मुकुल रॉय के घर तैयार हुआ भाजपा का वार रूम, पार्टी में उठे सवाल

बंगाल फतह के लिए इस बार भाजपा ने बड़ी रणनीति बनाई है और रथ यात्रा के जरिए व्यापक तौर पर जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया है।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Wed, 07 Nov 2018 02:46 PM (IST) Updated:Thu, 08 Nov 2018 01:29 PM (IST)
मुकुल रॉय के घर तैयार हुआ भाजपा का वार रूम, पार्टी में उठे सवाल
मुकुल रॉय के घर तैयार हुआ भाजपा का वार रूम, पार्टी में उठे सवाल

जागरण संवाददाता, कोलकाता। दीपावली के बाद पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर दिखने लगेंगी। बंगाल फतह के लिए इस बार भाजपा ने बड़ी रणनीति बनाई है और रथ यात्रा के जरिए व्यापक तौर पर जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसके लिए वार रूम मुकुल रॉय के एल्गिन रोड स्थित आवास पर बनाया गया है।

पिछले महीने ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मुकुल रॉय को लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति का संयोजक बनाया था। एक शब्द में कहा जाए तो राज्य में लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के सारथी मुकुल रॉय को ही बनाया गया है और चुनाव से पहले वार रूम उनके घर पर बनने को लेकर पार्टी में कई सवाल खड़े होने लगे हैं। मुकुल भले ही आज भाजपा के लिए दिल खोलकर काम कर रहे हैं, लेकिन पार्टी के अंदर अभी उनकी स्वीकार्यता उतनी अधिक नहीं हुई है। बुधवार को इस बारे में पूछने पर पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि भाजपा ने लंबे समय तक मुकुल रॉय को ममता बनर्जी के सहयोगी के तौर पर राजनीतिक हमलों का शिकार बनाया था। नारदा, सारदा, रोजवैली जैसे चिटफंड मामलों में भाजपा ने लगातार उनके खिलाफ मोर्चा खोला था।

अब भाजपा में शामिल होने के बाद लोकसभा चुनाव जिताने की जिम्मेदारियां भले ही उन्हें दी गई है लेकिन पार्टी के लिए वार रूम उनके घर पर बनना निश्चित तौर पर लोगों के बीच अच्छा संदेश देने वाला नहीं है। पार्टीजनों ने बताया कि वार रूम पार्टी मुख्यालय में ही बनाया जाना चाहिए था जो सबके लिए सुगम है। छोटा बड़ा हर एक स्तर का नेता यहां आसानी से पहुंच सकते थे और हर तरह की परेशानी को साझा कर सकते थे लेकिन मुकुल के घर पर वार रूम बनने से पार्टी की लड़ाई मुकुल वर्सेस ममता दिखेगी और लोग इस भ्रम में ममता बनर्जी की ओर आगे बढ़ेंगे। इस बारे में पूछने पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने भी व्यंग्य के स्वर में जवाब दिया।

उन्होंने कहा कि हिंदी में एक कहावत है भोलेनाथ के बारात में भूत-पिशाच सब जाते हैं। पश्चिम बंगाल में भाजपा भी सभी को समाहित लेकर चल रही है। वार रूम मुकुल के घर बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कुछ भी नहीं कहा। इस बारे में पूछने पर मुकुल रॉय ने कहा कि पार्टी ने जो निर्देश दिया है, वही कर रहा हूं। यहां तृणमूल कांग्रेस को मात देनी है और मैंने इसकी तैयारियां शुरू कर दी है। चुनाव के बाद इसका परिणाम दिखेगा।

chat bot
आपका साथी