अखिलेश, नवीन पटनायक के बाद कुमारस्वामी से मिलीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, मिशन 2024 की रणनीति पर हुई चर्चा

जनता दल (सेक्युलर) के नेता व कर्नाटक के पूर्व सीएम एचडी कुमारस्वामी से शुक्रवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) सुप्रीमो ममता बनर्जी से मुलाकात की। टीएमसी ने इस मुलाकात की तस्वीरें साझा की हैं।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Fri, 24 Mar 2023 10:18 PM (IST) Updated:Fri, 24 Mar 2023 10:18 PM (IST)
अखिलेश, नवीन पटनायक के बाद कुमारस्वामी से मिलीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, मिशन 2024 की रणनीति पर हुई चर्चा
कोलकाता में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मिले कुमारस्वामी, 2024 की रणनीति पर हुई चर्चा

कोलकाता, राज्य ब्यूरो। 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के खिलाफ क्षेत्रीय दलों को एकजुट करने की कवायद तेज है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव व ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मिलने के बाद अब बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को जनता दल (सेक्युलर) के नेता व कर्नाटक के पूर्व सीएम एचडी कुमारस्वामी से शुक्रवार को कोलकाता के कालीघाट में अपने आवास पर मुलाकात कीं।

ममता से मिलने के लिए कुमारस्वामी दोपहर में कोलकाता पहुंचे और शाम करीब 4.50 बजे उनके आवास पर पहुंचे। दोनों के बीच लगभग आधे घंटे बैठक चली। बैठक के बाद हालांकि, दोनों नेताओं ने मीडिया से कोई बात नहीं की।

तृणमूल कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं ने देश में मौजूदा राजनीतिक हालात और 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ लड़ाई एवं उसे हराने के तरीकों पर चर्चा की। कर्नाटक में कुछ माह बाद होने वाले चुनाव पर भी चर्चा हुई, जहां भाजपा सत्ता में है। साथ ही दोनों नेताओं ने देश के संघीय ढांचे को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

TMC ने साझा की तस्वीर

तृणमूल ने मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए ट्वीट किया, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल (एस) के नेता कुमारस्वामी ने कालीघाट में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। तृणमूल नेताओं के अनुसार, गैर-भाजपा और गैर-कांग्रेसी नेताओं के साथ बैठक क्षेत्रीय शक्तियों के साथ विपक्षी एकता को मजबूत करने के पार्टी के प्रयासों का हिस्सा है।

'राहुल को अयोग्य ठहराए जाना भाजपा का राजनीतिक प्रतिशोध'

मुलाकात के बाद कोलकाता हवाई अड्डा पहुंचने पर कुमारस्वामी ने लोकसभा सदस्य के रूप में राहुल गांधी को अयोग्य ठहराए जाने को भाजपा का राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया। मीडिया के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसमें कोई आश्चर्य नहीं है, क्योंकि हर कोई जानता है कि केंद्र सरकार कैसा व्यवहार कर रही है।

बताते चलें कि कुमारस्वामी ने 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले जनवरी में कोलकाता में ममता बनर्जी द्वारा बुलाई गई विपक्षी दलों की बड़ी रैली में हिस्सा लिया था। राहुल गांधी को 2019 के आपराधिक मानहानि के मामले में सूरत की एक अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने के एक दिन बाद शुक्रवार को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित कर दिया गया।

एक सप्ताह के भीतर ममता की क्षेत्रीय दलों के तीसरे प्रमुख नेता से मुलाकात

गौरतलब है कि बीते एक सप्ताह के अंदर कुमारस्वामी को लेकर ममता की यह क्षेत्रीय दलों के तीसरे प्रमुख नेता से मुलाकात है। एक दिन पहले ममता ने भुवनेश्वर में ओडिशा के मुख्यमंत्री व बीजू जनता दल (BJD) प्रमुख नवीन पटनायक से मुलाकात की थीं। उससे पहले सपा प्रमुख अखिलेश ने मिली थीं।

ममता बनर्जी ने हाल ही में कहा था कि वह भाजपा व कांग्रेस से समान दूरी बनाकर चलेगी और 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए क्षेत्रीय दलों को एकजुट करने की कोशिश करेंगी। इसे भाजपा के खिलाफ संभावित तीसरे मोर्चे के गठन की कवायद के तौर पर भी देखा जा रहा है।

chat bot
आपका साथी