राष्ट्रपति के बंगाल दौरे के बीच रणक्षेत्र बने कोलकाता के कई इलाके,1 बच्ची की हत्या की घटना से आक्रोशित हुए लोग

सोमवार को राष्ट्रपति के कोलकाता पहुंचने के कुछ देर बाद ही तिलजला बंडेल गेट पिकनिक गार्डेन और पार्क सर्कस इलाकों में एक बच्ची की हत्या को लेकर आक्रोश फैल गया। घटना को लेकर गुस्साए लोगों ने बंडेल गेट ब्रिज पर पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ के बाद आग लगा दी।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Mon, 27 Mar 2023 07:27 PM (IST) Updated:Mon, 27 Mar 2023 07:27 PM (IST)
राष्ट्रपति के बंगाल दौरे के बीच रणक्षेत्र बने कोलकाता के कई इलाके,1 बच्ची की हत्या की घटना से आक्रोशित हुए लोग
एक बच्ची की हत्या को लेकर बंगाल के कई कई इलाकों में आक्रोश फैल गया।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के दो दिवसीय बंगाल दौरे के बीच कोलकाता के कई इलाके रणक्षेत्र में तब्दील हो गए। सोमवार को राष्ट्रपति के कोलकाता पहुंचने के कुछ देर बाद ही तिलजला, बंडेल गेट, पिकनिक गार्डेन और पार्क सर्कस इलाकों में एक बच्ची की हत्या को लेकर आक्रोश फैल गया। घटना को लेकर गुस्साए लोगों ने बंडेल गेट ब्रिज पर पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ के बाद आग लगा दी। एक मोटरसाइकिल को भी फूंक डाला।

आग बुझाने पहुंची दमकल की गाड़ी पर भी पथराव किया। ब्रिज के नीचे रेललाइन पर भी वे झंडे लेकर खड़े हो गए और लोकल ट्रेनें रोक दीं। उन्होंने ट्रेनों पर भी पथराव किया। इससे घबराकर यात्रियों ने ट्रेन के गेट बंद कर दिए। सियालदह दक्षिण शाखा की ट्रेन सेवाओं पर इसका व्यापक असर पड़ा।

इसी तरह पिकनिक गार्डेन, तिलजला और पार्क सर्कस इलाकों में भी उन्होंने पथावरोध करते हुए बसें रोक दीं। इससे दैनिक यात्री फंस गए। पुलिस ने जब मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की तो झड़प शुरू हो गई।

प्रदर्शनकारियों ने किया पुलिस पर पथराव

प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंके। हालात बिगड़ता देख विशाल पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। कोलकाता पुलिस की रैपिड एक्शन फोर्स को भी उतारा गया। इससे प्रदर्शनकारी और भड़क गए और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति काबू में आई और ट्रेन सेवाएं बहाल की गईं।

पुलिस ने तीन लोगों को किया गिरफ्तार

गौरतलब है कि सुबह 11.55 बजे राष्ट्रपति का हेलीकाप्टर कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरा था और दोपहर 12 बजे के बाद संघर्ष शुरू हो गया। प्रदर्शनकारियों ने घटना की जांच में पुलिस के निष्क्रिय रहने का आरोप लगाते हुए दोषियों की कड़ी सजा देने की मांग की है। इससे पहले रविवार रात भी घटना के प्रतिवाद में तिलजला थाने पर हमला किया गया था। उस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

संतान प्राप्ति के लिए की गई थी बच्ची की हत्या

तिलजला के श्रीधर राय रोड इलाके के रहने वाले आलोक कुमार ने संतान प्राप्ति के लिए बच्ची की हत्या की थी। पुलिस ने उसके फ्लैट से बोरी से बच्ची की लाश बरामद करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची रविवार सुबह से ही लापता थी। बच्ची उसी बिल्डिंग में रहती थी, जिसमें आलोक रहता है। आलोक ने पुलिस को बताया कि वह बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला है। उसकी शादी 2016 में हुई थी।

काम के सिलसिले में वह कोलकाता आया था और अपनी पत्नी के साथ तिलजला इलाके में रह रहा था। वह पिछले सात साल से नि:संतान है। रिश्तेदारों व पड़ोसियों के तानों से तंग आ गया था। एक तांत्रिक के कहने पर उसने इस कुकृत्य को अंजाम दिया। पुलिस अब उस तांत्रिक को तलाश रही है।

chat bot
आपका साथी