट को देखते हुए वुहान में 76 दिनों का लॉकडाउन लगाया गया था। लोग इस दौरान घरों में कैद होकर रह गए थे। इस दौरान उन्‍होंने दिन में एक ही बार खाना खाया। इसकी वजह थी कि उस दौरान काम के चक्‍कर में खाना खाने का समय ही नहीं मिल पाता था। लोग भी काफी कम थे इसलिए उन्‍हें काफी चिंता भी होती थी। एक साल के बाद उन्‍हें उम्‍मीद है कि आने वाला नया साल 2021 पूरे शहर के लिए खुशहाली लेकर आएगा। महामारी के दौरान वुहान की सड़के पूरी तरह से सुनसान थीं।

वहुान बैंड के नाम से चर्चित मैड रैट के सिंगर झांग शिंगाओ ने बताया कि महामारी के बाद लगे लॉकडाउन में वो घर से कुछ भी नहीं कर पा रहे थे। ये समय उनके लिए काफी बोरिंग था। इसलिए उन्‍होंने इस वक्‍त का उपयोग कुछ ऐसे गीतों को लिखने और गाने में गुजारा जिनमें जिंदगी के मजे के बारे में बताया गया था। इसकी वजह से उन्‍हें कई सारी चीजों को समझने का मौका मिला। ये समय ऐसा था जिसमें उन्‍हें पहली बार किसी तरह के संकट का अनुभव हुआ था। इस दौरान आई महामारी को किसी भी सूरत से नजरअंदाज नहीं किया जा सकता था। इस दौरान जब उन्‍होंने समाचार सुने तो उन्‍हें इस वायरस के पूरी दुनिया में फैलने की जानकारी मिली। इस लिहाज से भी इसको नजरअंदाज नहीं किया जा सकता था। उन्‍होंने कहा कि हमें यह नहीं सोचना चाहिए कि हम बहुत शक्तिशाली हैं। वास्तव में, मुझे लगता है कि हम मनुष्य काफी नाजुक हैं।

डुआन लांग वुहान में एक बिजनेसमैन हैं। पुराने दिनों को याद करते हुए उन्‍होंने बताया कि उनके पति फांग यूशुन एक सर्जन है। फरवरी में वो कोरोना वायरस संक्रमण के शिकार हो गए थे। उस दिन उनका जन्‍मदिन था और वो इस महामारी के दौरान अस्‍पताल में थे। उन्‍होंने अस्‍पताल से ही उनको जन्‍मदिन की मुबारकबाद दी और उनके लिए एक वीडियो मैसेज भेजा। वो इसको देखकर काफी भावुक हो गई थीं। उन्‍होंने बताया कि वर्ष 2020 में उन्‍होंने कई सारे अनुभव किए। अब वो जल्‍द से जल्‍द इस साल को गुडबाय कर देना चाहती हैं। अगले वर्ष के लिए वो अपने आने वाले नन्‍हें मेहमान को शुभकामना देना चाहती हैं।

वुहान में रेस्‍तरां चलाने वाले 38 वर्षीय ली युन ने बीते दिनों को याद करते हुए बताया कि उनके साथ वुहान के लोगों को लगता है कि इस वक्‍त समय बेहद तेजी के साथ उड़ रहा है। कुछ समय पहले तक ये शहर पूरी तरह से बंद था। सड़कें सुनसान थीं। केवल एंबुलेंस की गाडि़यों की आवाज ही सुनाई देती थी। इस दौरान यहां पर लगे लॉकडाउन के दौरान उन्‍होंने अपने परिवार के साथ काफी अच्‍छा समय बिताया। इस महामारी ने उन्‍हें सिखाया कि जीवन को खुशहाली से जीने के लिए एक स्‍वस्‍थ शरीर कितना अधिक जरूरी होता है। ये किसी भी दूसरी चीज से अधिक जरूरी है।

22 वर्षीय डिजाइनिंग के छात्र वी मेंगजिंग ने बताया कि महामारी ने लाखों लोगों को प्रभावित किया। इस दौरान कई सारी कंपनियां दिवालिया हो गईं और लाखों के करीब लोग बेरोजगार हो गए। इस महामारी की वजह से वुहान के विकास पर भी जबरदस्‍त असर पड़ा। उनको इस बात का भी डर था कि वुहान में कोरोना वायरस की दूसरी लहर भी आएगी जो ज्‍यादा खतरनाक होगी। इसकी वजह वो मानते हैं कि वुहान में पूरी दुनिया से छात्र पढ़ने आते हैं। वहीं वुहान के बाहर इस वायरस ने पूरे देश को अपनी चपेट में ले लिया था।

34 वर्षीय स्‍ट्रीट वेंडर जियांग होंगुआ ने बताया कि महामारी के दौरान उनका परिवार एकसाथ ही था। वो सोचकर काफी खुश होते थे कि सभी एक साथ हैं, जो कि कम ही होता था। ऐसा वक्‍त बेहद कम बार ही हो पाता था। उन्‍होंने इस दौरान परिवार के साथ ली गई अपनी कुछ फोटो भी सोशल मीडिया पर पोस्‍ट की थीं, जिनमें वो अपनी बेटी के साथ खेल रहे हैं। उनका कहना है कि वो खुशनसीब है कि महामारी के दौरान भी वो अपने परिवार के लिए वो सभी कुछ चीजें मुहैया करवा सके जिनकी उन्‍हें जरूरत थी। इसलिए उनके लिए 2020 का साल कमोबेश ठीक ही रहा है। उन्‍हें उम्‍मीद है कि आने वाला नया वर्ष 2021 अच्‍छा होगा और उनका कारोबार अच्‍छा रहेगा।

58 वर्षीय लियु रनलियान एक स्‍ट्रीट डांसर हैं। उनका कहना है कि नए साल को लेकर उन्‍होने अपने बारे में काफी कुछ नहीं सोचा है। लेकिन वो एक शांतिपूर्ण जिंदगी जरूरी जीना चाहती हैं। उन्‍हें उम्‍मीद है कि आने वाले वर्ष में सभी सुरक्षित रहेंगे।

chat bot
आपका साथी