नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर विपक्षी दलों ने तीसरा मोर्चा बनाने की कवायद शुरू कर दी है। बता दें कि समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कोलकाता में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी से मुलाकात की।
अखिलेश यादव की ममता बनर्जी के साथ हुई मुलाकात को तीसरे मोर्चे की सुगबुगाहट के तौर पर देखा जा रहा है। दोनों नेताओं की मुलाकात की कई तस्वीरें भी सामने आई हैं। जिसमें तृणमूल सुप्रीमो और सपा प्रमुख एक-दूसरे का सम्मान करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
इस मुलाकात के क्या हैं मायने?
हाल ही में ममता बनर्जी की पार्टी ने कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी मार्च से दूरियां बनाई थी और अब अखिलेश यादव का बयान भी यह दर्शा रहा है कि सपा ने कांग्रेस से दूरी बनाने का मन बना लिया है। दरअसल, अखिलेश यादव ने कोलकाता में कहा कि उनकी पार्टी कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (BJP) दोनों से बराबर दूरी बनाकर रखेगी।
दीदी के साथ दृढ़ता से खड़ी रहेगी सपा
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को हराने के लिए समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी के साथ दृढ़ता से खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि बंगाल में हम ममता दीदी के साथ हैं। इस समय हमारा रुख है कि हम भाजपा और कांग्रेस दोनों से समान दूरी रखना चाहते हैं।
इससे पहले कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख ने 2021 में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए ममता बनर्जी की सराहना की।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमारे संविधान को बचाने के लिए कोई भी बलिदान देने को तैयार है। अगर हम उत्तर प्रदेश में भाजपा को हरा सके, तो भाजपा को पूरे देश में हराया जा सकता है। उन्होंने भाजपा नीत केंद्र सरकार पर देश की संपत्तियों को विदेशी शक्तियों और निजी क्षेत्र को बेचने का आरोप भी लगाया।
माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जी के आवास पर की शिष्टाचार भेंट। pic.twitter.com/i0cv6GqOTZ
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) March 17, 2023
कांग्रेस से अलग है TMC की राह
संसद में बजट सत्र के दूसरे चरण में कांग्रेस समेत समस्त विपक्ष अदाणी मुद्दे को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है। साथ ही विपक्ष लगातार जेपीसी जांच की मांग कर रहा है, लेकिन तृणमूल कांग्रेस ने इस मामले में पहले ही अलग राह चुन ली थी।
अखिलेश के साथ चाचा शिवपाल भी रहे मौजूद
अखिलेश यादव ने शुक्रवार की शाम ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर उनसे मुलाकात की। इस दौरान अखिलेश के साथ सपा के उपाध्यक्ष किरणमय नंदा एवं वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव भी थे।
तृणमूल कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, इस दौरान दोनों नेताओं में 2024 के लोकसभा चुनाव की रणनीति समेत देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।
दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक
सपा की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शनिवार से कोलकाता के एक पांच सितारा होटल में आयोजित होगी। जिसमें उत्तर प्रदेश समेत देशभर से समाजवादी पार्टी के नेता सम्मिलित होंगे।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि इस बैठक में साल के अंत में होने वाले तीन हिंदी भाषी राज्यों- राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों और 2024 के लोकसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा होगी।